एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : बस पलटने के मामले में ड्राइवर अरेस्ट, ज्ञानवापी केस की सुनवाई अब इस दिन
वाराणसी में गत दिनों हरहुआ स्थित रिंग रोड चाैराहे पर स्कूल बस पलटन के मामले में ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके खिलाफ बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। वहीं, ज्ञानवापी के जमीन की अदला-बदली मामले की सुनवाई अब 24 दिसंबर को तय की गई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरहुआ स्थित रिंग रोड चौराहे पर बीती शाम स्कूल बस के हादसे के प्रकरण में जांच के दौरान प्रथम दृष्टया चालक की लापरवाही सामने आई है। इसे लेकर हरहुआ चौकी के कार्यवाहक इंचार्ज रवींद्र द्विवेदी की तहरीर पर कुरुसातों निवासी बस चालक अवध नारायण के खिलाफ बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही आरोपी बस चालक को बड़ागांव थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दुर्घटना के संबंध में बस चालक ने बताया कि सामने से आए तेज रफ्तार वाहन की रोशनी उसकी आंख पर पड़ गई थी। उधर, एआरटीओ ने बीएसए को पत्र लिखकर विद्यालय की मान्यता रद करने का अनुरोध किया है।
महिला की चेन छीनकर भागे बदमाश
लालपुर चट्टी में नेशनल हाईवे पर बीती की शाम बाइक सवार बदमाशों ने ऑटो से उतर कर सड़क पार कर रही महिला के गले पर झपट्टा मार कर सोने की चेन छीन ली। भुक्तभोगी महिला ने मिर्जामुराद थाने में घटना की सूचना दी है। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी अवकाश प्राप्त शिक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी चंद्रकला देवी (55) वाराणसी में रहने वाले अपने बेटे के घर से अपने गांव के लिए ऑटो पर सवार हुई थी। लालपुर चट्टी में नेशनल हाईवे पर वह उतरी और सड़क पार कर रही थी। उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके गले पर झपट्टा मारकर उनकी सोने की चेन छीन कर भाग निकले।
समूह की महिलाओं का पैसा लेकर हुआ लापता
जंसा थाना क्षेत्र के देईपुर गांव की रहने वाली साधना, शिला, गूंजा रानी, रीना देवी एवं मंजू देवी के साथ जालसाजी का मामला सामने आया है। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि एक फाइनेंस नामक कंपनी से 50-50 हजार रुपये लोन लिए थे। विनय जायसवाल लोन की राशि बैंक से निकलवा कर लेकर लापता हो गया है। अब कंपनी पैसा समय से न जमा होने से दबाव बना रही है। जंसा थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शराब ठेके का शटर तोड़कर चोरी
पलहीपट्टी गांव स्थित देसी शराब ठेके का शटर तोड़कर बीती की रात चोर रुपये व शराब की कुछ शीशी उठा ले गए। बृहस्पतिवार को सेल्समैन मुलायम यादव ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छानबीन की।
मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप में छह पर मुकदमा
घर में घुसकर मारपीट, धमकाने और महिलाओं से दुर्व्यवहार के आरोप में छह लोगों के खिलाफ न्यायालय के आदेश से बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बड़ागांव निवासी अभय केशरी ने अपने इलाके के ही प्यारेलाल पटेल, त्रिभुवन पटेल, देवेंद्र पटेल, विजय पटेल, बगेल पटेल और संजय पटेल के खिलाफ अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था।
पशु तस्करी में वांछित आरोपी गिरफ्तार
चंदौली के अलीनगर थाने के कठौरी, लौदा निवासी सुजीत कुमार बिंद को रामनगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर रामनगर राजू सिंह ने बताया कि गत 27 सितंबर को एक मैजिक से तीन गोवंश बरामद हुए थे। पुलिस को देख कर चालक भाग गया था। मैजिक के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से पता लगा कि सुजीत की है तो उसकी खोजबीन कर उसे गिरफ्तार किया गया।
कैंट रेलवे स्टेशन के एक टेक्नीशियन पर मुकदमा
कैंट रेलवे स्टेशन के वातानुकूलित कोच डिपार्टमेंट के कर्मचारियों का विवाद पुलिस के पास पहुंचा। कर्मचारियों से मारपीट, धमकाने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में कैंट थाने में विभाग के टेक्नीशियन-प्रथम मदन मोहन मुरारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हेल्पर वीरेंद्र कुमार राय ने पुलिस को बताया कि मदन मोहन मुरारी आए दिन कर्मचारियों से मारपीट करता है।
बीएचयू में हिंदी विभाग में पूर्व छात्र के साथ मारपीट
वाराणसी। बीएचयू के हिंदी विभाग की ओर से आयोजित सेमिनार में परास्नातक के पूर्व छात्र के साथ मारपीट की गई। पीड़ित छात्र ने सीर पुलिस चौकी पर इसकी शिकायत की है। चर्चा है कि सेमिनार के आयोजन समिति से जुड़े एक शिक्षक ने सीर चौकी पर पहुंचकर छात्र से बातचीत की।
भुगतान करने के लिए कॉल कर 12 लाख की चपत लगाई
