फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Sports News Update of Sigra beat UP College 2-1, Young Heroes beat UPSC 4-0 in varanasi

Sports News: सिगरा ने यूपी कॉलेज को 2-1 से, यंग हीरोज ने यूपीएससी को 4-0 से हराया, पढ़ें- खेल से जुड़ी खबरें

Tue, 05 Aug 2025 01:04 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Tue, 05 Aug 2025 01:04 PM IST
सार

Varanasi News: मोहम्मद रजाउद्दीन मेमोरियल जिला फुटबॉल लीग में दोनों टीमों ने शुरुआत से ही बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस मुकाबले में सिगरा एफसी ने यूपी कॉलेज को 2-1 के स्कोर से हरा दिया। 

विज्ञापन
Sports News Update of Sigra beat UP College 2-1, Young Heroes beat UPSC 4-0 in varanasi
प्रतियोगिता में प्रदर्शन करते खिलाड़ी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बीएचयू के एंफीथियेटर ग्राउंड पर खेली जा रही मोहम्मद रजाउद्दीन मेमोरियल जिला फुटबॉल लीग में सोमवार को दो मुकाबले खेले गए। पहला मैच यूपी कॉलेज और सिगरा एफसी के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस मुकाबले में सिगरा एफसी ने यूपी कॉलेज को 2-1 के स्कोर से हरा दिया। इस मुकाबले में खेल के 12वें मिनट में सिगरा एफसी के अजय चौहान ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले हाफ इसी स्कोर पर छूटा। 

विज्ञापन


दूसरे हाफ में यूपी कॉलेज के पर्व कुमार ने खेल के 47वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। हालांकि, खेल के 55वें मिनट में सिगरा एफसी के सनी ने गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई। अंतिम सीटी बजने तक यही स्कोर रहा। इसके साथ ही सिगरा एफसी ने यह मुकाबला जीत लिया। दूसरा मैच पिछले साल की विजेता यंग हीरोज और यूपीएससी के बीच खेला गया। 
विज्ञापन


यंग हीरोज ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। खेल के 15वें मिनट में राधे रमन ने गोल कर यंग हीरोज को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 32वें मिनट में तारिक ने एक और गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। पहले हाफ तक यंग हीरोज 2-0 से आगे थी। दूसरे हाफ में भी यंग हीरोज का दबदबा जारी रहा। खेल के 39वें मिनट में राधे रमन ने अपना दूसरा और टीम के लिए तीसरा गोल किया। अंत में, 53वें मिनट में अमित यादव ने गोल कर स्कोर 4-0 पर पहुंचा दिया। खेल की अंतिम सीटी बजने तक यही स्कोर रहा। इसके साथ ही यंग हीरोज ने यह मुकाबला 4-0 से जीत लिया।  

विज्ञापन
विज्ञापन

चांदनी ने दागे 5 गोल, वाराणसी ने बस्ती को 13-0 से हराया, क्वार्टर फाइनल में पहुंची

डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा में हो रही प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के चौथे दिन सात मुकाबले हुए। खेल निदेशालय और उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। दिन के अंतिम मुकाबले में वाराणसी मंडल की टीम ने बस्ती को 13-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसमें अकेले चांदनी ने हैट्रिक सहित पांच गोल किए। दिन का सातवां और अंतिम मुकाबला वाराणसी और बस्ती के बीच खेला गया। वाराणसी की ओर से चांदनी ने हैट्रिक सहित 5 गोल दागे, जबकि शालिनी और प्रतिमा ने भी 3-3 गोल किए। कोमल और पार्वती ने भी 1-1 गोल का योगदान दिया। इसके साथ ही वाराणसी की टीम ने यह मुकाबला 13-0 से जीत लिया। मैच के दौरान बस्ती की रक्षापंक्ति और गोलकीपर कई गोल रोकने में कामयाब भी रहे। 

इसे भी पढ़ें; Famous Shiva Temple: यूपी के इस शिव मंदिर में यमराज भी हुए थे पराजित, बेलपत्र चढ़ाने से पूरी होती है मुराद

खेल छात्रावास में यूपी कॉलेज के दो खिलाड़ी चयनित
उदय प्रताप इंटर कॉलेज के दो खिलाड़ियों का चयन खेल छात्रावास के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी यूपी कॉलेज के खेलो इंडिया सेंटर में हॉकी का अभ्यास करते थे। इसमें श्रेयांश सिंह का चयन झांसी छात्रावास में जबकि सक्षम सिंह का चयन लखनऊ के खेल छात्रावास में हुआ है। खिलाड़ियों के चयन पर यूपी इंटर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश सिंह, कोच शशिकांत सिंह और सतीश नारायण सिंह ने बधाई दी है। 

महिला ताइक्वांडो टीम के कोच बने उमेश
खेलो इंडिया के तहत बालिका वर्ग की अस्मिता ताइक्वांडो लीग कानपुर के ग्रीन पार्क में खेली जाएगी। इसके लिए जिले की 20 सदस्यीय टीम घोषित कर दी गई है। यह प्रतियोगिता 6 से 8 अगस्त खेली जाएगी। टीम के कोच की जिम्मेदारी उमेश केशरी को दी गई है। चयनित टीम के खिलाड़ी पांच अगस्त को कानपुर रवाना होंगे। इस मौके पर वाराणसी ताइक्वांडो के अध्यक्ष अमित पांडेय, कन्वीनर अरशद रजा, अमन वर्मा, अंकित जेटली, धनंजय, मौजूद रहे। 

खिलाड़ियों ने डीआरएम का किया स्वागत
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के क्रीड़ा अधिकारी और खिलाड़ियों ने नवागत डीआरएम आशीष जैन का स्वागत किया। मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेंद्र पाल ने डीआरएम को बुके देकर स्वागत किया। साथ ही मंडल में खेल गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर उप क्रीड़ा सचिव सतीश नारायण सिंह, अतुलदीप, सुशील राय, सौरभ सिंह, आनंद राय, बृजेंद्र सिंह मौजूद रहे। 

पूर्वी जोन सीबीएसई निशानेबाजी प्रतियोगिता की हुई शुरुआत
सनबीम एकेडमी के नॉलेज पार्क शाखा में सोमवार को पूर्वी जोन सीबीएसई क्लस्टर निशानेबाजी प्रतियोगिता शुरू हुई। उद्घाटन सीबीएसई ऑब्जर्वर मनीषा रानी ने किया। पांच दिवसीय प्रतियोगिता चार से आठ अगस्त तक खेली जाएगी। इसके विजेता सीबीएसई जोनल निशानेबाजी चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई करेंगे। 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर रायफल की स्पर्धा में छह लेन में नौ-नौ खिलाड़ियों ने निशानेबाजी की। मुख्य अतिथि सनबीम एकेडमी समूह के सचिव और यूपी निशानेबाजी एसोसिएशन के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट जगदीप मधोक ने मार्च पास्ट की सलामी ली। निदेशिका पूनम मधोक ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। सीईओ रोहन मधोक ने कहा कि यह आयोजन खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध करा रहा है। 

विवान और शिवांगी ने जीता स्वर्ण पदक
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से सिल्वर ग्रोव स्कूल में सोमवार को वीर योद्धा कराटे चैंपियनशिप का आयोजन हुआ। जूनियर वर्ग में विवान सिंह, लाइट वेट में अर्पित सिंह, हैवी वेट में रमन ने स्वर्ण पदक जीता जबकि छात्राओं में शिवांगी ने स्वर्ण पदक जीता। मुख्य अतिथि पूर्व प्रांत प्रमुख एबीवीपी विनय पांडेय ने खेल शुरू कराया। उन्होंने कहा कि खेल से छात्र का सर्वांगीण विकास होता है। विशिष्ट अतिथि जिला संयोजक राजमंगल सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर विजय राज यादव, दिलीप चौरसिया, हर्ष सिंह, हरि ओम सिंह, मौजूद रहे। 

बालक वर्ग में उजैफा और बालिका में अदिति ने जीते अपने मुकाबले
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ. खुर्शिद अहमद के नेतृत्व में सोमवार को खिलाड़ियों को लंबी कूद, ऊंची कूद और दौड़ का अभ्यास कराया गया। फाइनल में 400 मीटर दौड़ में उजैफा और बालिका वर्ग में अदिति ने जीत हासिल की। कोच डॉ. खुर्शिद ने बताया कि आगामी प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखकर खिलाड़ियों को दो सत्र में सुबह साढ़े छह से आठ बजे और शाम को तीन से छह बजे तक अभ्यास कराया जा रहा है। इसमें खिलाड़ियों की स्ट्रैंथनिंग के अलावा, पावर रन, फिनिश लाइन टच, जंप की अलग-अलग तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि दौड़ की जरूरत है हर खेल में पड़ती है। दौड़ की प्रतियोगिता में अजीत गोंड, सुरज पटेल, सर्वेश, नेहा पटेल ने स्थान हासिल किया।

सीबीएसई क्लस्टर तैराकी में काशी के 7 खिलाड़ियों ने जीते 19 पदक
सीबीएसई क्लस्टर ईस्ट जोन तैराकी प्रतियोगिता में वाराणसी के सात तैराकों ने 19 पदक जीते हैं। इसमें सिगरा की गायत्री ने तीन स्वर्ण और एक रजत सहित कुल चार पदक हासिल किए। यह प्रतियोगिता पटना के डीपीएस पूर्वी में खेली जा रही है। सिगरा स्टेडियम स्विमिंग कोच कनाई चंद तालापात्रा ने बताया कि अंडर-14 बालिका वर्ग में गायत्री ने 200 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा, 100 और 200 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण जबकि 400 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक जीता। इज्या सिंह ने 100, 200 और 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्वर्ण पदक जीता। 

बालक वर्ग में आरव यादव ने 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले, 100 मीटर बैकस्ट्रोक में कांस्य पदक और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में रजत पदक जीता। अंडर-17 में अंगद विश्वकर्मा ने 200, 400 और 200 मीटर की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जबकि 100 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक हासिल किया। गौरव सेन गुप्ता ने 800 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण और 400 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक, आदर्श शर्मा ने 800 मीटर फ्रीस्टाइल और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक, अनुकल्प जायसवाल ने 50 मीटर बटरफ्लाई में कांस्य पदक जीता।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed