महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में रविवार को हैंडबाल प्रतियोगिता के दौरान महिला खिलाड़ी पर फब्तियां कसने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। अराजक तत्वों ने कुर्सियां भी तोड़ डालीं। मारपीट और हंगामा देखकर महिला खिलाड़ियों में भगदड़ मच गई। मैदान में मौजूद लोगों ने खिलाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
आयोजन समिति के सदस्यों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आचार्य नरेंद्र देव हॉस्टल की तलाशी ली और चार छात्रों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही परिसर में पुलिस तैनात कर दी गई है। वहीं, छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने हॉस्टल में घुसकर तोड़फोड़ की।
पुलिस के अनुसार, महात्मा काशी विद्यापीठ में रविवार को जौनपुर और कोलकाता विश्वविद्यालय की महिला टीम के बीच हैंडबाल का मुकाबला चल रहा था। मैदान पर मौजूद कुछ अराजक तत्वों ने महिला खिलाड़ी पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। खिलाड़ी के भाई ने विरोध किया तो अराजक तत्वों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद विवाद बढ़ गया। महिला खिलाड़ी से भी बुरा बर्ताव करने की बात सामने आई है।
हंगामे के कारण मैच को रोकना पड़ा और 40 मिनट तक खेल प्रभावित रहा। मौके पर जब तक पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम पहुंची, तब तक उपद्रवी फरार हो चुके थे। प्रशांत कुमार की तहरीर पर अनुज राय समेत 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस ने शांतिभंग में सौरभ सिंह, राजेश कुमार, अमरनाथ और अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
उपद्रवी किए जा रहे चिह्नित
मारपीट के बाद उपद्रवी छात्र मौके से फ रार हो गए तो पुलिस ने आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास घेर लिया। फोर्स अंदर घुसी और एक-एक कमरे की तलाशी लेकर आरोपित छात्रों को चिह्नित करना शुरू किया। इस दौरान पुलिस और छात्रों में कहासुनी भी हुई। पुलिस के अनुसार, उपद्रवी छात्र चिह्नित किए जा रहे हैं। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।