भीटी, रामनगर निवासी अंकित के पिता को गेल इंडिया के भुगतान के लिए कॉल कर और मैसेज भेज कर जालसाजों ने खाते से 12 लाख रुपये निकाल लिए। घटना के संबंध में साइबर क्राइम पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। अंकित ने बताया कि उनके पापा के मोबाइल फोन पर गेल इंडिया की ओर से कॉल कर बिल पेंमेंट के लिए कहा गया। इसके बाद एक एपीके फाइल मोबाइल पर भेजी गई। एपीके फाइल मोबाइल में डाउनलोड करने के बाद उनके पापा के बैंक खाते से 12 लाख रुपये छह बार में निकाल लिए गए।
छात्रनेता के निष्कासन का किया विरोध, दी चेतावनी
बीएचयू के छात्रनेता वैभव तिवारी के निष्कासन को लेकर छात्रनेताओं में नाराजगी हैं। बृहस्पतिवार को बिरला हॉस्टल में बैठक कर छात्रनेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से इस निर्णय का वापस लेने की मांग की है। ऐसा न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। उधर बीएचयू छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार शुक्ल ने कहा कि इसका विरोध किया जाएगा।
सपा ने घटिया दवाओं की आपूर्ति पर भेजा पत्र
सरकारी अस्पतालों में घटिया किस्म की बी कॉम्प्लेक्स दवाओं की आपूर्ति को लेकर सपा नेताओं ने नाराजगी जताई। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने पत्र भेजने के साथ प्रदेश के स्वास्थ्य महानिदेशक से फोन कर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पत्र में कहा है कि बी कॉम्प्लेक्स टैबलेट की गुणवत्ता अत्यंत खराब है।
हाईवे पर 6 पशुओं को पकड़कर आश्रय केंद्रों में भेजा
हाईवे पर निराश्रित पशुओं को पकड़ने के लिए पशुओं पालन विभाग ने अभियान शुरू किया है। टीम ने पिंडारा से बड़ागांव हाईवे पर अभियान चलाकर छह निराश्रित पशुओं को पकड़े। उनको पशु आश्रय केंद्रों में भेजा गया। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी बीपी पाठक ने बताया कि हादसा होने की संभावना बनी रहती है। इसे देखते हुउ अभियान शुरू किया गया है।
डीएम ने की विकास कार्यों की समीक्षा, कहा-योजनाओं में तेजी लाएं
डीएम एस राजलिंगम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं में बेहतर प्रगति सुनिश्चित की जाए। जिससे जनपद की रैंकिंग का प्रदर्शन बेहतर रहे। अगली समीक्षा में जिन योजनाओं का प्रदर्शन ठीक नहीं रहेगा उन विभागीय अधिकारियों खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में डे एनआरएलएम बैंक क्रेडिट लिंक, 5वां वित्त आयोग, 15वां वित्त आयोग, पर्यटन, नई सड़कों का निर्माण, फैमिली आईडी, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम, सेतु का निर्माण सीएमआईएस आदि कार्यक्रमों की अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई। इस पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की।
कहा कि सुधार करते हुए रिपोर्ट दें। फैमिली आईडी बनाने हेतु लक्ष्य के सापेक्ष दिए गए आंकड़ों का शत प्रतिशत सत्यापन अविलंब कराने के साथ ही फैमिली आईडी तेजी से बनवाए जाने के निर्देश दिए। लक्ष्य के नई सड़कों के निर्माण का कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराए जाने के साथ ही निर्माणाधीन सेतुओं को तेजी से पूर्ण कराए जाने हेतु निर्देशित किया। विद्यालयों को निपुण बनाए जाने के लिए बेहतर प्रयास किए जाने पर विशेष जोर दिया। डीएम ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत अधिक से अधिक सोलर पैनल लगवाए जाने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।
सीआरपीएफ के कब्जे में नगर निगम की जमीन
मछोदरी पार्क के पास नगर निगम की जमीन पर सीआरपीएफ का कब्जा है। इसे हटवाने के लिए नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की ओर से सीआरपीएफ मुख्यालय पत्र भेजा गया है। नगर निगम की ओर से सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने का अभियान चल रहा है। इसके तहत कई जगहों से कब्जा हटवाकर नगर निगम अपना बोर्ड लगा रहा है।
दरअसल 2000 के पूर्व यहां अक्सर बवाल होते थे। इसे देखते हुए चुनिंदा स्थानों पर पीएसी और सीआरपीएफ के कुछ जवानों को नियमित रूप से रखा गया। सरकारी जमीनों पर टेंट लगाकर ये जवान रहते हैं। इसी के तहत मछोदरी बिड़ला अस्पताल के निकट पार्क में सीआरपीएफ के जवान रहते हैं। यहां से वे अक्सर विश्वनाथ मंदिर जाते हैं। लंबे समय से नगर निगम की जमीन सीआरपीएफ के कब्जे में है। पिछले दिनों नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में यह मुददा उठा था। उस दौरान तय हुआ था कि सीआरएफ के कब्जे से नगर निगम की जमीन को मुक्त कराया जाए। इसे लिए संबंधित विभाग के मुख्यालय को पत्र भेजा जाए।
सीएमओ ने भेजी उपमुख्यमंत्री को रिपोर्ट, कार्रवाई का इंतजार
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में स्टाफ नर्सों के प्रमोशन की पार्टी में डांस करने के मामले की जांच पूरी हो गई हैं। चार सदस्यीय कमेटी ने मामले की जांच कर जो रिपोर्ट सीएमओ को दी थी। उसको सीएमओ ने यूपी के उपमुख्यमंत्री को भेज दी है। अब सभी की नजरें इस मामले में होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।
जिला अस्पताल में स्टाफ नर्सों के प्रमोशन को लेकर पिछले सप्ताह बुधवार को स्टाफ नर्सों और कर्मचारियों के हिंदी, भोजपुरी गानों पर डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने सीएमओ को एक सपताह में जांच कर रिपोर्ट मांगी थी। मामले में मंडलीय अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ.सत्येन राय की अध्यक्षता वाली चार सदस्यीय कमेटी ने स्टाफ नर्स, कर्मचारियों के बयान दर्ज करने के बाद अपनी रिपोर्ट सीएमओ को सौंपी है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि रिपोर्ट स्वास्थ्य मंत्री को भेज दी गई हैं।
राज्य सरकार के पक्ष में जमीन कुर्क
चितईपुर ग्रामसभा में चार बीघा चार बिस्वा जमीन राज्य सरकार के पक्ष में कुर्क की गई। मौके पर बोर्ड लगवा कर लिखवाया गया कि उप जिलाधिकारी सदर की अदालत के आदेश के अनुपालन के क्रम में आराजी नंबर 122 और 122/182 राज्य सरकार के पक्ष में कुर्क की जाती है। सदर तहसील के नायब तहलीलदार प्रीतम सिंह ने बताया कि मोहन प्रसाद बनाम लक्ष्मण प्रसाद के मुकदमे में उप जिलाधिकारी सदर के न्यायालय ने स्थगन आदेश पारित कर रखा है।
इसके बावजूद प्रदीप कुमार, अपूर्व सिंह और अनुज कुमार ने डेवलपर्स एग्रीमेंट कर अदालत के स्थगन आदेश की अवहेलना की। इसलिए उप जिलाधिकारी सदर की अदालत के आदेश के क्रम में चार बीघा चार बिस्वा जमीन को मुकदमे के निस्तारण तक राज्य सरकार के पक्ष में कुर्क किया गया है।
महाकुंभ से पहले दुरुस्त होंगी शहर की सुविधाएं
आगामी 13 जनवरी से 26 फरवरी तक होने वाले महाकुंभ की तैयारियां काशी में भी शुरू हो गई है। प्रयागराज में स्नान के बाद काफी संख्या में साधु-संत और भक्त काशी आते हैं। यहां भी स्नान, ध्यान करते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखकर सुविधाओं को दुरुस्त कराने पर जिलाधिकारी एस राजलिंगम का जोर है।
जिलाधिकारी ने बताया कि महाकुंभ में काशी आने वाली भीड़ को ध्यान में रखकर शहर की सभी सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए पीडब्ल्यूडी, नगर निगम ने सर्वे शुरू कर दिया है। जल्द ही सभी सड़कें चमाचम होंगी। इसके अलावा गंगा घाटों पर लाइटिंग और सफाई की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। यहां लोग स्नान के लिए आते हैं।
इसे देखते हुए घाटों पर पीने के लिए पानी और सफाई की भी बेहतर व्यवस्था होगी। उस समय तापमान में और ज्यादा गिरावट की संभावना है। उस दौरान कुछ और रैन बसेरों और अतिरिक्त अलाव की जरूरत होगी। शुद्ध पेयजल, साफ सफाई, घाटों पर लाइटिंग, साइनेज बोर्ड आदि की व्यवस्था अतिरिक्त की जाएगी। सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों पर भी विशेष निगरानी होगी।
फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा, वाराणसी निवासी गिरफ्तार
ई मेल ब्लास्टिंग (एक साथ हजारों ई मेल भेजना) कर तकनीकी सहायता के नाम पर अमेरिका व कनाडा के नागरिकों के कंप्यूटर, लैपटॉप को रिमोट पर लेकर ठगी करने वाले फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का खुलासा नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने किया है। कोतवाली सेक्टर- 113 पुलिस ने सेक्टर- 117 में दबिश देकर सरगना समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नोएडा सेंट्रल के डीसीपी रामबदन सिंह ने बताया, पकड़े गए आरोपियों में दुल्लापुर वाराणसी निवासी नीतेश सिंह शामिल है।
49 किलो चांदी के आभूषण बरामद, चार पकड़े गए
पीडीडीयू जंक्शन पर जीआरपी ने बृहस्पतिवार को 49 किलो चांदी के आभूषणों के साथ चार तस्करों को पकड़ा। चारों बिहार के रहने वाले हैं। वह वाराणसी से जेवर लेकर बिहार जा रहे थे। बरामद गहनों की कीमत 50 लाख रुपये बताई गई है। वाराणसी की आयकर विभाग की टीम जेवरात के साथ आरोपियों को अपने साथ ले गई।
हाईटेंशन के चालू लाइन पर पोल पर चढ़ गया मजदूर
खुशीपुर औढ़े स्थित एक होटल के पास हाईटेंशन के चालू लाइन पर मजदूर को चढ़ाकर लाइट लगाने का कार्य कराया जा रहा था। इसकी जानकारी चौकी प्रभारी को मिली तो वह मौके पर पहुंचे और होटल से जुड़े लोगों को फटकार लगाई। इसके बाद होटल प्रबंधन ने तुरंत काम बंद करवाया। इस बाबत अधिशासी अभियंता द्वितीय मनीष कुमार झा ने बताया कि मामले की जानकारी अवर अभियंता को दी गई है। नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
मारपीट के आरोप में चार पर केस
फूलपुर थाना क्षेत्र के नथईपुर गांव के प्रधान शोभनाथ यादव के पुत्री की शादी में बरातियों के साथ मारपीट के आरोप में गांव के ही प्रिंस सिंह, विशाल सिंह, शुभम सिंह और कृष्ण सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शोभनाथ यादव के पुत्री की शादी 17 नवंबर को थी। आरोप है कि बरातियों की पिटाई के साथ वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
भारतेंदु सभागार में हुई सतर्कता बैठक
पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के भारतेंदु सभागार में मुख्य सतर्कता अधिकारी और वरिष्ठ उप महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे नीलमणि की अध्यक्षता में गोष्ठी हुई। अधिकारियों ने कहा कि जीवन में ईमानदारी आवश्यक है। किसी को गलत तरह लाभ देना भ्रष्टाचार है। डीआरएम विनीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि फाइल व कार्य रोकने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है, निर्णय शीघ्र होना चाहिए। संचालन समीर पॉल, धन्यवाद ज्ञापन राजेश कुमार सिंह ने किया।
कार्यशाला में भाग लेने आगरा गए कई प्रधान
ग्राम सभा की आय बढ़ाने और ग्रामीण विकास के मिशन को गति देने पर आगरा के एक होटल में कार्यशाला हुई। इस कार्यशाला का शुभारंभ केंद्रीय पंचायती राज मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने किया। इसमें वाराणसी के जिला प्रधान संघ के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के साथ अन्य प्रधानों ने हिस्सा लिया।
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से त्वचा कैंसर का उपचार
बीएचयू सांख्यिकी विभाग में प्री-काॅन्फ्रेंस कार्यशाला आयोजित हुई। त्वचा कैंसर (मेलेनोमा) के निदान और उपचार पर चर्चा हुई। डाॅ. फैजान दानिश ने कहा कि त्वचा कैंसर के निदान में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस उपयोगी साबित हो रहा है। यह कैंसर मेलानोसाइट्स में उत्पन्न होता है। प्रो.एसएन द्विवेदी ने साक्ष्य-आधारित क्लिनिकल प्रैक्टिस में सांख्यिकी विषय पर क्लिनिकल प्रैक्टिस में सांख्यिकीय तरीकों के अनुप्रयोग से जुड़े विमर्श में ये बातें बताई।
189 कुपोषित बच्चों का हुआ स्वर्णप्राशन
राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में 189 कुपोषित बच्चों का स्वर्णप्राशन हुआ। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सरोज शंकर राम ने बताया कि कुपोषित बच्चों का स्वर्णप्राशन कराने पर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता तेजी से बढ़ती है। स्वर्ण भस्म ब्रह्मी घृत और शहद से तैयार स्वर्णप्राशन का बच्चों को सेवन कराया जाता है।
एमओयू के लिए दिल्ली पहुंचे बीएचयू कुलपति
आईएमएस बीएचयू में एम्स जैसी सुविधा के लिए शुक्रवार को एमओयू होना लगभग तय माना जा रहा है। इसके लिए कुछ अधिकारी बुधवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे जबकि बृहस्पतिवार की शाम कुलपति व अन्य अधिकारी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में होने वाली बैठक में एमओयू संबंधी कागजी कार्रवाई पूरी होनी है। आईएमएस में एम्स जैसी सुविधा के लिए एमओयू होने से स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
वीडीए सचिव ने किया निरीक्षण
वीडीए के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने कई जगहों का निरीक्षण किया। भेलूपुर वार्ड में पूजा सिंह के होटल और नगवां के अखरी बाईपास में होटल के लिए मनोरमा राय के आवेदन का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने नियमानुसार निर्माण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी प्रमोद तिवारी, अवर अभियंता सोनू कुमार, एसोसिएट इंजीनियर अनस मौजूद रहे।
एलआईसी एजेंट एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन
ऑल इंडिया लाइफ इंश्योरेंस एजेंट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम एस राजलिंगम को ज्ञापन सौंपा। महासचिव संजय शुक्ला ने कहा कि बीमा पॉलिसी को लेकर सरकार ने जो निर्णय लिए हैं, वह जनहित में नहीं है। बदलाव नहीं किए तो वह लोग प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।
ऑटो में छूटा दंपती का बैग पुलिस ने खोज निकाला
लंका क्षेत्र में ऑटो में छूटा बंगलूरू के दंपती का नकदी और गहनों से भरा बैग पुलिस की सक्रियता से मिल गया। दंपती ने अपना बैग सकुशल पाकर लंका थानाध्यक्ष और उनकी टीम का आभार जताया। बंगलूरू के कुर्लेसर के राज ईटर्निया की रहने वाली सुप्रिया अपने पति अश्वनी कुमार मिश्रा के साथ काशी घूमने आई हैं। लंका स्थित रविदास गेट पर वह ऑटो से उतरीं।
नगर निगम ने 23 बीघे जमीन को कब्जामुक्त कराया
वाराणसी। नगर निगम की टीम ने दो जगहों पर 23 बीघे की जमीन जमीन को कब्जामुक्त कराया। फुलवरिया में नगर निगम की भूमि कब्जामुक्त कराई गई। अगस्त में नगर निगम ने फुलवरिया में चिह्नित किए 13 बीघे भूमि पर कब्जा लिया गया था। जानकारी हुई कि कुछ लोग इस भूमि पर प्लाटिंग कर रहे हैं। नगर निगम की टीम ने राजस्व कर्मचारियों के साथ अभियान चलाकर अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। साथ ही इस भूमि पर नगर निगम का बोर्ड लगाया गया।
वहीं, लालपुर मीरापुर बसहीं में 10 बीघे से अवैध अतिक्रमण हटवाकर बोर्ड लगाया। नगर आयुक्त ने राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि सभी चिह्नित भूमि पर निगरानी रखें, यदि अतिक्रमण किया जाता है तो तत्काल उसे अतिक्रमण मुक्त कराएं। नगर निगम की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में हड़कपं मचा रहा।
काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के जन्मोत्सव पर 23 नवंबर को 1100 किलो का केक काटा जाएगा। बाबा को अब तक का सबसे बड़ा केक चढ़ेगा। मंदिर के आयोजन समिति का दावा है कि इतना बड़ा केक देश के किसी अन्य मंदिर में नहीं काटा गया है। पिछले साल बाबा के जन्मोत्सव पर 1050 किलो का केक काटा गया था।
समिति के प्रमुख प्रिंस गुप्ता ने बताया कि भैरव अष्टमी पर दोपहर 1:30 बजे बाबा की आरती होगी। इसी दौरान शुद्ध देशी घी की मिठाइयों, फलों व पंचमेवे से बने केक को काटकर बाबा को चढ़ाया जाएगा। पॉपकॉर्न व टॉफियां भी बांटी जाएंगी। 22 वर्षों से भक्तों के सहयोग से बाबा के जन्मोत्सव पर केक काटा जाता है।
धन नष्ट हो जाता है, भजन नष्ट नहीं होता
वृंदावन से आए कथावाचक डॉ. संजय कृष्ण सलिल महाराज ने कहा कि भजन में बहुत बड़ी शक्ति होती है। कमाया हुआ धन नष्ट हो जाता है। लेकिन, भजन, सत्कर्म, पुण्य, दान, यज्ञ कभी नष्ट नहीं होते। ध्रुवजी ने भजन किया तो परमात्मा को स्वयं दर्शन देने के लिए आना पड़ा। किसी भी प्रकार से मन को कृष्ण के चरणों में लगा देना चाहिए। उसी में हमारा कल्याण है। वह बृहस्पतिवार को लक्सा स्थित स्वर्ण मंडित श्याम मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करा रहे थे। इस दौरान दीपक बजाज, अजय खेमका, मदन मोहन पोद्दार, राजेश तुलस्यान, प्रमोद सराफ आदि का रहा।
श्रीराम के जन्म से मिलता है सारंगी का इतिहास
विश्व विरासत सप्ताह के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को ककरमत्ता स्थित एक स्कूल में लुप्त प्राय कला और शिल्प परियोजना के तहत सारंगी पर व्याख्यान हुआ। इसमें शीर्ष सारंगी वादकों में प्रसिद्ध सारंगी वादक पं. कन्हैया लाल मिश्रा व ओम सहाय ने व्याख्यान दिया। उद्घाटन इंटैक क्लब के अशोक कपूर व पंडित कन्हैया लाल मिश्रा जी ने किया। पं. कन्हैया लाल मिश्र ने बताया कि सारंगी वाद्य का इतिहास भगवान श्रीराम के जन्म से मिलता है। रावण ने भगवान शंकर को प्रसन्न करने के लिए भी सारंगी वादन किया था। इस दौरान ओम सहाय, चीआरु पॉल आदि उपस्थित रहे।
दादी को लगाई हल्दी, रंग-बिरंगे फूलों से सजाई झांकी
श्रीराणी सती दादी धाम में 13 दिवसीय मंगल कलश ध्वजा प्रभात फेरी के 10वें दिन श्रद्धालुओं ने दादी को हल्दी लगाई। रामकटोरा स्थित दादी धाम मंदिर में दादी की रंग-बिरंगे फूलों से झांकी सजाई गई। पूरा मंदिर परिसर दादी के जयकारों से गूंजता रहा। सुबह काशी जीवनदायिनी गोशाला में मंत्री निधिदेव अग्रवाल ने पूजन अर्चन कर प्रभात फेरी की शुरुआत की जो लोहटिया, कबीरचौरा, लहुराबीर होते हुए रामकटोरा स्थित दादी धाम मंदिर पहुंची।
कलश व ध्वजा-दादी के चरणों में अर्पित की गई। पूनम केजरीवाल के संयोजन में राखी तुलस्यान, शशि बूबना, संतोष पारीक, सुजाता अग्रवाल, प्रीति डोलिया, निर्मल नेमानी, श्वेता अग्रवाल, आशा जालान के साथ समाज की महिलाओं ने दादी को हल्दी लगाकर उत्सव मनाया। दादी चालीसा के पाठ के बाद भजन हुआ। दादी की आरती संस्था के सदस्यों ने उतारी।
दादी को प्रसाद का भोग लगाकर भक्तों में बांटा गया। इसके पहले रंग-बिरंगे फूलों से राणी सती दादी की अलौकिक झांकी सजाई गई। इस दौरान वीरेंद्र अग्रवाल, आनंद तुलस्यान, जगदीश झुनझुनवाला, सुरेश तुलस्यान आदि मौजूद रहे। शुक्रवार को मेहंदी का उत्सव होगा।
संग्रहालय की कलाकृतियों से रूबरू हुए छात्र
बीएचयू भारत कला भवन संग्रहालय में विश्व विरासत सप्ताह के तहत छात्रों को कलाकृतियों के प्रदर्शन, रख-रखाव आदि की जानकारी दी गई। इंटैक के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारत कला भवन की पूर्व उपनिदेशक प्रो. जसमिंदर कौर ने बताया कि संग्रहालय में कलाकृतियां के प्रदर्शन और रखरखाव के बारे में बच्चों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम में निर्मल जोशी, नलिन गुलाटी, सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार सिंह, विनोद कुमार मौजूद रहे।
25 को मनेगा जनजातीय गौरव दिवस
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती स्मरणोत्सव के लिए बीएचयू में 25 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। विश्वविद्यालय की अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ की ओर से दोपहर दो बजे से स्वतंत्रता भवन सभागार में कार्यक्रम होंगे। प्रबंध शास्त्र संस्थान के सहायक आचार्य डॉ. राम शंकर उरांव के संयोजन में तैयारी शुरू हो गई है।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश बांट रहे कैडेट्स
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए बीएचयू 7 यूपी नेवल यूनिट के एनसीसी कैडेट गंगा में 220 किलोमीटर तक नौकायन करेंगे। इसकी शुरुआत 19 नवंबर को प्रयागराज से हो गई है। 60 कैडेट्स की टीम 26 नवंबर को काशी पहुंचेगी। अभियान के नेतृत्वकर्ता ले. कमांडर राहुल मिश्रा ने बताया कि गंगा के रास्ते प्रयागराज से वाराणसी की दूरी लगभग 220 किमी है। कुल 10 पड़ाव (हॉल्ट) रखे गए हैं। यह अभियान नदियों के संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम है। इस दौरान गांवों में जाकर अग्निवीर योजना के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
मार्गशीर्ष कृष्ण त्रयोदशी से बनारस में श्री सीताराम विवाह महोत्सव आरंभ होगा। सिय-पिय मिलन महामहोत्सव में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर श्रीमद्भागवत कथा सुनाएंगे। इसके साथ ही श्रीरामलीला का भी मंचन होगा। 29 नवंबर से सात दिसंबर तक श्री सीताराम विवाह महोत्सव का आयोजन संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में होगा। आयोजक अशोक अग्रवाल और जयशंकर शर्मा ने बताया कि महोत्सव में देशभर के शीर्ष संत भी आएंगे।
इसमें नाभा पीठाधीश्वर जगद्गुरु सुतीक्ष्ण देवाचार्य महाराज, रमेश भाई ओझा, खांदवा धाम के ब्रह्मर्षि ब्रह्मचारी महाराज, जयपुर के हरिशंकरदास वेदांती, उज्जैन के महंत विशालदास महाराज, संत रामचरित्र दास, बरसाना धाम के गौतम बाबा सरकार और बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज भी शामिल होंगे। 29 नवंबर को श्री गौरीशंकर भगवान विवाह लीला के साथ रामलीला की शुरूआत होगी। छह दिसंबर को श्री सीताराम विवाह और सात दिसंबर को श्रीरामकलेवा के साथ महोत्सव का समापन होगा।
आईएमएस-बीएचयू में मनाया गया एंटीबायोटिक्स जागरूकता सप्ताह
विश्व प्रतिजैविक जागरूकता सप्ताह के तहत आईएमएस-बीएचयू के मेडिसिन, माइक्रोबायोलॉजी, फार्माकोलॉजी और सामुदायिक चिकित्सा विभागों की ओर से ओपीडी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। एंटीबायोटिक्स के सही उपयोग और उसके महत्व के बारे में मरीजों और पैरामेडिकल स्टाफ को बताया गया। विशेषज्ञों के अनुसार अच्छी सेहत के लिए सही दवाओं के बारे में जानना जरूरी है। आईएमएस निदेशक प्रो.एसएन संखवार ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य रोगियों और एमबीबीएस छात्रों के बीच प्रतिजैविक दवाओं के सही उपयोग के बारे में जागरूकता फैलाना है।
मत्स्य संरक्षण, जल पर्यावरण के संतुलन बनाए रखने के किए जा रहे प्रयास
प्रधानमंत्री मत्स्य संवदा योजना के अन्तर्गत राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड की ओर से संत रविदास घाट पर मछुआरों के सम्मान में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि अध्यक्ष जिला पंचायत पूनम मौर्या ने बताया कि गंगा नदी में मत्स्य संरक्षण को बढ़ावा एवं जल पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
केंद्रीय सिविल सेवा आचरण नियम से रूबरू हुए बीएचयू के कर्मचारी
बीएचयू में कर्मचारी विकास प्रकोष्ठ की ओर से कर्मचारियों के लिए सेवा विनियमों और दिशा निर्देशों पर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को केंद्रीय सिविल सेवाएं (सीसीएस) आचरण नियम 1964 के प्रति जागरूक किया गया। प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. एसके दूबे ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सीसीएस आचरण नियम, 1964 के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
पीडीडीयू रेलवे स्टेशन से चलेगी एकात्मता एक्सप्रेस
गया रेलवे स्टेशन पर प्लेटफाॅर्म संख्या 6 और 7 के विकास कार्य की वजह से 24 ननंबर से सात जनवरी 2025 तक ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा। उत्तर रेलवे (लखनऊ मंडल) सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि लखनऊ-गया एकात्मता एक्सप्रेस 23 व 30 नवंबर, 7, 14, 21, 28 दिसंबर और 4 जनवरी 2025 को पीडीडीयू पर टर्मिनेट होगी।
कैंट रेलवे स्टेशन पर चलने लगा एस्कलेटर
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 8 और 9 में बंद पड़े एस्कलेटर को बीती शाम को चालू कर दिया गया है। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि एस्कलेटर का शाफ्ट बदलने के बाद ये चलने लगा है। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।
आज तीन घंटे ठप रहेगी विद्युत आपूर्ति
विद्युत उपकेंद्र क्राइस्ट नगर के औरा फीडर पर आरडीएसएस योजना के अंतर्गत पुराना जर्जर तार बदलने का कार्य किया जाना है। इस वजह से 22 नवंबर को दोनों फीडर से दोपहर 12 से 3 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। उपखंड अधिकारी श्रीपति तिवारी ने इसकी जानकारी दी।
अब 25 को कथा सुनने आएंगे सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब 25 नवंबर को डोमरी में हो रही शिव महापुराण कथा सुनने आएंगे। पहले वह 22 नवंबर को आने वाले थे, लेकिन अब 25 नवंबर का प्रसंग वह डोमरी में सुनेंगे। मुख्यमंत्री के आने की तैयारियों को लेकर प्रशासन की ओर से कथा स्थल के पास ही हेलिपैड बना लिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के अन्य इंतजाम किए जा रहे हैं।
सुमंगला योजना में काशी प्रदेश में पहले स्थान पर
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में वाराणसी प्रदेश में पहले स्थान पर है। यह जानकारी डीपीओ आईसीडीएस डीके सिंह ने दी। वह बृहस्पतिवार को यूनिसेफ के 75 वर्ष और यूनिवर्सल बाल अधिकार के 35 वर्ष पूरे होने पर कमिश्नरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे।
विशेष पुनरीक्षण अभियान 23 को
विधानसभा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष पुनरीक्षण अभियान 23 नवंबर (शनिवार) और 24 नवंबर (रविवार) को चलाया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक सभी अपने बूथों पर दावे और आपत्तियों से संबंधित फार्म ले सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार ने बताया कि आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in या मोबाइल पर Voter Helpline App (VHA) डाउनलोड करके स्वयं आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
धान बिक्री में दिक्कत हो तो करें शिकायत
जिले में धान की खरीद शुरू हो गई है। अगर किसी किसान को धान बिक्री में दिक्कत हो रही है तो वह कंट्रोल रूम को फोन कर शिकायत दर्ज करवा सकता है। जिला खाद्य व विपणन अधिकारी सुनील भारती ने बताया कि कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 8853273782, 7839565147 है। 34 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद हो रही है। अभी करीब सात फीसदी खरीद हुई है।
ज्ञानवापी : जमीन की अदला-बदली के केस की सुनवाई 24 दिसंबर को
सिविल जज सीनियर डिवीजन हितेश अग्रवाल की कोर्ट ने ज्ञानवापी से सबंधित एक वाद में विपक्षियों को सम्मन तामील माना है। अब इस मामले में जवाब-आपत्ति दाखिल करने के लिए 24 दिसंबर की तिथि नियत की गई है। वादी की ओर से बुधवार को कहा गया था कि इस मामले के विपक्षियों को प्रति उपलब्ध कराई गई थी।
निगरानी अर्जी की सुनवाई सात दिसंबर को
विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम अवधेश कुमार की कोर्ट में बृहस्पतिवार को ज्ञानवापी में उर्स करने को लेकर लंबित निगरानी अर्जी पर सुनवाई टल गई। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए सात दिसंबर की तिथि नियत की है।
विद्यापीठ में 29-30 को होगी मौखिक परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज कार्य संकाय में स्नातक प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ सेमेस्टर की छूटी हुई मौखिक परीक्षाएं 29 व 30 नवंबर को होंगी। वहीं, समाजशास्त्र विभाग में बीए और एमए प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं 25 नवंबर से शुरू होंगी। विभागाध्यक्ष प्रो. रेखा ने बताया कि समय-सारणी के अनुसार सभी छात्र-छात्राओं की कक्षा में उपस्थिति जरूरी है।
दर्शन एक चिंतन प्रक्रिया
आर्य महिला पीजी कॉलेज के दर्शनशास्त्र विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय दर्शन दिवस पर कार्यक्रम हुए। मुख्य अतिथि बीएचयू महिला महाविद्यालय दर्शनशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. ज्योत्सना श्रीवास्तव रहीं। उन्होंने कहा कि दर्शन एक चिंतन प्रक्रिया है। शुभारंभ कुलगीत और मंगलाचरण से हुआ। प्राचार्य प्रो. रचना दुबे, डॉ. संध्या श्रीवास्तव, डॉ. ममता गुप्ता, डॉ. अनामिका मौजूद रहे।
समर्थ पोर्टल के माध्यम से नहीं होंगी परीक्षाएं
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों में समर्थ पोर्टल के जरिये परीक्षाएं नहीं होंगी। समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण शासन ने आदेश जारी कर दिया है। वर्तमान सत्र में होने वाली सभी परीक्षाएं पहले की तरह होंगी। कुलाधिपति के अपर मुख्य सचिव डॉ. सुधीर एम बोबडे की ओर से कुलपति को जारी पत्र में कहा गया है कि विश्वविद्यालय स्तर पर समर्थ पोर्टल के सभी 41 माड्यूल पूर्ण कर लिए गए हैं। संबद्ध महाविद्यालयों द्वारा समर्थ पोर्टल के माड्यूल पूर्ण नहीं हुए हैं। इससे वर्तमान सत्र में समर्थ पोर्टल के माध्यम से परीक्षाएं कराना संभव नहीं हो पा रहा है।
भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए योग जरूरी
बीएचयू वाणिज्य संकाय की ओर से अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में वक्ताओं ने मानव संसाधन के विस्तार के रूपांतरण पर चर्चा की। दिल्ली विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय प्रमुख प्रो. अजय कुमार सिंह ने भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए योग और सेवा क्षेत्र में सक्रिय रहने का आह्वान किया। आईआईएम काशीपुर के प्रो. रामेश्वर एस. तुरे ने कर्मचारी निपुणता, लोक क्षेत्र लाभदायकता और सामाजिक उत्तरदायित्व निर्वहन पर बात रखी। संयोजक प्रो. एससी दास ने सम्मेलन के विषय पर अपनी बात रखी। स्वागत संकाय प्रमुख और विभागाध्यक्ष प्रो. एचके सिंह ने किया।
पॉलिटेक्निक की सेमेस्टर परीक्षा के लिए 25 तक आवेदन
राजकीय और निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों की सेमेस्टर परीक्षाएं 7 दिसंबर से शुरू होंगी। प्राविधिक शिक्षा परिषद ने समय सारिणी जारी कर दी है। परीक्षा फॉर्म भरने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर है। 26 से 28 नवंबर तक अनुक्रमांक आवंटित होंगे। 1 दिसंबर को प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा।
पांच दिसंबर को सेशनल अंकों की ऑनलाइन फीडिंग होगी। 7 से 19 दिसंबर तक सम सेमेस्टर की परीक्षाएं होनी हैं। 20 से 28 दिसंबर को प्रयोगात्मक परीक्षा कार्यक्रम जारी होंगे। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि परिषद की ओर से सेमेस्टर परीक्षा की तिथि जारी कर दी गई है।
डॉ. घनश्याम सिंह कॉलेज में लगेगा रोजगार मेला
सेवायोजन कार्यालय और इफको के सहयोग से अर्चना योगातन संस्थान की ओर से डॉ. घनश्याम सिंह पीजी कॉलेज सोयेपुर में योग शिविर लगा। प्रशिक्षक डॉ. सत्यनारायण यादव ने छात्र-छात्राओं को योग, ध्यान और प्राणायाम कराया। शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, सहायक निदेशक सेवायोजन मुकेश कुमार ने किया। संजीव सिंह ने बताया कि नवंबर में महाविद्यालय में सेवायोजन कार्यालय की ओर से वृहद रोजगार मेला लगाया जाएगा।
जनाबे फातिमा की शहादत पर हुईं मजलिसें और दुआख्वानी
जमादी-उल-अव्वल के तीसरे जुमेरात पर दरगाहों, इमामबाड़ों में जनाबे फातिमा की शहादत के सिलसिले से मजलिसें हुईं। शिया समुदाय के लोगों ने जनाबे फातिमा गम मनाकर उनकी मुसीबतों को याद करते हुए आंसुओं का नजराना पेश किया।
दरगाह-ए-फातमान में मजलिस को खिताब करते हुए हाजी सैयद फरमान हैदर ने कहा कि बीबी फातिमा का जीवन एक बेटी, एक पत्नी और एक मां के तौर पर मिसाल है। उन्होंने अपने किरदार से सारी दुनिया की औरतों को मां-बाप खिदमत और बच्चों की परवरिश कैसे की जाए।
इमाम हसन और हुसैन का नाम आज सारी दुनिया में बीबी फातिमा की परवरिश का एक जीता जागता नमूना है। शायर तफ्सीर जौनपुरी, नजाकत बनारसी, समर बनारसी ने कलाम पेश किए। मजलिस में साहब भाई, हैदर मौलाई, शब्बीर हुसैन और शाहीन हुसैन ने नौहाख्वानी और मातम किया।
शिवपुर, अर्दली बाजार, दोषीपुरा, कच्चीबाग, पठानीटोला, प्रह्लादघाट, मुकीमगंज, सदर इमामबाड़ा लाट सरैयां, पड़ाव, रामनगर, शिवाला, बजरडीहा, मदनपुरा, दालमंडी, नई सड़क, लल्लापुरा के शिया इलाकों में लोगों ने बीबी फातिमा की शहादत पर मजलिसें हुईं। इस दौरान मुल्क में खुशहाली और अमन के लिए दुआख्वानी हुई।
राधा कृपा परिवार की ओर से सात दिवसीय श्रीकृष्ण लीला महोत्सव का शुभारंभ दुर्गाकुंड स्थित श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय में हुआ। पहले दिन प्रभु श्रीकृष्ण की मनमोहक माखन चोरी की लीला का मंचन हुआ। इसमें स्वामी फतेहकृष्ण शर्मा (रसराज) के निर्देशन में श्रीधाम वृंदावन से आई मंडली ने लीला का मंचन किया। लीला मंचन में श्रीकृष्ण सखियों के प्रार्थना करने पर उनके घर से माखन चुराकर, माखन मिश्री का भोग लगाते हैं और अपने सभी भक्तों पर लुटाते है।
रासाचार्य स्वामी रसराज ने कहा कि प्रभु द्वारा रचित माखन चोरी की लीला के दर्शन और चिंतन मात्र से जीवन मंगलमय हो जाता है। इसके पूर्व श्रीकृष्ण लीला का शुभारंभ काशी विश्वनाथ मंदिर के वरिष्ठ अर्चक पं. श्रीकांत मिश्र और कार्यक्रम संयोजिका नीता गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर किरन सराफ, उमा केजरीवाल, कविता भालोटिया, संपत्ति जैन, कुसुम अग्रवाल, ऊषा केजरीवाल आदि मौजूद रहीं।