Sports News: पुरुष वर्ग फुटबॉल का चैंपियन बना प्रयागराज जोन, बीएचयू केसरी में हिस्सा लेंगे 250 खिलाड़ी
Varanasi News: वाराणसी में खेल की कई खबरें रहीं। भुल्लनपुर पीएसी में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। वहीं, जिला रग्बी संघ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता बारिश के कारण टल गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
भुल्लनपुर के 34वीं वाहिनी पीएसी में 72वीं उत्तर प्रदेश पुलिस (पुरुष) वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता हुई। पुरुष वर्ग में वाराणसी जोन को हराकर प्रयागराज जोन विजेता बना।
विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। सर्वोत्तम फुटबॉलर प्रयागराज जोन से इमरान रहे। मुख्य अतिथि प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक पीएसी पूर्वी जोन डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में 13 जोन के 453 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
महिला वर्ग में गोरखपुर जोन विजेता बना। ‘नीट ऑफ मार्शल’ द्वारा टीमों के साथ मुख्य अतिथि का अभिवादन किया गया। इस मौके पर पंकज कुमार पांडेय, नरेश सिंह यादव, अजय प्रताप सिंह, ब्रजेश राय, बदन यादव, गोपालजी दूबे मौजूद रहे।
काशी फाइटर्स और बनारस रग्बी क्लब दोनों टीमें विजेता
जिला रग्बी संघ की ओर से आयोजित पहली जिला स्तरीय रग्बी प्रतियोगिता संपन्न हो गई। प्रतियोगिता का फाइनल काशी फाइटर्स और बनारस रग्बी क्लब के बीच होना था लेकिन बारिश की वजह से मैच नहीं हो सका।
निर्णायक मंडल ने प्रथम जिला महिला रग्बी प्रतियोगिता में दोनों टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित कर दिया। परमानंदपुर के बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में यह प्रतियोगिता 16 अगस्त से खेली जा रही थी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार सिंह ने दोनों टीमों की खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
सृष्टि पटेल को सर्वश्रेष्ठ विंगर और श्रेया पाल को सर्वश्रेष्ठ स्कोरर घोषित किया गया। प्रतियोगिता में आरुषि गुप्ता, दीक्षा यादव, छवि गुप्ता, खुशी पटेल, काजल यादव, प्रियांशी सिंह, सोनम राम और तान्या पटेल ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। निर्णायक की भूमिका में अवनीश पाल और विजय रहे। संचालन माधुरी वर्मा ने किया।
हैंडबॉल : 27 अगस्त से 10 जोन के खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
उत्तर प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग ने हैंडबॉल की जोन, जिला, मंडल और प्रादेशिक प्रतियोगिता की तारीख और स्थान घोषित कर दिया है। संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल राम शरण सिंह के अनुसार, 27 अगस्त को इसकी शुरुआत जोनल प्रतियोगिता से होगी। इसमें जनपद के 10 जोन की टीमें हिस्सा लेंगी।
प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग के मैच खेले जाएंगे। जिले के खिलाड़ियों ने शुक्रवार को अभ्यास मैच भी खेला। बताया कि 30 और 31 अगस्त को जनपदीय प्रतियोगिता खेली जाएगी। हर जोन की विजेता टीम हिस्सा लेगी। पांच से छह अगस्त तक मंडलीय प्रतियोगिता होगी।
वाराणसी के अलावा चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर की टीमें भाग लेंगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रादेशिक प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंडलीय प्रतियोगिता विकास इंटर कॉलेज में खेली जाएगी।
शिविर में जापानी कोच ने दी जूडो की ट्रेनिंग
भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण शिविर में जापान के जूड़ो विशेषज्ञ जेंकी शीगेहीशा ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया। कोच रुपेश कुमार ने बताया कि एकेडमी की ओर से दस दिवसीय शिविर में 150 खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। कोच लाल कुमार ने बताया कि जापानी जोडो कोच ने वाराणसी सेंटर की तारीफ की।
