फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Varanasi bail plea of couple rejected Municipal Corporation possession of land

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : दंपती की अंतरिम जमानत अर्जी खारिज, नगर निगम ने 23 बीघा भूमि पर लिया कब्जा

Fri, 24 Jan 2025 04:11 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 24 Jan 2025 04:11 AM IST
सार

वाराणसी के लंका निवासी शरद भार्गव अैर उसकी पत्नी ऋचा भार्गव की अंतरिम अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी गई है। विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम चतुर्थ) ने यह निर्णय लिया है। वहीं, नगर निगम ने नव विस्तारित क्षेत्रों में सरकारी जमीन को चिह्नित कर कब्जे की कार्रवाई कर रही है। बीते दस दिनों में 23 बीघे जमीन पर कब्जा लिया गया। इसकी घेरेबंदी कराई गई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Special news of Varanasi bail plea of couple rejected Municipal Corporation possession of land
वाराणसी में आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Top News of Varanasi : विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम चतुर्थ) रवींद्र कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने लंका निवासी शरद भार्गव अैर उसकी पत्नी ऋचा भार्गव की अंतरिम अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। दंपती पर धोखाधड़ी कर सामान के बिक्री के 1.13 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप है। अदालत ने नियमित अग्रिम जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए अगली तिथि 27 जनवरी नियत की है।

विज्ञापन


अभियोजन पक्ष के अनुसार संत रघुवर नगर काॅलोनी, महमूरगंज निवासी शंकर तोदी ने चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वह अपने और अपने भाइयों अनिल तोदी और अनूप तोदी के साथ मिलकर कंप्यूटर, प्रिंटर सहित इनसे संबंधित एसेसरीज के होलसेल सप्लायर है। 
विज्ञापन


लंका स्थित विनायका रेजिडेंसी निवासी शरद भार्गव और उसकी पत्नी ऋतु भार्गव को कंप्यूटर और स्टेशनरी की मांग के आधार पर माल सप्लाई किया जाता रहा। दंपती पर एक करोड़ 13 लाख 31 हजार 917 रुपये बकाया हो गया। जब बकाया भुगतान करने को कहा गया तो दंपती गालीगलौज करते हुए जान से मरवाने की धमकी देने लगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


छोटी-बड़ी मालवाहक गाड़ियों को दिन में नहीं मिलेगी एंट्री
महाकुंभ से पलट प्रवाह के चलते शहर में तीन से चार गुना वाहनों का दबाव बढ़ गया है। हर तरफ जाम का सामना कर रहे लोगों की सहूलियत के लिए अब दिन में छोटी-बड़ी मालवाहक गाड़ियां शहर में प्रवेश नहीं कर पाएंगी। ग्रामीण और शहर की सीमा पर इन्हें रोक दिया जाएगा।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और अस्थाई पार्किंग में वाहनों को खड़ा कराने को कहा। पुलिस आयुक्त ने निरीक्षण किया। कैंट रेलवे स्टेशन, रोडवेज, संपूर्णानंद पार्किंग, अमर उजाला चौराहा, सिगरा, रथयात्रा, भेलूपुर, लंका, मालवीय चौराहा, नरिया, डीएलडब्ल्यू, मंडुवाडीह चौराहे का निरीक्षण किया।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि पार्किंग स्थलों के पास ऑपरेशन-चक्रव्यूह के तहत चेकिंग की जाए। अस्थाई पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुविधाओं के तहत हेल्प डेस्क, पीए सिस्टम की व्यवस्था हो। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन सरवणन टी., अपर पुलिस उपायुक्त यातायात राजेश कुमार पांडेय मौजूद रहे।

अवैध वसूली के खिलाफ गुमटी मार्केट के दुकानदार हुए लामबंद
बरेका परिसर स्थित गुमटी मार्केट में गुरुवार की रात कुछ लोगों द्वारा दुकानदारों से अवैध पैसा मांगने के खिलाफ लगभग डेढ़ सौ दुकानदार स्थानीय पुलिस चौकी पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। दुकानदारों व सब्जी विक्रेताओं ने व्यापार मंडल से जुड़ी एक महिला और एक पुरुष सदस्य पर 20 रुपये एवं आधार कार्ड, नाम, पता नोट करने का आरोप लगाते हुए पैसा देने से मना कर दिया। 

इस पर महिला सदस्य ने धक्कामुक्की का चार दुकानदारों सुरेंद्र, कल्लू, दिलीप व रणजीत पर आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस, सुरेंद्र और कल्लू को चौकी पर ले आई। दो दुकानदारों के पुलिस द्वारा पकड़े जाने की सूचना पर सैकड़ों की संख्या में दुकानदार बरेका चौकी पर पहुंचकर विरोध किया। 

पुलिस ने उन्हें कल आने की बात कहकर छोड़ दिया। थानाध्यक्ष मंडुवाडीह भरत उपाध्याय ने बताया कि बरेका गुमटी मार्केट में दुकान लगाने और व्यवस्थित करने के संबंध में दो पक्षों में धक्कामुक्की हुई है। इस संबंध में जांच कराकर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

नगर निगम ने 10 दिन में 23 बीघा भूमि पर लिया कब्जा
नगर निगम ने नव विस्तारित क्षेत्रों में सरकारी जमीन को चिह्नित कर कब्जे की कार्रवाई कर रही है। बीते दस दिनों में 23 बीघे जमीन पर कब्जा लिया गया। इसकी घेरेबंदी कराई गई है। कंदवा में चार बीघे, अहमदपुर में तीन बीघे, डाफी में सात बीघे, सरसंवा में पांच बीघे, दांदुपुर में चार बीघे जमीन पर घेरेबंदी की गई। नगर निगम ने अब तक 700 बीघे से अधिक की भूमि चिह्नित की है। इसमें 540 बीघे पर कब्जा किया जा चुका है। नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता को जमीन पर घेरेबंदी करने के निर्देश दिए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ता की मां को दी श्रद्वांजलि
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल गुरुवार को गांव कुसमरा में कार्यकर्ता बच्चन पटेल के यहां पहुंची। पिछले दिनों बच्चन पटेल की मां जगनी देवी का निधन हो गया था। केंद्रीय मंत्री ने परिजनों से भेंट की। जगनी देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्वांजलि दी। उन्होंने मौजूद लोगों से सरकार की योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान रोहनिया विधायक सुनील पटेल मौजूद रहे।

तहसील बार एसोसिएशन ने अधिवक्ता को किया सम्मानित
पिंडरा तहसील बार एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को सहयोग देने के लिए पूर्व शासकीय अधिवक्ता रमाशंकर, पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार और पूर्व महामंत्री अमरनाथ यादव को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान तहसील बार एसोसिएशन पिंडरा के अध्यक्ष कृपाशंकर पटेल, महामंत्री सुधीर सिंह, श्रीनाथ गोंड़, रामभरत यादव, छोटेलाल, सतीश पांडेय, अवनीश चौबे और अजय गुप्ता समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

घर से नाराज होकर निकली दो बहनों को खोज निकाला
हुकुलगंज क्षेत्र में गुरुवार की सुबह परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकली दो सगी बहनों को चंद घंटों में लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने कैंट स्टेशन से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष विवेक पाठक ने बताया कि दोनों बहनों को समझा-बुझाकर परिवार को सौंप दिया गया है।

करंट की चपेट में आने से झुलसा
जंसा थाना क्षेत्र के हाथी बाजार में करंट की चपेट में आने से रामनरेश उर्फ नाटे (48) झुलस गया। रामनरेश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बताया कि राम नरेश नया टेलीविजन लेकर आए थे। उसका प्लग स्विच बोर्ड में लगाकर वह उसे ऑन कर रहे थे। उसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए।

घर जाकर दो भाइयों और बहन को पीटा
शिवपुर थाने में दानूपूर, क्राइस्ट नगर निवासी मनोज कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि गत 14 जनवरी को विक्की राजभर, सोहन राजभर, लालू राजभर, चुनमुन राजभर, ज्वाला राजभर और विकास अपने साथियों के साथ उनके घर आ गए। सभी उन्हें और उनके भाई-बहन से गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर जातिसूचक गाली देते हुए सभी ने उन्हें और उनके भाई-बहन को मारा।

बनारस कमिश्नरी बार एसोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
मनुष्य का हित सर्वोपरि है। मुकदमों के जाल में फंसाकर कोई ऐसा काम नहीं करना चाहिए जिससे मनुष्यता कराह उठे। आत्मावलोकन से उत्कृष्ट पवित्रता के साथ काम किया जा सकता है। 

यह बातें दी बनारस कमिश्नरी बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि अपर आयुक्त प्रशासन राकेश कुमार गुप्त ने कहीं। समारोह को अपर आयुक्त सुभाष चंद्र यादव, मुख्य चुनाव अधिकारी तारकेश्वर लाल, सुभाषचंद्र उपाध्याय, लालचंद चौबे, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मंगलेश दूबे, बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश तिवारी, रवि शंकर त्रिपाठी,रमाशंकर सिंह, आशीष श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। 

समारोह में अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, महामंत्री जितेंद्र कुमार पांडेय और वरिष्ठ उपाध्यक्ष रंजन कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों और कार्यकारिणी के सदस्यों को शपथ दिलाई गई।

जान मारने की धमकी पर तीन के खिलाफ केस दर्ज
जान से मारने की धमकी देने के मामले में अरुण कुमार पटेल ने राजेश पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पहड़िया श्रीनगर काॅलोनी के रहने वाले अरुण कुमार पटेल ने बताया कि उसी काॅलोनी के राजेश पटेल ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित अरुण की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

पॉलिटेक्निक की विषय समेस्टर की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू
परीक्षा के साथ परिणाम में पारदर्शिता लाने के लिए पॉलिटेक्निक सेमेस्टर की कॉपियों का डिजिटल मूल्यांकन शुरू हो गया। सभी कॉपियों की जांच और फरवरी तक परिणाम जारी करने की तैयारी है। प्राविधिक शिक्षा परिषद ने सभी राजकीय और अनुदानित प्रधानाचार्यों को दिशानिर्देश जारी किया है। 

निदेशालय स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रधानाचार्य नियंत्रक, जबकि एक अन्य अधिकारी उपनियंत्रक होंगे। हर परीक्षक को 100 कॉपियां आवंटित की गई हैं। कम से कम 50 कॉपियों का डिजिटल मूल्यांकन जरूरी है। ऐसा न करने पर तय दिवस का मानदेय नहीं दिया जाएगा। व्यवस्थापक को प्रतिदिन 500 रुपये मिलेंगे। उपनियंत्रक को 400, परीक्षक को प्रति कॉपी 15 रुपये दिए जाएंगे। 

गेट मैन और सफाई कर्मचारी को प्रतिदिन 50 रुपये दिए जाएंगे। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक सुंदरपुर के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार ने बताया कि डिजिटल मूल्यांकन केंद्र के अंदर किसी भी परीक्षक और अधिकारियों को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं है। विषय समेस्टर परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू हो गया है। फरवरी के पहले सप्ताह में परिणाम जारी करने की तैयारी की है। 

दिनभर हो रही माल की अनलोडिंग, मैदागिन पर जाम
महाकुंभ के पलट प्रवाह से काशी में वाहनों की संख्या पहले से ही बढ़ी हुई है। वहीं व्यापारियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि रात में ही माल की लोडिंग-अनलोडिंग कराएं। उसके बावजूद मैदागिन इलाके में दिनभर माल उतरता रहता है। इससे सड़क पर जाम की स्थिति बढ़ती जा रही है।

विशेश्वरगंज किराना मंडी से मैदागिन तक जाम में लोग फंसे रहते हैं। गुरुवार को पूरे दिन लोग जाम से जूझते रहे। वहीं, बौलिया-चांदपुर मार्ग पर भी खराब सड़क और निर्माण कार्य के कारण पूरे दिन जाम लगा रहा।

बेसमेंट में पैथोलाजी, अस्पताल को खाली करने के लिए एक दिन का मौका
वीडीए की ओर से बादशाह बाग काॅलाेनी में सेवन एमईडी अस्पताल का निरीक्षण किया गया। यहां बेसमेंट में पैथोलॉजी चलाई जा रही थी। इसे खाली करने के लिए एक दिन समय देते हुए शमन मानचित्र दाखिल करने के निर्देश दिए। गुरुवार को वीडीए सचिव डाॅ. वेद प्रकाश मिश्रा ने कई स्थानों पर निरीक्षण किए।

बादशाह बाग काॅलोनी में तरुण कुमार मोटवानी स्वीकृत मानचित्र के विपरीत होटल का निर्माण करा रहे थे। जिसे बंद कराते हुए शमन मानचित्र दाखिल करने को कहा। गौरीगंज, भेलूपुर में अशफाक अहमद इरफान अहमद की ओर से नक्शे के विपरीत निर्माण करने पर नोटिस दिया गया।

गौरीगंज, भेलूपुर में आशीष जायसवाल की ओर से स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण करने पर नोटिस दिया गया। भेलूपुर जल-कल विभाग के समीप रेनू पांडेय और गौरव पाण्डेय की ओर से स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण करने पर नोटिस दिया गया।

महमूरगंज में सावित्री साहू की ओर से दाखिल शमन मानचित्र के स्थल का निरीक्षण किया। यहां संशोधित शमन मानचित्र दाखिल करने को कहा। भेलूपुर में फरहान तवज्जुम की ओर से स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कराने पर भवन को सील किया गया।

हनुमानजी की प्रतिमा की हुई प्राण-प्रतिष्ठा
दानगंज के बहुरा भुजाडी में हनुमान जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा हुई। वैदिक ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन अर्चन किया। इस दौरान हनुमान जी की प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई और नगर भ्रमण करवाया गया। महिलाओं ने मंगल गीत गाया। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

मां मारुका देवी की प्राण प्रतिष्ठा पर हुआ हवन और कन्या पूजन
चांदपुर चौराहे पर मारुका माई की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को हवन-पूजन हुआ। कन्याओं की पूजा हुई। भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आचार्य डॉ. शीतला प्रसाद त्रिपाठी के आचार्यत्व में 11 वैदिक ब्राह्मणों ने बुधवार को मां मारुका, शीतला माता व शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा करवाई। यजमान राजेश जायसवाल व उनकी पत्नी निर्मला जायसवाल ने पूजा करवाई।

अंतिम दिन मंदिर में सुबह हवन-पूजन हुआ। मां को फल, मिष्ठान के साथ पकवानों का भोग लगा। शाम को भंडारा हुआ जो देर रात तक चला। अनुष्ठान में मां मारुका सेवा समिति के अध्यक्ष राजेश पटेल, पार्षद राजेश कन्नौजिया, घनश्याम जैन, रामाश्रय पाल, गोपाल सोनकर आदि का सहयोग रहा।

प्रमुख चौराहे पर लगे डॉ. सैम्युअल हैनीमेन की प्रतिमा- डॉ. जेएन सिंह रघुवंशी
आइडियल होमियोपैथिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन शाखा के चिकित्सकों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को महापौर अशोक तिवारी से मुलाकात की। उन्होंने होमियोपैथिक चिकित्सा पद्धति के जनक डॉ. सैम्युअल हैनीमेन की प्रतिमा प्रमुख चौराहे पर स्थापित करने की मांग की। इसके साथ ही नगर निगम में होम्योपैथी चिकित्साधिकारी के रिक्त पदों की भर्ती हेतु आवेदन पत्र दिया। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.जेएन सिंह रघुवंशी, जिला अध्यक्ष डॉ.वी शंकर, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सर्वेश चौबे मौजूद रहे।

शुभा के सुरों ने विहान की अगवानी
सुबह ए बनारस के आयोजन में गुरुवार को अस्सीघाट पर अमेरिका में रह रहे प्रवासी भारतीय कलाकार शुभा ने गायन से विहान की अगवानी की। उन्होंने राग भैरव में निबद्ध मध्यलय झपताल में निबद्ध बंदिश से शुरुआत की। बोल थे- आज महादेव शंकर आए...। तीनताल में निबद्ध सूर्याष्टकं सुनाकर विभोर किया। समापन दीपचंदी ताल में निबद्ध रचना से की। बोल थे- यूगन यूगन से हम योगी...। तबले पर पं. किशन रामडोहकर तथा संवादिनी पर पं. पंकज मिश्रा ने संगत की। सुबह ए बनारस के संस्थापक सचिव डॉङ रत्नेश वर्मा ने कलाकार को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मियों ने की नारेबाजी, प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश में बिजली के निजीकरण के विरोध में बृहस्पतिवार को बिजलीकर्मियों ने कालीपट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। भिखारीपुर स्थित हनुमान मंदिर पर कर्मचारियों ने नारेबाजी की। अभी दो दिन तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारी के साथ ही जूनियर इंजीनियर्स, अभियंता शामिल हुए। विद्युत कर्मचारी संघर्ष समिति की ओर से कबीरचौरा पर निजीकरण के विरोध में नुक्कड़ सभा की गई। इसमें व्यापारी भी शामिल हुए। मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने बताया कि सरकार द्वारा निजीकरण का फैसला वापस न लेने तक संघर्ष जारी रहेगा। 

विरोध-प्रदर्शन में माया शंकर तिवारी, राजेंद्र सिंह, मदन श्रीवास्तव, अनिल शुक्ला, अवर अभियंता संजय कुमार, जमुना प्रसाद आदि लोग मौजूद रहे। उधर विद्युत मजदूर संगठन,उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल अध्यक्ष इंद्रेश कुमार राय के नेतृत्व में कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्वांचल उपाध्यक्ष संदीप कुमार ने कहा कि वर्ष 2000 के समझौते के अनुसार राज्य विद्युत परिषद का पुनर्गठन किया जाए।

परिवार के साथ आत्मदाह के लिए सीएम को भेजा पत्र
एक हिस्ट्रीशीटर के आतंक से क्षुब्ध होकर मां गंगा निषाद राज सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार निषाद गुरु ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। उन्होंने न्याय न मिलने पर 26 जनवरी को परिवार के साथ आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।

बीते दो साल से हिस्ट्रीशीटर दशाश्वमेध घाट पर नाव नहीं लगने दे रहा है। पुलिस से शिकायत के बाद भी कुछ नहीं हुआ। थक हारकर पूरे परिवार के साथ आत्मदाह करने का निर्णय लिया है। इसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।

पूर्वोत्तर के 25 विद्यार्थी पहुंचे काशी, विश्वविद्यालयों में छात्रों से करेंगे मुलाकात
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रकल्प अंतर राज्य छात्र जीवन दर्शन द्वारा निकाली गई 'राष्ट्रीय एकात्मकता यात्रा' के तहत पूर्वोत्तर के 25 विद्यार्थी गुरुवार को काशी पहुंचे। परिषद के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। काशी प्रवास के दौरान ये विद्यार्थी बीएचयू, काशी विद्यापीठ सहित अन्य विश्वविद्यालयों में छात्रों से मुलाकात करेंगे।

महानगर संगठन मंत्री शिवम सिंह ने बताया कि प्रतिनिधियों को वाराणसी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं के परिवारों के साथ रखा जाएगा, ताकि उन्हें उत्तर भारत की विशिष्ट पद्धति से परिचित कराया जा सके। वाराणसी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को जानने का अवसर प्राप्त करेंगे। 

काशी प्रवास के दौरान पूर्वोत्तर से आए सभी विद्यार्थी काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ मंदिर और अन्या प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेंगे। साथ ही काशी हिंदू विश्वविद्यालय, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से मिलेंगे। 

उन्हें उत्तर भारत की सांस्कृतिक धरोहर की झलक दिखाई जाएगी। परिषद के काशी प्रांत के प्रांतमंत्री अभय प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों के समूह में मणिपुर से 3, मेघालय से 4, नगालैंड से 2, असम से 3, त्रिपुरा से 3, मिजोरम से 4 अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम से 2 विद्यार्थी प्रतिनिधि शामिल हैं।

चार किशोर श्रमिक मुक्त कराए
विशेष अभियान चलाकर बाल श्रम के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। बृहस्पतिवार को श्रम विभाग और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट एवं चाइल्ड लाइन ने कैंट रेलवे स्टेशन और रोडवेज क्षेत्र में 3 दुकानों से 4 किशोर श्रमिकों को मुक्त कराया गया। अभियान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुनील कुमार द्विवेदी, पंकज कुमार सिंह, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के घनश्याम तिवारी मौजूद रहे।

सपा ने घेराव कर कैंट थाने में दिया ज्ञापन
नेताजी मुलायम सिंह यादव पर अभद्र टिप्पणी से खफा सपा कार्यकर्ताओं ने कैंट थाने का घेराव किया। लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव विकास श्रीवास्तव ने ज्ञापन के माध्यम से टिप्पणी करने वाले महंत राजूदास पर एफआईआर करने की मांग की। कैंट थाना प्रभारी को पत्र देने के साथ महंत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की। घेराव करने वालों में दीपचंद गुप्ता, होरीलाल गुप्ता, पंकज यादव, हर्षित मौर्य, अभिषेक राजभर, अभिषेक प्रजापति आदि शामिल रहे। 

डंपर का टायर फटा, गिट्टी से होमगार्ड के माथे पर लगी चोट
मंडुवाडीह चौराहे पर बृहस्पतिवार ध्वस्तीकरण संग सड़क चौड़ीकरण के काम में लगे खड़े डंपर का टायर फट गया। टायर फटने पर सड़क पर पड़ी गिट्टियां हवा में बिखरीं। एक गिट्टी ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड उमेश मिश्रा के माथे पर जा लगी और खून बहने लगा। मंडुवाडीह चौराहे पर ही मौजूद टीआई जितेंद्र यादव और टीएसआई जितेंद्र सिंह ने होमगार्ड उमेश को अस्पताल पहुंचाया और उसका प्राथमिक उपचार कराया। 

ट्रेन की चपेट में आने से मौत
जंसा थाना क्षेत्र के सरौनी गांव के समीप बृहस्पतिवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। काफी प्रयास के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र लगभग 50 वर्ष प्रतीत हुई है। वह मैरून रंग का जैकेट और लाल रंग का लोअर पहने हुए था। 

बंद मकान को चोरों ने खंगाल डाला
लोहता के छितौनी गांव में बुधवार की रात चोर बंद मकान के गेट और कमरे का ताला तोड़कर चोर आभूषण और नकदी चुरा ले गए। मकान मालिक ईश्वरीय नारायण सिंह गत 19 जनवरी को परिवार के साथ वैष्णव देवी के दर्शन करने गए हैं। मकान की देखरेख के लिए चाबी अपने साले गौरव सिंह को दिए हैं।

बुधवार की रात गौरव मकान पर नहीं गए। गुरुवार की सुबह गौरव मकान पर गए तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने लोहता थाने की पुलिस को सूचना दी। लोहता थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि मकान मालिक के वापस आने पर पता चलेगा कि क्या-क्या चोरी हुआ है। 

दीवार से टकराए बाइक सवार दो युवक, बेहोश हुए
नदेसर स्थित टीवी टाॅवर के समीप बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गए। दोनों मौके पर ही बेहोश हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से कैंट थाने की पुलिस ने दीनदयाल अस्पताल के ट्राॅमा सेंटर भिजवाया। डॉक्टर ने दोनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घायलों की पहचान नदेसर घौसाबाद निवासी रवि मिश्र (30) और अरुण कुमार (28) के रूप में हुई है। पुलिस की सूचना पर दोनों युवकों के परिजन अस्पताल पहुंचे।

बार और बेंच ने मिल-जुल कर काम करने का लिया निर्णय
पिंडरा तहसील सभागार में गुरुवार को एक सप्ताह से एसडीएम न्यायिक के न्यायालय के बहिष्कार को लेकर बार और बेंच के बीच बैठक हुई। बैठक में बार और बेंच के बीच के गतिरोध को समाप्त कर मिल-जुल कर काम करने का निर्णय लिया। इस दौरान वकीलों ने तहसील के अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखीं। 

उन्हें एक सप्ताह में निस्तारण करने का आश्वासन मिला। इस दौरान एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एसडीएम न्यायिक प्रज्ञा सिंह, तहसीलदार विकास पांडेय, तहसील बार एसोसिएशन पिंडरा के अध्यक्ष कृपाशंकर पटेल व महामंत्री सुधीर सिंह, शिवपूजन सिंह, कमला प्रसाद मिश्रा, पंधारी यादव सहित अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।

बीएचयू पहुंचे नौ सेना के बाइकर्स जवानों का स्वागत
नौ सेना में आईएनएस के जुड़ने की 37वीं वर्षगांठ को लेकर विशाखापत्तनम से बाइक पर निकले नेवी के बाइकर्स बृहस्पतिवार को बीएचयू कैंपस पहुंचे। प्लेसमेंट सेल कार्यालय में सभी का स्वागत किया गया। जवानों ने अपनी साहसिक यात्रा के उद्देश्यों के बारे में बताया। 13 दिन की रैली अयोध्या में 24 जनवरी को समाप्त होगी। बाइकर्स कुल 1649 किलोमीटर तक का सफर तय कर अयोध्या पहुंचेंगे।

कमांडर वासुदेवन अरविंद कृष्णन ने बताया कि वाइस एडमिरल समीर सक्सेना चीफ ऑफ स्टाफ, पूर्वी नौसेना कमान ने विशाखापत्तनम में पूर्वी बेड़े के मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया था। कृष्णन ने छात्रों को नौसेना से जुड़ाव और कामकाज के बारे में बताया। बीएचयू से वीके चंदोला, डॉ. उमेश सिंह के साथ ही एनसीसी कैडेट मौजूद रहे। 

तुलसीपुर और भगवानपुर में 18.05 लाख के कार्यों का हुआ लोकार्पण
तुलसीपुर और भगवानपुर वार्ड में 18.05 लाख की लागत से दो कार्यों का लोकार्पण गुरुवार को कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने किया। तुलसीपुर के रघुनाथ नगर कॉलोनी स्थित सोनकर बस्ती में 7.55 लाख की लागत से 141 मीटर इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य होगा। भगवानपुर के सत्यम नगर में छोटेलाल पाठक की दुकान से रामअवतार के आवास तक 10.5 लाख की लागत से 171.30 मीटर इंटरलॉकिंग मार्ग बनेगा। वरिष्ठ नागरिक मूलचंद सोनकर, यश नारायण सिंह, पार्षद अमित सिंह ने पूजा की।

मानव शृंखला बनाकर सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
सुभाष जयंती पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में विद्यार्थियों ने मानव शृंखला बनाकर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में कुलसचिव दीप्ति मिश्रा, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह, प्रो. संतोष गुप्ता, प्रो. रमाकांत सिंह, एनएसएस समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम आदि शामिल रहे।

वहीं, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने अध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा शपथ ग्रहण दिलाई। इस दौरान सभी ने मानव शृंखला भी बनाई। इस मौके पर कुलसचिव राकेश कुमार, प्रो. रमेश प्रसाद, प्रो. अमित कुमार शुक्ल, प्रो. विजय कुमार आदि मौजूद रहे। काशी कृषक इंटर कॉलेज हरहुआ में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। 

साथ ही विभिन्न विद्यालयों व अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से मानव शृंखला बनाई। इसमें लगभग दो हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर एडीएम सिटी आलोक वर्मा, आरटीओ प्रशासन शिखर ओझा, आरटीओ (प्रवर्तन) मनोज कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।

पिंडरा ब्लॉक में खुला फॉर्मर रजिस्ट्री कैंप
बीडीओ छाेटेलाल तिवारी ने बताया कि किसान सम्मान निधि के पंजीकरण के लिए फॉर्मर रजिस्ट्री होना जरूरी है। इसके लिए ब्लॉक कार्यालय पर कैंप लगाया जा रहा है। यहां किसान पंजीकरण कराने के लिए आ सकते हैं। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक निशुल्क पंजीकरण कराया जा रहा है। किसान अपने साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति और आधार लिंक मोबाइल लेकर आना अनिवार्य होगा।

सिंचाई विभाग की जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण पर लगी रोक
चोलापुर क्षेत्र के गांव साई में सिंचाई विभाग की जमीन पर कुछ लोग अवैध निर्माण कर रहे थे। शिकायत होने पर विभाग के अफसरों ने पुलिस की मदद से अवैध निर्माण पर रोक लगवाई। अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।

भाजपा छोड़ सपा में शामिल हुए राजू बने जिला उपाध्यक्ष
पूर्व सभासद राजू सोनकर भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हो गए। बृहस्पतिवार को बटाऊबीर स्थित एक मैरिज लान में आयोजित सपा कार्यकर्ता सम्मेलन में एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के जिलाध्यक्ष जितेंद्र यादव मलिक ने जिला उपाध्यक्ष के पद पर जिम्मेदारी दी। राजू सोनकर ने कहा कि वह सपा के पुराने सिपाही हैं, भाजपा के बहकावे में सपा का साथ छोड़ दिए थे। इस मौके पर पूर्व प्रधान रामबाबू सोनकर, इश्तियाक अहमद समेत अन्य मौजूद रहे। 

घर-घर हुई कुंडे की फातिहा, रोजी में बरकत की मांगी गई दुआ
इस्लामी साल के रजब महीने की 22 तारीख यानी गुरुवार को घर-घर कुंडे की फातिहा हुई। 1300 साल पुरानी रिवायत को निभाते हुए इमाम जाफर सादिक के वसीले से नियाज कराई गई और रोजी-रोटी में बरकत की दुआ मांगी गई। वहीं, जुमेरात होने की वजह से शहर के तमाम आस्तानों पर भी अकीदतमंदों की भीड़ रही।

गुरुवार को मुस्लिम इलाकों में सुबह से चहल-पहल रही। रात भी ख्वातीन ने पाकीजा माहौल में तरह-तरह के पकवान बनाए। फज्र की नमाज के बाद लोगों ने फातिहा कराई। इसके बाद एक दूसरे के घरों में जाकर लोगों ने कुंडे के नजर में शिरकत की और तबर्रुक खाया। 

उधर, दरगाहे फातमान में महफिल को खिताब करते हुए हाजी फरमान हैदर ने कहा कि शहीदे करबला इमाम हुसैन के परपौत्र इमाम जाफर सादिक ने अपने चाहनेवालों को रोजी में बरकत के लिए इस नियाज का तरीका बताया था। छठे इमाम जाफर सादिक ने 1300 साल पहले इल्म का चिराग रौशन करते हुए यूनिवर्सिटी की स्थापना की थी।

पैसा मांगने पर पिटाई, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव थानाक्षेत्र के पांचों शिवाला गांव में स्थित एक गौशाला की चार दिवारी का निर्माण कार्य कर रहे मजदूरों को पैसा मांगने पर पिटाई करने के मामले में ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। जानकारी के अनुसार सोनभद्र जनपद के जोरुखाढ़ गांव निवासी उमेश अपने तेरह महिला, पुरुष लेबरों के साथ उपरोक्त गांव में गौशाला की चारदीवारी बनाने का कार्य कर रहा था। गुरुवार को दोपहर में सभी लोग ठेकेदार मनीष सिंह से पैसे की मांग करने लगे। जिस पर ठेकेदार उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर भगा दिया।

वृद्वाश्रम में बुजुर्गों का बनवाएं आधार कार्ड
डीएम एस. राजलिंगम ने गुरुवार को अनुसूचित जाति जनजाति अनुश्रवण समिति के साथ बैठक की। डीएम ने निर्देश दिए कि वृद्ध आश्रम और अपना घर आश्रम में समस्त 70 वर्ष से अधिक विद्धजनों का आयुष्मान कार्ड बनवाएं। अनुसूचित जाति के व्यक्तियों पर मुकदमा दर्ज होता है, उनका प्रस्ताव पुलिस विभाग द्वारा समाज कल्याण कार्यालय में प्रेषित किया जाए। प्रस्ताव भेजने में देरी न करें।

सपा पार्षद दल के नेता बने हारून अंसारी
नगर निगम सदन में सपा पार्षद दल के नेता की जिम्मेदारी हारून अंसारी को दी गई है। इसके पहले सपा पार्षद अमरदेव यादव के पास यह जिम्मेदारी थी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने इस आशय का पत्र जारी कर दिया है। गोविंद सिंह पटेल को उपनेता बनाया गया है।

मुख्य सचेतक अवनीश यादव विक्की को बनाया गया है। राजकपूर चौधरी को सचेतक बनाया गया है। अमरदेव यादव नगर निगम कार्यकारिणी और सपा पार्षद दल नेता दोनों का पद संभाल रहे थे। इसलिए उन्हें सपा पार्षद दल के पद की जिम्मेदारी से मुक्त किया है। 

ऑटो, टैक्सी चालक महाकुंभ के बाद करेंगे हड़ताल
कैंट रेलवे स्टेशन पर प्रीपेड व्यवस्था को लेकर होने वाली हड़ताल को ऑटो और टैक्सी चालकों ने फिलहाल टाल दिया है। अब वे महाकुंभ के बाद हड़ताल करेंगे। बृहस्पतिवार को इस मुद्दे पर आरटीओ शिखर ओझा से डीआरएम लखनऊ ने बातचीत कर महाकुंभ के बाद वाराणसी आकर बैठक करने की बात कही है। बैठक में ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष को भी शामिल किया जाएगा।

इसको लेकर आरटीओ ने हरहुआ में बस अड्डे पर आयोजित कार्यक्रम में ऑटो चालकों से बातचीत कर बैठक होने और समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद चालकों ने 28 फरवरी तक हड़ताल न करने का निर्णय लिया है। रेलवे स्टेशन पर प्रीपेड व्यवस्था को लेकर पिछले दिनों ऑटो, टैक्सी चालकों ने हड़ताल का निर्णय लिया था। इसकी सूचना अधिकारियों को भी दे दी थी। 

ऑटो यूनियन के अध्यक्ष भगवान सिंह ने बताया कि सनातन धर्म का सबसे बड़ा तीर्थ महाकुंभ के दौरान काशी आने वाले तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसको देखते हुए आरटीओ शिखर ओझा के आश्वासन पर हड़ताल को 28 फरवरी तक स्थगित कर दिया गया है। 

यदि इस तिथि तक मांगें नहीं मानी गई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जाएगा। उधर, हरहुआ में आयोजित सड़क सुरक्षा के लिए मानव शृंखला कार्यक्रम में सर्वेश चतुर्वेदी, एडीएम सिटी आलोक वर्मा, एआरटीओ श्याम लाल यादव, भगवान सिंह, सुभाष सिंह मौजूद रहे।

पार्षद ने नगर आयुक्त से की आदमपुर जोन की शिकायत
काजी सादुल्लापुरा की पार्षद फरजाना ने नगर आयुक्त को आदमपुर जोन में अनियमितताओं से जुड़ी शिकायती पत्र दिया है। पार्षद ने कहा कि कार्यालय में कर्मचारी गैरहाजिर रहते हैं। इसके चलते आम जनता को बार बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। जोनल अधिकारी पर आरोप लगाया कि वे पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाते हैं। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है। 

सपा कार्यालय में मनाई गई सुभाष चंद्र बोस की जयंती
सपा की ओर से गुरुवार को जिला और महानगर कार्यालय में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती मनाई गई। महानगर कार्यालय भेलूपुर में गोष्ठी हुई। इसकी अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस आजीवन अंग्रेजों के खिलाफ स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व करते रहे।

महानगर महासचिव योगेंद्र यादव, पूर्व महानगर महासचिव जितेंद्र यादव, डॉ. आनंद प्रकाश तिवारी मौजूद रहे। उधर अर्दली बाजार स्थित जिला कार्यालय पर विचार गोष्ठी हुई। जिला प्रवक्ता संतोंष यादव ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस देश भक्ति के प्रतीक हैं। महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि नेताजी ने आजाद हिंद फौज का गठन किया जिसका उद्देश्य ब्रिटिश शासन से भारत को आजाद करना था। संचालन विष्णु शर्मा ने किया।

बीएचयू में महिला विभागाध्यक्ष ने अधिकारियों, शिक्षकों पर लगाए आरोप
बीएचयू में पत्रकारिता विभाग की अध्यक्ष प्रो. शोभना नार्लीकर ने बीएचयू के अधिकारियों के साथ ही विभाग के शिक्षकों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने जांच के साथ जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग भी की है। 

विभागाध्यक्ष ने गुरुवार को विभाग में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि विभाग में उन्हें अध्यक्ष पद के जो अधिकार मिलने चाहिए, वो नहीं दिए जा रहे हैं। स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रम से जुड़ी वित्तीय जानकारी भी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा नहीं दी जा रही है। महिला होने की वजह से मुझे जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।

विभागाध्यक्ष ने कहा कि विभाग के कई शिक्षकों ने कुलपति के मिलकर अपना गलत प्रमोशन करवा लिए। चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर विभागाध्यक्ष का अधिकार वापस नहीं किया गया और जांच करवाकर कार्रवाई नहीं की गई तो सत्याग्रह के लिए बाध्य होंगी।

वीडीए ने 24 बीघे की दो अवैध प्लाॅटिंग कराई ध्वस्त
वीडीए की ओर से गुरुवार को 24 बीघे की दो अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई गई। दशाश्वमेध वार्ड के दरेखू गंगापुर रोड पर बगैर ले आउट स्वीकृत कराए अजीत सिंह की ओर से 20 बीघे में अवैध प्लाॅटिंग विकसित की जा रही थी। इसी प्रकार संजय गुप्ता की ओर से चार बीघे में अवैध प्लाॅटिंग विकसित की जा रही थी। जोनल अधिकारी सौरव देव प्रजापति की अगुवाई में अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया।

धोखाधड़ी का आरोप झूठा, कोर्ट ने लगाई रोक
अटेसुआ मुर्दहा निवासी प्रभु यादव और उनके दो बेटों अभिनव व आयुष के खिलाफ फरवरी 2024 में अकथा के चंद्रबली यादव ने 14.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा कैंट थाने में दर्ज कराया था। प्रभु यादव ने बताया कि उन पर लगे आरोप झूठे हैं। इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश से फिलहाल कार्रवाई स्थगित है। 

अवैध निर्माण पर वीडीए करेगा सख्त कार्रवाई
अवैध निर्माणों को आपराधिक कृत्य मानते हुए वीडीए सख्त कार्रवाई करेगा। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार वीडीए की ओर से अवैध निर्माणों को संज्ञेय अपराध मानते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत सीजीएम कोर्ट में मामले दर्ज किए जाएंगे और भवन मालिक से एकमुश्त 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जब तक निर्माण कार्य रोका नहीं जाता, तब तक प्रतिदिन 2,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला जाएगा। ऐसे मामलों में थाने से जमानत नहीं मिल सकेगी और भवन मालिक को सीजीएम कोर्ट जाना होगा। 

छात्राओं को भविष्य के लिए बनाया सशक्त
छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनमें नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आर्य महिला पीजी कॉलेज में तेजस्विनी महिला प्रकोष्ठ की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया। संस्था राइट साइड स्टोरी की श्रद्धा और सगुन ने छात्राओं को लाइफ स्किल्स के बारे में बताया। पीएंडजी इंडिया की ओर से छात्राओं को उपहार दिया गया।

काॅलेज की प्राचार्य प्रो. रचना दूबे ने कहा कि छात्राओं को भविष्य के लिए सशक्त बनाने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं। संचालन डॉ. सुनीता यादव व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अपर्णा द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम में डॉ. पुष्पा त्रिपाठी, डॉ. गरिमा गुप्ता एवं तेजस्विनी महिला प्रकोष्ठ की सदस्यों की उपस्थिति रही। 

दुष्कर्म का मामला दर्ज
फुलवरिया की महिला ने अपनी 13 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म में पड़ोसी पर केस दर्ज कराया है। आरोप है कि विरोध पर पड़ोसी समेत अन्य ने मारपीट की। महिला के पति नहीं हैं। वह अपने दो बेटों और एक बेटी के साथ रहती है। वह घरों में झाड़ू-पोछा करती है। बीते 17 जनवरी की सुबह पड़ोसी रोहित ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। 

धमकी दी कि पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को खत्म कर देगा। महिला, उसके बेटे और भाभी ने इसे लेकर शिकायत की तो आरोपी ने अपने दोस्त बाबू, करन, कमलेश, रेशमा के साथ घर आया। गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी गई।

घटना के दिन ही 112 पर फोन कर पुलिस आई। इसके बाद कैंट थाने पर बुलाया गया। इसके बाद रोहित परिवार को जान से मरवाकर फेंकने की धमकी देता रहा। कहा कि उसका परिवार असुरक्षित है और वह और उसकी पुत्री आत्महत्या करने के लिए मजबूर हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed