फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Varanasi Police alert regarding Friday prayers corporation formed QRT Maha Kumbh

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : जुमे की नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट, महाकुंभ के लिए निगम ने गठित की QRT

Sat, 21 Dec 2024 04:38 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 21 Dec 2024 04:38 AM IST
सार

Varanasi News : काशी में जुमे की नमाज को लेकर शुक्रवार को जिला प्रशासन अलर्ट मोड में रहेगा। विवादित स्थलों पर पुलिस की टुकड़ियां तैनात रहेंगी। वहीं, महाकुंभ की तैयारियों के मद्देनजर नगर निगम क्यूआरटी का गठन किया है। टीम को किराये पर गाड़ियों के साथ सीवर समस्या के समाधान की जिम्मेदारी दी गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Special news of Varanasi Police alert regarding Friday prayers corporation formed QRT Maha Kumbh
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जुमे की नमाज को लेकर शुक्रवार को कमिश्नरेट की पुलिस अलर्ट पर रही। ज्ञानवापी स्थित सभी प्रमुख मस्जिदों में निगरानी और सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे। यूपी कॉलेज परिसर स्थित मस्जिद और मजार को भी लेकर पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरतती नजर आई। परीक्षाओं का हवाला देकर कॉलेज परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने दिया। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों के आईकार्ड चेक करने के बाद ही उन्हें कॉलेज परिसर में प्रवेश करने दिया गया।

विज्ञापन


अंडा खाने को लेकर हुआ विवाद, दुकान में तोड़फोड़
जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी बाजार में शुक्रवार को स्कार्पियो सवार मनबढ़ों ने अंडा खाने के विवाद में एक दुकान में तोड़फोड़ की। पुलिस पहुंची तो सभी भाग निकले थे। चौखंडी गांव निवासी बबलू पाल और उनके भाई छेदी पाल की बाजार में अंडा और चाय-पान की दुकान है। बबलू ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम बरेमा गांव निवासी धवल सिंह अंडा खाने के लिए दुकान पर आया।
विज्ञापन


अंडा जल्दी देने को लेकर वह विवाद करने लगा। हालांकि उस समय वह वहां से चला गया। शुक्रवार देर शाम स्कार्पियो सवार मनबढ़ों ने उसकी दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और धमकाते हुए भाग गए। इस संबंध में जंसा थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि अतुल सिंह को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो सीज कर दी गई है। धवल सिंह और उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

मारपीट और धमकाने के मामले में केस
संपत्ति विवाद, मारपीट और धमकाने का आरोप लगाकर दो पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है। बिल्डिंग डेवलपर चंदीपट्टी बड़ागांव निवासी अवधेश कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि उन्होंने खजुरी पांडेयपुर में एक बिल्डिंग बनाई थी। एक दुकान बृजेश कुमार पांडेय को बेची। बृजेश ने अपनी कंपनी का बोर्ड लगाया। विवेक कुमार दूबे, अमित दूबे और एक अन्य व्यक्ति ने उसे उखाड़ दिया। 

अवधेश ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें धमकी दी और 50 लाख की मांग की। पहले ही 32 लाख रुपये दिए जा चुके हैं, लेकिन आरोपी उनकी संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं। कोर्ट में सुनवाई चल रही है। उधर, खजुरी पांडेयपुर निवासी विवेक कुमार दूबे ने आरोप लगाया कि 19 दिसंबर को बृजेश पांडेय, अवधेश पांडेय, जानकी पांडेय, प्रशांत चौबे, मुन्ना और एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर के पहले तल पर पहुंचे। सभी ने मकान खाली कराने की कोशिश की। विरोध किया तो मारपीट की। घटना के दौरान पुलिस को बुलाया गया, लेकिन आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग गए। 

दहेज उत्पीड़न और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
पत्नी के दहेज उत्पीड़न और उसकी नाबालिग छोटी बहन का अपहरण कर दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को कैंट थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ठकुरापुरा, खजुरी पांडेयपुर क्षेत्र निवासी आरोपी के खिलाफ पत्नी ने चार दिसंबर को मुकदमा दर्ज कराया था। महिला के अनुसार, पति दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करता था। उसकी छोटी बहन का अपहरण कर उसके पति ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। 

गणपति अपार्टमेंट के मंदिर में चोरी
मंडुवाहीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर में गणपति अपार्टमेंट के मंदिर से दानपेटी, कृष्णजी की मूर्ति समेत पूजा के अन्य सामान चोर चुरा ले गया। अपार्टमेंट में रहने वाले अरुण तिवारी ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार सीसी कैमरे खंगालने पर एक व्यक्ति दिखाई दिया है जो दीवार फांदकर अपार्टमेंट में घुसा था। आरोपी को जल्द चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा। 

चीन के मंझे से गाल कटा
मकर संक्रांति के नजदीक आते ही पतंगबाजी में तेजी आ गई है। सख्ती के बावजूद प्रतिबंधित और जानलेवा चीन के मंझे की बिक्री की जा रही है। रामनगर थाने के पास के महेश कन्नौजिया शुक्रवार शाम स्कूटी से घर जा रहे थे। नगर निगम के जोनल कार्यालय के पास मंझे की चपेट में आने से उनका गाल कट गया। आसपास के लोगों ने उन्हें रामनगर के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी।

एयरपोर्ट विस्तारीकरण के दौरान वैकल्पिक मार्ग को लेकर ग्रामीणों ने किया विरोध
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तारीकरण कार्य के दौरान रास्ता रोकने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध किया। विस्तारीकरण कार्य के दौरान जेसीबी से बाबतपुर मंगारी मार्ग की खोदाई होने लगी। इसके चलते बैकुंठपुर, दयालीपुर, सुजानीपुर सहित तकरीबन 12 गांवों के ग्रामीण वहां पहुंच गए। सभी वहां वैकल्पिक रास्ते की मांग कर विरोध करने लगे। यह मार्ग बाबतपुर रेलवे स्टेशन की तरफ भी जाता है। 

ग्रामीणों ने कहा कि वैकल्पिक रास्ते का प्रबंध करने के बाद ही प्रमुख मार्ग को बाधित करें। मौके पर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम के समझाने पर भी ग्रामीण नहीं माने। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनका रास्ता नहीं रोका जाएगा। विस्तारीकरण वैकल्पिक रास्ते के बाद ही होगा। बता दें कि अहलूवालिया कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से यहां निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए आसपास के गांवों की जमीनों का अधिग्रहण किया गया है। 

शहर ग्रीन जोन, अर्दली बाजार यलो जोन में
लगातार 48 घंटे तक यलो जोन में रहने के बाद शुक्रवार को वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ। शहर की हवा तो ग्रीन जोन में पहुंच गई, लेकिन अर्दली बाजार का इलाका ऑरेंज जोन से यलो जोन में बना हुआ है। अर्दली बाजार का एयर क्वालिटी इंडेक्स 194 पहुंच गया। शहर का एक्यूआई 98, भेलूपुपर को 80, बीएचयू का 57 और मलदहिया का एक्यूआई 63 रहा। वहीं अधिकतम तापमान 25.5 और न्यूनतम 9.5 रहा।

पेड़ के विवाद को लेकर मारपीट, केस दर्ज
रोहनिया के कुरहुआ निवासी शिवम श्रीवास्तव की तहरीर पर रोहनिया थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिवम ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की शाम पेड़ के विवाद को लेकर उनके बड़े पिता लालजी और तीन अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट और गालीगलौज की। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

कैमरे की निगरानी में कल 49 केंद्रों पर होगी पीसीएस परीक्षा
उत्तर प्रदेश संघ लोक सेवा आयोग की ओर से पीसीएस प्री (सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा(प्रा.)) परीक्षा रविवार को जिले में बने 49 केंद्रों पर कराई जाएगी। दो पाली (सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक और दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक) में होने वाली परीक्षा में 22656 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अब जबकि परीक्षा में केवल एक दिन का समय बचा है, ऐसे में परीक्षा केंद्रों पर छात्र संख्या के हिसाब से परीक्षा की तैयारियां शुक्रवार को चलती रही।

परीक्षा वाले दिन ही पेपर कोषागार के डबल लॉक से केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से केंद्र प्रभारी को सौंपा जाएगा। एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने बताया कि परीक्षा संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ ही पर्यवेक्षक भी मौजूद रहेंगे।

बच्चों ने किया अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन
बड़ागांव। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में वार्षिकोत्सव मनाया गया। इसमें बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान लंबी कूद, निबंध प्रतियोगिता, क्विज में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को विद्यालय की प्रधानाचार्य निर्मला देवी ने मेडल देकर सम्मानित किया। वहीं ग्राम प्रधान शशिकांत और गौरव गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों को स्मृति चिन्ह देकर उनका हौसला बढ़ाया। जितेंद्र पांडेय, अजय तिवारी, कल्लन यादव, अनिल गुप्ता, सुनील दुबे, सरोज सिंह आदि उपस्थित रहे।

इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई, कर रहे दुष्प्रचार
वाराणसी। हबीबपुरा निवासी सैय्यद वली अहमद ने आईटी एक्ट के तहत चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को बताया कि उनका इत्र का व्यापार है। वह धार्मिक कार्यक्रमों में बतौर वक्ता देश के अलग-अलग प्रदेशों में जाते हैं। कुछ समय पहले पता लगा कि उनकी फर्जी आईडी इंस्टाग्राम पर बाबा वली महाराज के नाम से बनाकर अश्लील और भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। 

23 दिसंबर से पॉलिटेक्निक के विषम सेमेस्टर की परीक्षा
पॉलिटेक्निक के विषम सेमेस्टर की परीक्षा 23 दिसंबर से शुरू होगी। यह परीक्षा पहले 20 दिसंबर से होनी वाली थी, लेकिन किसी कारण से इसमें बदलाव किया गया है। परीक्षा 13 जनवरी तक चलेगी। जिले में एक राजकीय और 22 निजी पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक सुंदरपुर में परीक्षा की तैयारी पूरी हो गई है। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा 23 दिसंबर से 13 जनवरी तक होगी।

मरीजों के लिए खोला जन औषधि केंद्र का ताला
जिले के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर चलने वाले जनऔषधि केंद्र का बंद ताला शुक्रवार को खुल गया। इससे ओपीडी में भर्ती मरीजों ने दवा खरीदी। बुधवार को जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा, शास्त्री अस्पताल रामनगर समेत पांच अस्पतालों, आठ स्वास्थ्य केंद्रों के जन औषधि केंद्र पर संचालक ने ताला लगा दिया था। इससे दो दिन तक मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी।

जिले में जन औषधि केंद्र का संचालन करने वाली कंपनी का कार्यकाल पूरा हो गया है। दूसरी कंपनी को जिम्मेदारी देने की प्रक्रिया भी चल रही है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि बुधवार को पहले से संचालन करने वाली कंपनी से जुड़े लोगों ने सभी 13 जगहों के जन औषधि केंद्र पर ताला बंद कर दिया था। गुरुवार को बातचीत के बाद नई कंपनी के आने तक मरीजों के हित में इसे चलाने को कहा। शुक्रवार से सभी केंद्र खोल दिए गए हैं।

बंदियों को वितरित किया कंबल
जिला कारागार में शुक्रवार को बंद महिला व पुरुष बंदियों को फादर कास्पर ने कंबल दिया। बताया कि मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है। लोगों को ठंड से राहत देने के लिए आयोजन किया गया। कारागार अधीक्षक डॉ. उमेश ने फादर व उनकी टीम का धन्यवाद किया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय कुमार विश्वकर्मा, आयुक्त कार्यालय की प्रज्ञा सिंह उपस्थित थे।

कैंट स्टेशन पर चार अवैध वेंडर पकड़ाए, जुर्माना लगाया
उत्तर रेलवे के वाराणसी कैंट स्टेशन पर शुक्रवार को कैंट स्टेशन निदेशक ने अवैध वेंडरों के खिलाफ अभियान चलाया। चार अवैध वेंडरों को पकड़ कर आरपीएफ कैंट को जुर्माने की कार्रवाई के लिए सौंप दिया। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि वेंडर के पास से बरामद खाद्य पदार्थ बेचने का परमिट नहीं था। इसलिए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। 

एग्री-स्टार्टअप्स को सशक्त बनाने की जरूरत
अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (इरी) साउथ एशिया रीजनल सेंटर (आइसार्क) ने राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड), उत्तर प्रदेश के 63 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की शुक्रवार को मेजबानी की। इस दौरे का उद्देश्य उन्नत कृषि प्रौद्योगिकियों और उद्यमशीलता विकास के माध्यम से ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के मार्ग तलाशना है।

आइसार्क के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने कहा कि किसान उत्पादक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और एग्री-स्टार्टअप्स को सशक्त बनाने की जरूरत है। नाबार्ड क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक पंकज कुमार ने रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने और वैश्विक मानदंड के रूप में काम करने वाले स्केलेबल मॉडलों के विकास के महत्व पर जोर दिया। इरी वैज्ञानिक डॉ. विक्रम पाटिल ने स्टार्टअप्स, स्वयं सहायता समूहों, और किसान उत्पादक संगठन के लिए मेंटरिंग, व्यवसाय विकास और प्रौद्योगिकी पहुंच समर्थन के लिए एक समर्पित कृषि-व्यवसाय इनक्यूबेशन केंद्र स्थापित करने की योजना पर बात की।

दुकान लगाने को लेकर मारपीट,एक घायल
बरेका के गुमटी मार्केट में शुक्रवार को दुकान लगाने को लेकर दो लोगों में लड़ाई हो गई। प्रदीप गुप्ता व सुबराती खान की आसपास दुकान है। दोपहर में दोनों पक्ष में दुकान लगाने को लेकर मारपीट होने लगी। घायल प्रदीप गुप्ता ने आरोप लगाया कि सुबराती खान व उनके दोनों बेटे अंशु खान व बच्चा ने चाकू व हाथ के कड़े से मारा-पीटा। सिर में काफी चोट आई है। थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले में एनसीआर दर्ज किया गया है।

टक्कर मार कर मोबाइल छीन कर भागा
चौकाघाट में शुक्रवार को एक बाइक सवार ने एक अन्य बाइक सवार पर मोबाइल छीन कर लकड़ी मंडी की ओर भागने की शिकायत चेतगंज थाने की पुलिस से की। हुकुलगंज निवासी सुनील कुमार सौरभ ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ बाइक से चौकाघाट की ओर जा रहे थे। चौकाघाट में पुल के समीप बाइक पर सिलिंडर लेकर जा रहे एक व्यक्ति ने उन्हें टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के कारण चोट लगी और उन्होंने अपना मोबाइल निकला। उसी दौरान वह उनका मोबाइल लेकर भाग गया।

असि नदी की जांच के लिए नोडल अधिकारी नामित
वीडीए की ओर से असि नदी के पुनरुद्धार के लिए राजस्व अभिलेखों की जांच होगी। इसके लिए टीम गठित कर दी गई है। इसका नोडल अधिकारी वीडीए के अपर सचिव डाॅ. गुडाकेश शर्मा को बनाया गया है। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार इस टीम में वीडीए, नगर निगम, राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल हैं। जो नदी के प्रवाह क्षेत्र में नदी की चौड़ाई की जांच करेंगे। नदी से प्रभावित तालाबों, कर्दमेश्वर तालाब के पास पोखरी, कंदवा और कंचनपुर तालाब की भू-स्वामित्व की जांच होगी। राजस्व अभिलेखों के अनुसार जांच और सीमांकन कर पत्थर लगाने का काम किया जाएगा।

अटल जी एवं सुशासन पर भाषण, काव्य प्रतियोगिता
उदय प्रताप कॉलेज के राजर्षि सेमिनार हाल में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत अटल जी एवं सुशासन विषय पर भाषण एकल काव्य प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी के 100 वी जयंती के उपलक्ष्य में शासन द्वारा सुशासन सप्ताह चलाया जा रहा है, जिसके नोडल अधिकारी प्रो बृज किशोर त्रिपाठी है। प्रतियोगिता में उदय प्रताप कॉलेज के अतिरिक्त राजकीय महिला महाविद्यालय, जगतपुर पीजी कॉलेज, राजकीय महिला कॉलेज, श्री बलवंत पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

इसमें भाषण प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान क्रमशः उदय प्रताप कॉलेज के सात्विक त्रिपाठी, अमन कुमार झा और श्रुति त्रिपाठी को प्राप्त हुआ। एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान यश पांडेय उदय प्रताप कॉलेज, द्वितीय यशोदा और तृतीय स्थान सुचिता राजकीय महिला महाविद्यालय को प्राप्त हुआ। वहीं एकल काव्य प्रतियोगिता में 29 प्रतिभागियों ने जबकि भाषण प्रतियोगिता में 40 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।

लोहता मिडिल स्कूल में तीसरी बार चोरी
मिडिल स्कूल के नौ कमरे का ताला तोड़कर बृहस्पतिवार रात चोर सात सीलिंग फैन चुरा ले गए। इससे पहले तीन अक्तूबर को ऑफिस का ताला तोड़कर सीसीटीवी कैमरा प्रोजेक्टर और कंप्यूटर चुरा ले गए थे। दूसरी बार 28 अक्तूबर को प्रोजेक्टर और कैमरे का डीवीआर उठा ले गए। प्रधानाचार्य राजेंद्र शर्मा ने बताया की तीन बार स्कूल में चोरी हो चुकी है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया की जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

राहुल गांधी पर मुकदमा दर्ज करने पर जताया विरोध
संसद परिसर में धक्का-मुक्की के आरोप में राहुल गांधी पर मुकदमा दर्ज करने के विरोध में कांग्रेसजनों ने विरोध जताया। शुक्रवार को कचहरी के डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर जिला मुख्यालय में ज्ञापन सौंपा। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की। कहा कि राहुल गांधी ने धक्का मुक्की की है तो संसद भवन के चप्पे चप्पे पर कैमरा लगा है उसकी जांच हो व फुटेज को सार्वजनिक किया जाए। इस दौरान ऋषभ पांडेय, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अशोक सिंह, राजीव राम, गिरीश पांडेय मौजूद रहे। 

दहेज हत्या के मामले में ससुर गिरफ्तार, गया जेल
दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पुरातात्विक संग्रहालय तिराहा के पास ससुर सीताराम यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने पति राधेश्याम यादव व सास नागेश्वरी देवी को पहले ही जेल भेज चुकी है। 22 नवंबर को खालिसपुर में आंचल यादव (25) ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी।

पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि दहेज हत्या का आरोपी ससुर सीताराम यादव (71) पुरातात्विक संग्रहालय तिराहा के पास खड़ा है। उसकी घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। 

टोल प्लाजा पर ठेका दिलाने के नाम पर ठगी, आरोपी गिरफ्तार
चौबेपुर क्षेत्र में टोल प्लाजा पर ठेका दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर पैसा लेने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को शुक्रवार गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी 2024 को वादी ने चार लोगों पर ठेका दिलाने के नाम पर पैसा लेने व जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दी थी। अभियुक्त की पहचान मनीष यादव के रूप में हुई है। गिरफ्तार करने वाले टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह , अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा सहित पुलिस कर्मी शामिल रहे।

लड़की को परेशान करने पर मुकदमा दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के पुरा रघुनाथ पुर निवासी एक लड़की ने बड़ागांव थाने पर लिखित सूचना देकर शुभम गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। लड़की ने आरोप लगाया है कि इंदरपुर नेवादा निवासी शुभम गौतम आए दिन उसे परेशान करता था। आते जाते समय उस पर टिप्पणी करता है। बड़ागांव पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जालसाजों ने खाते से रुपए उड़ाए, केस दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर कॉलोनी के रहने वाले अश्वनी कुमार सिंह के साथ रिचार्ज कराने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि वह बुधवार दोपहर टाटा स्काई का रिचार्ज कराने के लिए गूगल पर उपलब्ध कस्टमर केयर नंबर पर फोन किए। फोन उठाने वाले खुद को टाटा स्काई का कस्टमर केयर एग्जिक्यूटिव बताया।

उसके बाद रिचार्ज का प्रोसेस बताते हुए उनके मोबाइल व्हाट्सऑप पर मैसेज भेजा। जिसमें एक एप का लिंक था। इसे डाउनलोड कराकर उनके खाता से नब्बे हजार पांच सौ अट्ठारह रुपये कट लिए। खाते से पैसा काटने का मैसेज आने पर पैसा वापस भेजने की बात कहते हुए दूसरा खाता से भी चौदह सौ चौदह रुपये पैसे ले उड़ा लिया। अश्वनी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

मेकअप के लिए पुरुष चाहिए तो ग्राहक से लिखित में लें
राज्य महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात ने शुक्रवार को एक कोचिंग सेंटर और स्पा का निरीक्षण किया। कहा कि स्पा सेंटर में कोई महिला ग्राहक पुरुषों से मेकअप कराने की मांग करे तो उससे लिखकर लिया जाए। महिला आयोग की सदस्य ने शहर की एक निजी कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन की सुविधा सहित सेंटर के भीतर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कैश कमेटी की रिपोर्ट को आयोग से साझा करने के निर्देश दिए। इसके बाद शिवपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।

गृहकर के बकायेदार 872 भवन स्वामियों की होगी कुर्की
नोटिस के बाद भी गृहकर जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की और सीज की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने सूची तैयार कर ली है। शहर में 872 ऐसे भवन स्वामी हैं, जिन्हें एक से अधिक बार मांग नोटिस दिया गया था, लेकिन अब तक उन्होंने गृहकर जमा नहीं कराया है। इन भवनों पर एक लाख से अधिक का बकाया है। नगर निगम में भवनों की संख्या 2.20 लाख है। 

कुछ बड़े बकाएदार हैं जिन्होंने लंबे समय से गृहकर जमा नहीं किया है। ऐसे भवन स्वामियों को नगर निगम ने चिह्नित कर लिया है। दो बार मौका देने के बाद अब कार्रवाई का निर्णय लिया है। पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। जोनवार की सूची जोनल अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है। जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर ने बताया कि 872 भवन स्वामियों को नोटिस दिया जा चुका है। इसके बाद भी उन्होंने बकाया गृहकर जमा नहीं कराया है। इनके खिलाफ कुर्की और सीज की कार्रवाई की जाएगी। सभी जोनल अधिकारियों को दिशानिर्देश दिया गया है।

जमीन संबंधी दो विवाद का निपटारा कर भूखंड दिलाया
जमीन संबंधी दो विवाद का निबटारा कर शुक्रवार को वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने आवंटियों को भूखंड उपलब्ध कराया। लालपुर आवासीय योजना प्रथम चरण में एक भूखंड का आवंटन 2020 में बघावर ताहिरपुर आजमगढ़ की चंद्रमुखी सिंह को किया गया था। विवाद के कारण रजिस्ट्री, कब्जे की कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। इसी प्रकार हीरालाल सिंह को फ्री होल्ड रजिस्ट्री 2007 में वीडीए ने की थी। जिसे भूखंड उपलब्ध कराया गया। 

लालपुर आवासीय योजना के आवंटियों के रजिस्ट्री और कब्जे की समस्या के समाधान के लिए वीडीए उपाध्यक्ष ने अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा की अध्यक्षता में नगर नियोजक, अधीक्षण अभियंता, प्रभारी अधिकारी (संपत्ति) और प्रभारी अधिकारी (अवाप्ति) की कमेटी गठित की है। कमेटी की ओर से प्रत्येक सप्ताह बैठक कर समस्या का समाधान कराया जा रहा है।

महिला को एससीएसटी में फंसाने की धमकी के साथ मारा पीटा, केस
थाना क्षेत्र के विश्वनाथपुर निवासी राजलक्ष्मी देवी ने थाने में लिखित सूचना देकर धर्मराज गौड, अजय गौड़, विजय गौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। राजलक्ष्मी देवी ने आरोप लगाया कि 18 दिसंबर को दो साल की बेटी को लेकर बैठी थी। उसी समय धर्मराज, अजय, विजय गौड़ और ममता देवी गाली और धमकी देते हुए मारने लगे। विरोध किया तो परिवार को एसटी-एससी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

चोर ने सीएनजी ऑटो रिक्शा उड़ाया
लंका थाना क्षेत्र के मदरवां गीता घाट के पास से बुधवार को दिनदहाड़े चोरों ने ऑटो रिक्शा उड़ा दिया। छित्तूपुर लंका के रहने वाले रमेश साहनी ने सीएनजी ऑटो लिया है। बुधवार को दिन में एक बजे ऑटो गीता घाट के पास खड़ा कर खाने और आराम करने चले गए। वापस लौटे तो ऑटो लापता थी। रमेश ने इसकी जानकारी लंका पुलिस को दी। चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद है जिसमें एक युवक ऑटो लेकर हाइवे की तरफ जाते दिख रहा है। रमेश ने काफी खोजबीन की, लेकिन ऑटो नहीं मिलने पर पुलिस को तहरीर दी है। 

पशु आश्रय स्थल बदहाल, व्यवस्थाएं ठीक कराने के निर्देश
अवर अभियंता ग्रामीण अभियंतत्रण विभाग मनोज मल्होत्रा ने क्षेत्र के बंदेपुर में पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। नाली मानक से अधिक गहरी मिली। अवर अभियंता ने कहा कि इसमें पशुओं का पैर फंस जाएगा। ग्राम सचिव संजय सोनकर को गहराई कम करने के निर्देश दिए। छह नाद आकार से बड़ी मिलीं, इसमें छोटे पशुओं को चारा खाने में दिक्कत आ रही थी। पानी की लाइन के रास्ते को पक्का कराने के लिए कहा। 

महाकुंभ के लिए नगर निगम ने गठित की क्यूआरटी
महाकुंभ की तैयारियों के मद्देनजर नगर निगम क्यूआरटी का गठन किया है। टीम को किराये पर गाड़ियों के साथ सीवर समस्या के समाधान की जिम्मेदारी दी गई। जैसे सूचना मिलेगी वैसे ही टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराएगी। मंदिर और घाट क्षेत्रों के लिए 100 अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाया जा रहा है। 

जो तीन शिफ्टों में मंदिर के आसपास साफ-सफाई का काम देखेंगे। इसके अलावा कैंट स्टेशन से घाट तक के मुख्य मार्गों को दुरुस्त कराया जाएगा। इन मार्गों की खराब लाइट्स को ठीक कराया जाएगा। नाले और नालियों की मरम्मत होगी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि महाकुंभ को ध्यान में रखकर नगर निगम और जलकल में क्यूआरटी का गठन किया गया है।

इस बार 13 ट्रांसजेंडर देंगे बोर्ड एग्जाम
यूपी बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी 2025 से शुरू होगी। जिसके लिए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के सभी छात्रों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार खास बात ये है कि इस बार वाराणसी परिक्षेत्र के 13 ट्रांस जेंडर अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। जिसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के पुरूष, महिला और ट्रांसजेंडर की भी संख्या जारी की गई है। इनमें जिले में हाईस्कूल परीक्षा में 7 और इंटरमीडिएट परीक्षा में 6 ट्रांस जेंडर परीक्षा देंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed