Sports: पावरलिफ्टिंग...BHU के दिव्यांशु आनंद ने 37 दिन में दो राष्ट्रीय पदक जीते, पढ़ें खेल की खबरें
Varanasi News: वाराणसी में विभिन्न खेलों के आयोजन हो रहे हैं। बीएचयू में नेशनल क्लासिक इक्विप्ड बेंच प्रेस स्पर्धा में भी खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। जीते हुए प्रतिभागियों को सम्मानित किया जा रहा है।
विस्तार
Sports News in Hindi: काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि विज्ञान संस्थान के छात्र दिव्यांशु आनंद ने 34वीं नेशनल क्लासिक इक्विप्ड बेंच प्रेस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। एमएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के छात्र दिव्यांशु ने 37 दिनों में दो राष्ट्रीय पदक हासिल कर अपने दमखम का लोहा मनवाया है। नौ दिसंबर को कोलकाता में आयोजित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्होंने हरियाणा में आयोजित प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके पदकों की संख्या 11 हो गई है।
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद, बीएचयू के सहायक निदेशक एवं कोच डॉ. प्रमोद यादव ने बताया कि 34वीं नेशनल क्लासिक इक्विप्ड बेंच प्रेस चैंपियनशिप 7 से 11 जनवरी तक हरियाणा के फरीदाबाद में खेली गई। दिव्यांशु बीएचयू के ब्रोचा मैदान स्थित शिवाजी हॉल में प्रतिदिन अभ्यास करते हैं। कोच प्रमोद कुमार यादव की देखरेख में वे पावरलिफ्टिंग प्रशिक्षण सत्र में हिस्सा लेते हैं। कोच प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि पावरलिफ्टिंग स्ट्रेंथ का खेल है, जिसमें तकनीक के साथ-साथ डाइट का विशेष महत्व होता है। दिव्यांशु प्रतिदिन दो सत्रों में चार घंटे जिम और मैदान पर अभ्यास करते हैं।
बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के छात्र दिव्यांशु आनंद ने 13वीं राष्ट्रीय जूनियर पुरुष क्लासिकल पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में तीन पदक जीते थे। पावरलिफ्टिंग इंडिया की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में स्क्वाट में रजत, बेंच प्रेस में स्वर्ण और ओवरऑल क्लासिक पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
खेल ने निखारा व्यक्तित्व हर जगह मिल रही पहचान
खेलों के जरिये सिंहपुर गांव की बालिकाएं अपना मुकद्दर तय कर रही हैं। गांव के एक छोटे से मैदान से निकलकर बालिका वर्ग की खिलाड़ी देश के अलग-अलग राज्यों में शिक्षा हासिल करने के साथ रोजगार हासिल कर परिवार को आर्थिक तंगहाली से निकालने का काम कर रही हैं।
गांव की बालिकाएं जहां चूल्हा-चौका तक सिमट कर रह जाती हैं, वहीं सारनाथ गांव के साथ आसपास की बेटियां घर की सीमा को छोड़कर गांव, शहर, राज्य और देश तक अपनी पहचान बना रही हैं। सिंहपुर गांव के बिहारी राम पाल ने 2013 में बालिका वर्ग के खिलाड़ियों को कबड्डी का प्रशिक्षण देना शुरू किया। शुरुआत में उन्हें रूढ़िवादी सोच के चलते मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दो साल तक बिहारी राम पाल सिर्फ पांच खिलाड़ियों को खेल मैदान पर प्रशिक्षण देते रहे।
निवेदिता में जुटेंगे जिले के 450 कुश्ती खिलाड़ी, 25 जनवरी से होगी प्रतियोगिता
महमूरगंज निवेदिता शिक्षण सदन में स्थित साई कुश्ती सेंटर में जिलास्तरीय कुश्ती का आयोजन किया गया है। इसमें जिले के करीब साढ़े चार सौ महिला और पुरुष कुश्ती खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता कुश्ती के पितामह गुप्तेश्वर मिश्र की स्मृति में 25 जनवरी को खेली जाएगी।
इस प्रतियोगिता में वाराणसी के साढ़े चार सौ खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसमें 300 पुरुष, 100 महिला खिलाड़ी और 50 मैच ऑफिशियल शामिल होंगे। आयोजन सचिव व जिला कुश्ती संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने बताया कि अविभाजित भारत के दौरान उनके कुश्ती के दाव विरोधियों को पलक झपकते चित कर देते थे। भारत के विभाजन से पूर्व दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में उन्होंने लाहौर के खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक जीता था।
मूल रूप से बलिया के शिवपुर दियर निवासी गुप्तेश्वर मिश्र बीएचयू के शिवाजी हॉल के पहले प्रभारी इंचार्ज थे। वे 15 वर्ष तक यूपी कुश्ती संघ के जनरल सेक्रेटरी और भारतीय रेसलिंग फेडरेशन के कार्यकारी सदस्य भी रहे। उन्होंने रोम और पेरिस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका निभाई। यूपी कुश्ती संघ के सचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने सैकड़ों खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया। 1967 में उनके शिष्य, बुलंदशहर के पहलवान विश्वंभर पहलवान ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीता।
दंगल में हिस्सा लेंगे 80 से ज्यादा पहलवान
चौबेपुर क्षेत्र के परानापुर गांव में बलदेव नगर अखाड़े पर आयोजित दंगल में पूर्वांचल समेत देश के अलग-अलग राज्यों के 80 से अधिक पहलवान दमखम दिखाएंगे। दंगल प्रतियोगिता 17 जनवरी को दोपहर दो बजे से खेली जाएगी। इस दंगल प्रतियोगिता में जिले के नामी-गिरामी पहलवान शामिल होंगे। उक्त जानकारी आयोजक सचिव संतराम यादव ने दी है।
पहले दिन छह खिलाड़ियों ने जीती कुश्ती
प्रादेशिक कुश्ती प्रतियोगिता बलिया में खेली जा रही है। प्रतियोगिता के पहले दिन वाराणसी के छह खिलाड़ियों ने अपने अपने मुकाबले जीत दूसरे चक्र में प्रवेश कर लिया। कुश्ती कोच गोरख यादव ने बताया कि पहले दिन खेले गए 57 किलो भारवर्ग में बलराम, 61 किलो में आशुतोष पाल, 65 किलो में अखिलेश यादव, 70 किलो में आकाश यादव और 74 किलो में मुलायम यादव ने अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को हराकर दूसरे चक्र में प्रवेश कर लिया। ग्रीको रोमन के 55 किलो में अवधेश यादव लीग में जीत हासिल किया। इससे पूर्व खिलाड़ियों ने वजन कराया इसके बाद कुश्ती के मुकाबले शुरू हुए।
खेलो इंडिया ट्राइबल के लिए नहीं मिले महिला हॉकी, तैराकी और भारोत्तोलन खिलाड़ी
भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल खेल छत्तीसगढ़ में खेली जाएगी। इसके लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल खेल विभाग की ओर से सिगरा और लालपुर स्टेडियम में 13 जनवरी को हुआ, लेकिन महिला हॉकी, तैराकी (महिला-पुरुष) और भारोत्तोलन (महिला-पुरुष) वर्ग के लिए एक भी खिलाड़ी चयनित नहीं हुआ।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि वाराणसी में महिला और पुरुष वर्ग के चार खेलों का ट्रायल दो स्टेडियमों में हुआ। इसमें फुटबॉल (महिला-पुरुष) और हॉकी (पुरुष) वर्ग के खिलाड़ी शामिल हुए। उनका चयन टीम में कर लिया गया है। चयनित खिलाड़ियों की सूची तैयार कर निदेशालय भेज दी जाएगी। इसमें चयनित खिलाड़ी प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में उत्तर प्रदेश की टीम से खेलेंगे। फुटबॉल पुरुष टीम में ओम गोड, अर्जुन कुमार, विवेक, अंकित कुमार, निलियम बैक, पीयूष पनिका, रवि कुमार और राजन गौड शामिल हैं।
महेंद्र ने अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर टीम को दिलाई जीत
केंद्रीय कारागार में चल रही जेल प्रीमियर लीग (जेपीएल-2026) में शुक्रवार को जेल सुपर किंग व डिसिप्लिन डेयर डेविल्स के बीच मैच खेला गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाराणसी जेल सुपर किंग के महेंद्र ने अंतिम ओवर की पांचवी गेंद पर एक रन लेकर टीम को सात विकेट से जीत दिलाई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वाराणसी डिसिप्लिन डेयर डेविल्स के खिलाड़ियों ने निर्धारित 12 ओवरों में नौ विकेट खोकर 140 रनों का स्कोर बनाया। डिसिप्लिन डेयर डेविल्स की तरफ से जेल वार्डर प्रेमचंद्र मौर्या ने अधिकतम 15 गेंदों पर 48 रन बनाए, जबकि जेल वार्डर पंकज प्रसाद ने नौ गेंदों में 22 रन का योगदान दिया।
वाराणसी जेल सुपर किंग के सलामी बल्लेबाज नीरज तिवारी ने पहले ही ओवर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए जेल वार्डर धनंजय सिंह के एक ओवर में 5 छक्के लगाकर टीम के इरादे जाहिर कर दिए। हालांकि, वे अगले ही ओवर में जेल वार्डर धर्मेंद्र यादव की पहली गेंद पर विकेटकीपर राकेश यादव द्वारा कैच आउट हो गए।
नीरज तिवारी के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए महेंद्र कुमार ने 32 गेंदों पर आठ छक्कों की मदद से 57 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच चुने गए। गेंदबाजी में आलोक और धर्मेंद्र यादव ने 3-3 विकेट झटके। शनिवार को काशी नाइट राइडर्स और फ्रीडम फाइटर रायल्स के बीच मैच खेला जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह वाल्दिया, राजा बाबू, अयोध्या प्रसाद आदि मौजूद रहे।
राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में खेलेंगे काशी के 2 खिलाड़ी
69वीं राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए यूपी की सब जूनियर बालक वर्ग की टीम घोषित कर दी गई है। यूपी टीम में वाराणसी के दो खिलाड़ियों को जगह मिली है। सब जूनियर वर्ग की माध्यमिक स्कूली हैंडबॉल प्रतियोगिता गुजरात में खेली जाएगी। जिला हैंडबॉल संघ के सचिव शम्स तबरेज शंपू ने बताया कि बालक वर्ग में छह, जबकि बालिका वर्ग में 11 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दमखम दिखाया है।
उन्होंने बताया कि 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय हैंडबॉल चैंपियनशिप के अंडर-19 बालक वर्ग की प्रतियोगिता गुजरात राज्य के सोमनाथ में 27 से 31 जनवरी तक खेली जाएगी। इस चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम में वाराणसी के दो खिलाड़ियों को जगह मिली है। दोनों खिलाड़ी, विकास इंटर कॉलेज के छात्र नागेश्वर सिंह और आयुष कुमार, प्रतियोगिता की तैयारी में जुट गए हैं।