Sports: भाई-बहन की जोड़ी ने निशानेबाजी में जीता पदक, CBSE क्लस्टर के रहे हैं विजेता; दिल्ली में चैंपियनशिप
Varanasi News: दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 49वीं उत्तर प्रदेश राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में सीबीएसई क्लस्टर के पदक विजेता भाई-बहन की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। 25 मीटर फायर पिस्टल स्पर्धा में सुशांत ने स्वर्ण पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है।
विस्तार
49वीं उत्तर प्रदेश राज्य राइफल/पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप दिल्ली के करणी सिंह स्टेडियम में खेली गई। इसमें सुशांत और अदिति की भाई-बहन की जोड़ी समेत कुल सात खिलाड़ियों ने पदक जीत कर प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर लिया। चैंपियनशिप में सुशांत राय ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल (एनआर) पुरुष टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, 10 मीटर एयर पिस्टल सीनियर (आईएसएसएफ) टीम स्पर्धा में अदिति राय ने अरुणिमा के साथ कांस्य पदक जीता।
निशानेबाजी कोच सत्यम सिंह ने बताया कि इसमें भोजूबीर स्थित पूर्वांचल शूटिंग एकेडमी और राइफल शूटिंग क्लब के तीन-तीन और सनबीम एकेडमी की एक खिलाड़ी पदक विजेता रही। साथ ही अकादमी के 15 से ज्यादा खिलाड़ियों ने प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया।
प्रतियोगिता में आर्यन राय ने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल फायर (एनआर) जूनियर टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यूपी निशानेबाजी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीप मधोक ने बताया कि यह प्रतियोगिता दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज पर 21 से 30 जून तक खेली गई। आर्यन राय 2024 से 10 और 25 मीटर पिस्टल की शूटिंग करते हैं।
पंचक्रोशी, पांडेयपुर निवासी सुशांत तीन साल से सीबीएसई क्लस्टर में लगातार तीन साल से पदक जीत रहे हैं जबकि अदिति ने पिछले साल क्लस्टर में रजत पदक जीता था। शिवपुर निवासी अरुणिमा राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं। सनबीम स्कूल भगवानपुर की छात्रा प्रांजना सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण, जूनियर वर्ग में कांस्य पदक और सीनियर वर्ग में रजत समेत कुल तीन पदक जीत चुकी हैं।
राइफल क्लब के तीन खिलाड़ियों ने जीते पदक
इस प्रतियोगिता में कैंटोनमेंट स्थित राइफल क्लब शूटिंग रेंज के तीन खिलाड़ियों ने दिल्ली में पदक जीते हैं। 50 मीटर राइफल प्रोन इवेंट में शशांक त्रिपाठी ने एकल वर्ग में स्वर्ण और सूर्यदीप सिंह ने कांस्य पदक जीता। टीम इवेंट में शशांक त्रिपाठी, सूर्यदीप सिंह और आकाशदीप सिंह की तिकड़ी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। डबल ट्रैप में शशांक त्रिपाठी ने कांस्य पदक जीता।