कहा कि वाराणसी भारत का सबसे अच्छा सेंटर है। खिलाड़ियों को हमले से बचाव और अटैक करने की ट्रेनिंग दी। शिविर में आकाश अभिषेक, कमलेश, सूरज मौर्य, खुशबू पटेल, नीतिका, अंशिका ने अभ्यास किया। इस मौके पर अखिलेश यादव, शिवानंद, दिनेश कालरा मौजूद रहे।
ताइक्वांडो शिविर में 84 खिलाड़ी लेंगे प्रशिक्षण
चेतगंज के एकेडमी में आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। कोच उमेश केसरी ने बताया कि शिविर 23 से 29 अगस्त तक लगेगा। रोज दो घंटे की ट्रेनिंग दी जाएगी। निशुल्क प्रशिक्षण शिविर के लिए 84 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। ट्रेनिंग सेंटर में अमन वर्मा, इशिका गुप्ता, नैना यादव, सुहानी पटेल, शशांक श्रीवास्तव, प्रकाश मिश्र प्रशिक्षण देंगे।
बीएचयू में 27 अगस्त से तैराकी प्रतियोगिता
राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय तैराकी प्रतियोगिता बीएचयू में होगी। बीएचयू परिसर स्थित स्वीमिंग पुल में 27 से 29 अगस्त तक आयोजित ये प्रतियोगिता होगी। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सचिव प्रो़ बीसी कापड़ी ने बताया कि अंडर-10 बालक-बालिका वर्ग में 50 मीटर फ्री स्टाइल और ब्रेस्ट स्ट्रोक, अंडर 11 और अंडर 14 बालक-बालिका में 50 मीटर फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक और ब्रेस्ट स्ट्रोक की प्रतियोगिता होगी।
अंडर-15 और 17 में चार वर्ग में प्रतियोगिता होगी। इसमें 50 और 100 मीटर फ्री स्टाइल, 50 मीटर ब्रेस्ट और बैक स्ट्रोक और 4 गुणा 50 मीटर फ्री स्टाइल की प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा 18 वर्ष से ऊपर महिला व पुरुष वर्ग में छह प्रतियोगिताएं होंगी। 45 वर्ष और इससे अधिक आयुवर्ग के बीएचयू कर्मियों और पंजीकृत तैराकों के बीच प्रतियोगिता होगी। खिलाड़ी 24 अगस्त तक पंजीकरण करा सकते हैं।
बीएचयू केसरी में हिस्सा लेंगे 250 खिलाड़ी
बीएचयू में पहली बार बीएचयू केसरी कुश्ती प्रतियोगिता होगी। इस प्रतियोगिता में बालक-बालिका वर्ग में केवल बीएचयू के 250 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 60 प्लस भारवर्ग की प्रतियोगिता होगी। आयोजन सचिव डॉ. हरिराम यादव ने बताया कि यह प्रतियोगिता खेल दिवस पर आयोजित की जाएगी।
29 अगस्त को प्रस्तावित प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में 40-50, 50-60 और 60 प्लस भारवर्ग में जबकि बालक वर्ग में 35-40, 40-55, 55-65, 65 किलो भारवर्ग से अधिक वर्ग में प्रतियोगिता होगी। खिलाड़ियों का वजन 28 अगस्त को शाम चार बजे बीएचयू के शिवाजी हाॅल में होगा। इसमें भाग लेने के लिए बालक-बालिका पहलवान को अपने आधार कार्ड के साथ आना होगा।
बारिश की वजह से फुटबॉल लीग मैच स्थगित
मोहम्मद रजाउद्दीन मेमोरियल जिला फुटबॉल लीग चैंपियनशिप बारिश की वजह से तीन दिन के लिए दोबारा स्थगित कर दी गई। यह प्रतियोगिता 22 अगस्त को बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान पर यंग हीरोज क्लब और बीएलडब्ल्यू प्रमोशन के बीच खेली जानी थी लेकिन बारिश की वजह से दो बार स्थगित करनी पड़ी। यूपी फुटबॉल संघ के महासचिव मो. शाहिद के मुताबिक यह प्रतियोगिता अब नई तिथियों पर कराई जाएगी। संवाद
यदुनाथ इंटर कॉलेज में होगी कबड्डी स्पर्धा
जनपदीय बालक बालिका कबड्डी प्रतियोगिता 27 और 28 अगस्त को चोलापुर स्थित आदर्श राष्ट्रीय इंटर कॉलेज की ओर से संत यदुनाथ इंटर कॉलेज तेवर में खेली जाएगी। ये जानकारी जिला क्रीड़ा सचिव विनोद सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में वाराणसी के 10 जोन के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। विद्यालयों में खेल को बढ़ावा देने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से खेल प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं।