फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Varanasi Accused of misdeed teenager arrested youth attacked knife scissors and rod

एक क्लिक में वाराणसी की चर्चित खबरें : किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी अरेस्ट, युवक पर चाकू-कैंची और राॅड से हमला

Sat, 25 Jan 2025 03:59 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 25 Jan 2025 03:59 AM IST
सार

वाराणसी के कैंट पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गत 23 जनवरी को किशोरी की मां ने मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं, दुर्गाकुंड क्षेत्र के कबीर नगर स्थित सीएमओ कार्यालय के पीछे फिर जमकर मारपीट हुई। मनबढ़ युवकों ने एक युवक पर चाकू-कैंची, रॉड और डंडे से हमला किया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Special news of Varanasi Accused of misdeed teenager arrested youth attacked knife scissors and rod
वाराणसी में आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पहलू का पुरा, फुलवरिया निवासी रोहित को 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में कैंट थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गत 23 जनवरी को किशोरी की मां ने मुकदमा दर्ज कराया था। वारदात के संबंध में रोहित से नाराजगी जताने पर वह अपने तीन दोस्तों के साथ किशोरी के घर में घुस कर मारपीट भी किया था।

विज्ञापन


पिता-पुत्र सहित तीन को तीन-तीन साल की कैद
गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) मनोज कुमार सिंह की अदालत ने अभियुक्त भट्ठी गांव के लालबहादुर शर्मा व उसके पुत्र डिंपल शर्मा और खड़ौरा गांव के रमेश शर्मा को दोषी पाया है। अदालत ने तीनों को तीन-तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनवाई है। साथ ही 10-10 हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया है। मामले के अनुसार वर्ष 2009 में एक हत्या के बाद तत्कालीन लोहता थानाध्यक्ष ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत करवाई की थी।

विज्ञापन

व्यवसायी के लाखों रुपये हड़पने के मामले में परिवाद दर्ज
सौंदर्य प्रसाधन के सामान के व्यवसायी से धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़पने के मामले में अदालत ने परिवाद दर्ज करने का आदेश दिया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (पंचम) नपेंद्र कुमार की अदालत ने इस मामले में लखनऊ के इंदिरा नगर निवासी सुनील सोनी को पांच मार्च को बतौर अभियुक्त पेश होने का आदेश दिया है।

हथुआ मार्केट, चेतगंज स्थित फर्म के मालिक रविंद्र नाथ सिंह ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि उनकी फर्म से विपक्षी सुनील सोनी द्वारा 12 मार्च 2022 को 1,00,723 रुपये और 26 फरवरी 2022 को 1,53,748 रुपये का सौंदर्य प्रसाधन का सामान लिया गया। भुगतान कुछ दिनों में करने की बात कही गई। जब विपक्षी उनके 2,54,471 रुपये नहीं लौटा रहा है। 

कई बार तगादा करने पर 20 मई 2023 को सुनील सोनी तीन-चार लोगों को लेकर उनके प्रतिष्ठान पर आया और उनसे मारपीट किया। साथ ही उसने असलहा निकाल कर उन्हें पैसा भूल जाने की बात कही। इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने अदालत की शरण ली।

विज्ञापन

25 लाख रुपये के गबन के मामले में दो सगे भाइयों को अग्रिम जमानत
साड़ी व्यवसायी के 25 लाख रुपये गबन करने के मामले में दो सगे भाइयों को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) द्वितीय अनुभव द्विवेदी की अदालत ने नक्खी घाट, हिदायतनगर निवासी आरोपी मोहम्मद मुरसलीन और उसके भाई जमाल अहमद को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है।

जैतपुरा निवासी मोहम्मद नसीम ने जैतपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि वह साड़ी व्यापारी है। 25 लाख रुपये की साड़ी आयत क्रिएशन की प्रोपराइटर सवीना परवीन और मुरसलीन की फर्म कलाम एंड संस को बेचा था। बकाया मांगने पर हीलाहवाली करने लगे। 7 नवंबर 2023 को विपक्षी के घर जाने पर मुरसलीन और जमाल ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

विज्ञापन

मुकदमा नहीं वापस लिया तो पीट कर दी धमकी
कबीरचौरा निवासी अमृत अग्रवाल की तहरीर पर कोतवाली थाने में तीन लोगों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। अमृत ने पुलिस को बताया कि दीवानी के एक मुकदमे में उन्हें समझौता के लिए कहा गया था। बात न मानने पर सगे भाई जितेंद्र खंडेलवाल व मनोज खंडेलवाल और गोविंद केजरीवाल ने उन्हें गत 22 जनवरी की रात मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।

युवक पर चाकू-कैंची, रॉड और डंडा से हमला, दो गिरफ्तार
दुर्गाकुंड क्षेत्र के कबीर नगर स्थित सीएमओ कार्यालय के पीछे फिर जमकर मारपीट हुई। मनबढ़ युवकों ने एक युवक पर चाकू-कैंची, रॉड और डंडे से हमला किया। इस मामले में भेलूपुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को चंदौली जिले के बबुरी थाने के शिवनाथपुर पचोखर के मूल निवासी और ब्रह्मानंद नगर, दुर्गाकुंड में रहने वाले जयंत यादव और हेमंत यादव उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।

आईपीपी कैंपस, उपेंद्र नगर कॉलोनी, कबीर नगर निवासी अनिल कुमार गुप्ता ने भेलूपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस को उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की रात उनका बेटा कृष्ण कुमार गुप्ता घर आ रहा था। सीएमओ कार्यालय के पीछे जयंत यादव, हेमंत यादव उर्फ सोनू, रामजन्म यादव, सुनील यादव, अवनेश यादव ने अपने दोस्तों के साथ कृष्ण कुमार पर हमला किया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उधर, भेलूपुर थानाध्यक्ष विजय नारायण मिश्र ने बताया कि अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।

अवैध वेंडरों के खिलाफ व्यापार मंडल ने सौंपा पत्रक
बरेका व्यापार मंडल ने शुक्रवार को अवैध वेंडरों पर धमकी देने का आरोप लगाया। इसको लेकर उन्होंने बरेका प्रशासन को पत्रक सौंपा। इस दौरान अवैध वेंडरों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की मांग की। संरक्षक योगिता तिवारी ने बताया कि मनमाने ढंग से सड़क पर कब्जा किए अवैध वेंडर अराजकता पैदा कर रहे हैं। उन्होंने अवैध वेंडरों के खिलाफ अभियान चलाने की मांग की। पत्रक सौंपने वालों में सह संरक्षक अखिलेश पाठक, अध्यक्ष राजेश, रमेश, मदनलाल और राजनारायण आदि रहे। 

होटल का मानचित्र वीडीए ने शुक्रवार को स्वीकृत किया
चेतगंज वार्ड के छित्तूपुर रोड पर हीरालाल जायसवाल के होटल का मानचित्र वीडीए ने शुक्रवार को स्वीकृत किया। रोड वाइडनिंग के लिए बाउंड्रीवाल का समायोजन किया गया। उनकी बाउंड्रीवाल रोड वाइडनिंग में आ रहा थी। उनसे कहा गया की मानचित्र स्वीकृति के उपरांत रोड वाइडनिंग में आ रही बाउंड्रीवाल को हटा लें। उनकी ओर से रोड वाइडनिंग में आ रही बाउंड्रीवाल को लगभग 03 मीटर हटाने का काम किया जा रहा है।

अवैध प्लाॅटिंग को चिह्नित कर ध्वस्तीकरण कराएं
वीडीए के अपर सचिव डाॅ. गुडाकेश शर्मा ने शुक्रवार को वीडीए में शमन मानचित्रों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शहर में हो रहे अनियोजित विकास एवं अवैध प्लाॅटिंग काे चिह्नित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करें। इस दौरान वार्ड शिवपुर, सिकरौल में 7,36,25,181 रुपये और वार्ड सारनाथ, आदमपुर, जैतपुरा में 6,63,23,831 रुपये जमा कराए। उन्होंने सील प्रकरणों की जांच एवं बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।

सोशल मीडिया पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, गिरफ्तार
कालभैरव मंदिर में वार्षिक शृंगार के दौरान केक काटने के वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कमेंट के मामले में मॉडल ममता राय ने भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को नेवादा सुंदरपुर निवासी शुभम अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।

रघुनाथ नगर, महमूरगंज की रहने वाली ममता राय ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की थी। उन्होंने पुलिस आयुक्त को बताया कि 26 नवंबर 2024 को कालभैरव मंदिर का वार्षिक शृंगार था। वह मंदिर में दर्शन-पूजन करने गई थी। केक काटने के दौरान वह भी मौजूद थी। 

केक काटने की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन्हें और मंदिर के महंत को लेकर दुष्प्रचार करना शुरू कर दिया। उनमें से शुभम अग्रवाल लगातार उनके बारे में सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणी करता रहा। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर भेलूपुर थाने में ममता राय के प्रार्थना पत्र पर मुकदमा दर्ज किया गया।

पाठशाला में महाकुंभ के बारे जानेंगे परिषदीय विद्यालय के विद्यार्थी
परिषदीय विद्यालय के विद्यार्थियों को अगले तीन सप्ताह तक 10 से 15 मिनट महाकुंभ पाठशाला के तहत आध्यात्मिक विरासत से अवगत कराया जाएगा। दस पन्नों की एक पुस्तिका भी तैयार की गई है। विद्यार्थियों को महाकुंभ सहित सभी कुंभ के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। 

मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हिमांशु नागपाल ने बताया कि पुस्तिका में इतिहास, वर्तमान सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और भौगोलिक महत्व को शामिल किया गया है। यह ज्ञान स्कूलों में तीन सप्ताह तक दिया जाएगा। रोज 10-15 मिनट बोर्ड परीक्षा के छात्रों को छोड़कर बाकि बच्चों को जानकारी की दी जाएगी। 

बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि जिले के 1145 विद्यालयों के बच्चों को महाकुंभ के बारे जानकारी देने के लिए महाकुंभ पाठशाला की शुरुआत की गई है। 150 प्रश्नों की सूची तैयार की गई है। 100 प्रश्नों की पुस्तिका का पीडीएफ तैयार करवाकर विद्यालयों को उपलब्ध कराया जा रहा है। अर्दली बाजार के प्राथमिक विद्यालय में इसे शुरू किया गया है।

क्रेडिट कार्ड के बकाया के नाम पर धमकाया, ले लिए 83 हजार
कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया, सरैया निवासी एक व्यक्ति से क्रेडिट कार्ड के बकाया के नाम पर धमका कर 83 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने अपनी पत्नी के अकाउंट से पैसे का भुगतान किया है। मामले को लेकर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। भुक्तभोगी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गत 20 जनवरी को एक व्यक्ति ने खुद को एक वित्तीय संस्थान का प्रतिनिधि बताते हुए उनकी पत्नी के मोबाइल पर फोन किया। 

उसने क्रेडिट कार्ड के बकाया का हवाला देते हुए 83 हजार रुपये तत्काल पेमेंट करने की बात की। अन्यथा की स्थिति में आपराधिक मामला दर्ज करने की धमकी दी। घबराहट में राजीव ने बताए गए अकाउंट में 83 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में धोखाधड़ी की जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस को तहरीर दी।

महिला ने दर्ज कराया मकान में चोरी का मुकदमा
जदीद बाजार, नदेसर में किराये के मकान में रहने वाली महिला ने कैंट थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता प्रिया सिंह के अनुसार वह सुभाष नगर, चंदौली की मूल निवासी हैं और जदीद बाजार में किराये के मकान में तीन साल से रहती हैं। बीते 24 दिसंबर को वह अपने मायके चली गई थी। 

आने पर उन्होंने देखा कि कमरे में बने दीवान में रखा सोने का हार, चूड़ी, मंगलसूत्र और चेन सहित सोने के अन्य आभूषण गायब हैं। चोरी की घटना को देखने पर प्रतीत हुआ है कि समीप के ही एक दंपती का इसमें हाथ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जिलाबदर और गैंगस्टर सहित छह आरोपी गिरफ्तार
कमिश्नरेट के गोमती जोन के दो थानों की पुलिस ने शुक्रवार को एक जिलाबदर और गैंगस्टर एक्ट के एक आरोपी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। डीसीपी गोमती जोन / क्राइम प्रमोद कुमार ने बताया कि फूलपुर थाना क्षेत्र के मंगारी गांव के विवेक पटेल को 20 दिसंबर 2024 को दो माह के लिए जिलाबदर किया गया था। फूलपुर थाने की पुलिस को पता लगा कि विवेक पटेल अपने गांव में मौजूद है। 

पुलिस ने विवेक को गिरफ्तार कर लिया। इसी तरह से मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित जंसा थाना क्षेत्र भडांव गांव निवासी राहुल कुमार को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा सिंधौरा थाने की पुलिस ने चोरी की दो बाइक के साथ मरुई गांव के सौरभ सिंह और ओदार गांव के अंकित सिंह को गिरफ्तार किया है। 

भाजपा काशी क्षेत्र की ओर प्रयागराज में डुबकी लगाने का न्योता
144 वर्ष बाद लगे महाकुंभ में डुबकी लगाने के लिए बड़ी संख्या महानगर, जिले एवं प्रदेश के भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सपरिवार शुक्रवार को प्रयागराज पहुंचे। भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने सभी कार्यकर्ताओं को सपरिवार डुबकी लगाने का निमंत्रण दिया है। 

उन्होंने बताया कि प्रयागराज में कुंभ स्थल पर सेक्टर 6 में काशी क्षेत्र की ओर से विशाल शिविर लगाया गया है। जिसमें विशिष्ट जनों, पदाधिकारियों के रहने, खाने एवं स्नान आदि की पूरी व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था की जिम्मेदारी 150 से अधिक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शिफ्ट वाइज संभाल रहे हैं। 

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष स्वयं पूरी व्यवस्था की मानिटिरिंग कर रहे हैं ताकि बाहर से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा व महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय सहित काशी से बड़ी संख्या में पदाधिकारी प्रयागराज पहुंचे और कुम्भ स्नान किया। जरुरतमंद श्रद्धालुओं को 150 से भी ज्यादा कंबल वितरित किया।

घाटवॉक के वार्षिकोत्सव पर निकलेगी 5 किमी की यात्रा
अंतरराष्ट्रीय काशी घाटवाक विश्वविद्यालय के सदस्यों की बैठक प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल की अध्यक्षता में बीएचयू के हिंदी विभाग में हुई। घाटवाक का सातवां वार्षिकोत्सव नौ फरवरी को घाटवाक का ज्ञानोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।

वक्ताओं ने बताया कि दोपहर एक बजे अस्सी घाट से घाटवॉक यात्रा निकाली जाएगी, जो हरीशचंद्र घाट, दशाश्वमेध घाट, गायघाट होते हुए नमो घाट पहुंचेगी। इस पांच किमी की घाटवॉक यात्रा के दौरान विभिन्न घांटों पर काशी की ज्ञान परंपरा पर चर्चा होगी। यात्रा में झाकियां भी शामिल रहेंगी। अहिल्याबाई घाट पर अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में विशेष आयोजन होगा। 

घाटवाक के संस्थापक प्रो. विजयनाथ मिश्र के सुझाव पर घाटवॉक का विषय घाटवॉक ज्ञानोत्सव दिया गया है। बैठक में वाचस्पति उपाध्याय, डॉ. महेंद्र कुशवाहा, डॉ. विंध्याचल यादव, डॉ. शैलेन्द्र सिंह, अवनीन्द्र कुमार सिंह, राजकुमार, अभिषेक गुप्ता, डॉ. आर्यपुत्र दीपक आदि शामिल रहे।

एयरपोर्ट पर विजिटर पास पर रोक, पांच चक्र में चेकिंग
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हाई अलर्ट पर है। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच बढ़ाकर पांच चक्र में करते हुए पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। विजिटर पास पर प्रतिबंध के साथ ही यात्रियों की जांच अनिवार्य हो गई है। 

एयरपोर्ट की संवेदनशीलता को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों द्वारा भी यात्रियों की जांच को अनिवार्य किया गया है। रैंडम चेकिंग के साथ यात्रियों के बैग, बेल्ट, पर्स और जूतों की भी जांच की जा रही है। 

शुक्रवार को एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए टर्मिनल बिल्डिंग और सिटी साइड में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है। टर्मिनल भवन के अंदर और बाहर, समेत पार्किंग में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

आज चलेंगी 16 महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें
महाकुंभ को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस, सिटी समेत अन्य स्टेशनों से शनिवार को 16 कुंभ स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यह ट्रेनें प्रयागराज रामबाग, झूंसी स्टेशनों पर ठहरेंगी। इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों का काफी सुविधा मिलेगी। सभी ट्रेनें महाकुंभ से संबंधित स्टेशनों पर भी रुकेंगी। 

महाकुंभ स्पेशल 10 और 9 घंटे की देरी से गुजरी हावड़ा-बीकानेर
कोहरे और प्रयागराज रूट पर ट्रेनों की अधिक व्यस्तता के कारण ट्रेनों का परिचालन बेपटरी है। शुक्रवार को प्रयागराज रामबाग-गोरखपुर कुंभ स्पेशल 10 घंटे और बीकानेर-हावड़ा सप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस 9 घंटे की देरी पहुंची।

कैंट स्टेशन स्थित पूछताछ केंद्र के कर्मियों ने बताया कि एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-गोमती नगर कुंभ स्पेशल 6.15 घंटे, गोरखपुर-झूंसी कुंभ स्पेशल 5.30 घंटे, नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 4.20 घंटे, बलिया-प्रयागराज रामबाग पैसेंजर 4.30 घंटे, बरकाकाना-वाराणसी मेमू 4 घंटे, बलिया-दादर सेंट्रल स्पेशल 3.35 घंटे, योगनगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस 3.30 घंटे, मऊ-प्रयागराज रामबाग कुंभ स्पेशल 2.30 घंटे, मुंबई एलटीटी-बलिया कामायनी एक्सप्रेस 2.30 घंटे और रक्सौल-आनंद विहार सद्भावना एक्सप्रेस 2 घंटे की देरी से पहुंची।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंडुआडीह का हुआ मूल्यांकन
नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड के तहत केंद्रीय टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंडुआडीह का 12 मानकों पर मूल्यांकन किया। कर्नल डॉ. मानस रॉय और डॉ. पवन सिंह ने अस्पताल का भ्रमण किया। हर बिंदु को एन्क्वास कि चेकलिस्ट के अनुसार परखा और महत्वपूर्ण सुझाव दिया। 

इस मूल्यांकन की शुरुआत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा अस्पतालों की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए किया गया है। 12 मानकों में संक्रामक रोग, इमरजेंसी सेवा, परिवार कल्याण सेवाएं, सामान्य प्रशासन, बाह्य रोग, टीकाकरण, प्रयोगशाला, प्रसव कक्ष, नवजात एवं बाल स्वास्थ्य, गैर संक्रामक रोग, फार्मेसी और क्षेत्रीय सेवाओं को शामिल किया गया है।

राज्यमंत्री के जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं ने काटा केक
आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने शुक्रवार को मिल्कीपुर में जन्मदिन मनाया। वे फिलहाल मिल्कीपुर के चुनाव प्रभारी के रूप में क्षेत्र में प्रवास कर रहे हैं। जन्मदिन पर आयुष मंत्री ने मंदिरों और देवालयों में दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देश की समृद्धि के लिए कामना की। इसके पूर्व अयोध्या में श्रीरामलला, हनुमान के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद लिया। 

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री के सिगरा स्थित कैंप कार्यालय पर केक काटकर जन्मदिन मनाया। सेवा और समर्पण के संदेश के रूप में मनाए गए जन्मदिन पर अनूप दुबे, डॉ. हरदत्त शुक्ला, अवध नारायण राय, नीरज गुप्ता, संदीप गौड,रुद्रेश द्विवेदी, अरमेश बाबू, गौरव राठी आदि मौजूद रहे।

गणतंत्र दिवस पर मलिन बस्तियों में चलेगा सफाई अभियान
गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में बतौर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर परेड की सलामी लेंगे। शहर में विशेष सफाई होगी। मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा सभी कार्यालयों, स्कूल, कालेजों और विश्वविद्यालय में गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। 

कमिश्नरी में कमिश्नर कौशल राज शर्मा, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी एस राजलिंगम, विकास भवन में सीडीओ हिमांशु नागपाल ध्वजारोहण करेंगे। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा नगर निगम में मेयर अशोक कुमार तिवारी, वीडीए में उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ध्वजारोहण करेंगे। स्कूलों में बच्चों को मिठाईयां बांटी जाएंगी।

मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी का करेंगे समर्थन
बहुजन समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद ने कहा कि मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया जाएगा। 25 सदस्यीय टीम प्रचार करेगी। पूर्वांचल राज्य गठन के लिए लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं।

यह जानकारी उन्होंने बैंक कॉलोनी महमूरगंज में प्रेसवार्ता में दी। बताया कि सनातन बोर्ड के गठन करने की मांग की गई है। दिल्ली के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष ओंकार नाथ श्रीवास्तव को बनाया गया है। वहीं रमेश चंद्र को अयोध्या जिलाध्यक्ष और दिनेश श्रीवास्तव को बस्ती का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। 

स्वामी सहजानंद की जयंती पर राजातालाब में लगेगा किसान महाकुंभ
किसानों के उत्थान के लिए मराठा सेवा संघ और स्वामी सहजानंद किसान महासभा की ओर से 19 से 22 फरवरी तक राजातालाब में किसान महाकुंभ लगेगा। कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को मानिकनगर फुलवरिया के प्रबोधिनी भवन में संघ और महासभा के पदाधिकारियों की बैठक हुई।

किसान नेता अविनाश काकड़े ने बताया कि छत्रपति शिवाजी की जयंती 19 फरवरी से संगठित किसान अंदोलन के जनक स्वामी सहजानंद की जयंती 22 फरवरी तक राजातालाब में किसान महाकुंभ लगाने का निर्णय लिया गया है।। इसमें देश के सौ प्रगतिशील किसानों के स्टाल लगेंगे। प्राकृतिक एवं व्यवसायिक किसानी पर मंथन के लिए राष्ट्रीय किसान सम्मेलन होगा। 

मराठा सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कामाजी पवार ने कहा कि किसान महाकुंभ में किसानी और प्रकृति की रक्षा के लिए कार्य छत्रपति शिवाजी महाराज और स्वामी सहजानंद सरस्वती को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। बैठक में महासभा के राष्ट्रीय महासचिव विनय शंकर राय, गगन प्रकाश यादव, विजय नारायण वर्मा आदि शामिल थे।

छितौनी फीडर से 6 घंटे आपूर्ति बाधित रहेगी
जगतपुर गांव में रेलवे लाइन के नीचे बिजली का केबल डालने की वजह से छितौनी फीडर से बिजली आपूर्ति शनिवार को 6 घंटे तक बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता मनीष कुमार झा ने बताया कि सगहट, मिसिरपुर, फरीदपुर, हासापुर, दफ्फलपुर, जगतपुर, रामपुर लठवा, नरउर, महदेईया, पंडितपुर, बखानी गांव की बिजली आपूर्ति 10 बजे से 4 बजे शाम तक बाधित रहेगी।

सैनिक को दी गई श्रद्धांजलि
पूर्व सैनिक वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को दिवंगत सैनिक अनूप कुमार यादव को उनके आवास चोलापुर में श्रद्धांजलि दी। पूर्व सैनिक वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष रिटायर्ड सुबेदार मेजर राजबली पाल ने बताया कि वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। इंदौर में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके भाई और पिता भी सेना में थे। वहीं बीएसएफ के दिवंगत हवलदार विनोद कुमार यादव को भी श्रद्धांजलि दी गई।

नगर आयुक्त को कर्मचारी संघ ने दिया मांगपत्र
नगर निगम कर्मचारी संघ ने शुक्रवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा से मुलाकात कर मांगपत्र दिया। इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि मांगपत्र को संबंधित विभागों में उसकी अद्यतन स्थिति के लिए भेज दिया गया है। जल्द संघ को वार्ता के लिए बुलाया जाएगा। संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने साथियों से कहा कि समस्याओं का निस्तारण 15 दिनों में नहीं किया जाता तो बैठक कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। 

विद्यापीठ में एमए दर्शनशास्त्र की परीक्षा 4 फरवरी से
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दर्शनशास्त्र विभाग में एमए तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा चार फरवरी से शुरू होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि परीक्षा सुबह 11 से दोपहर के 1 बजे तक मानविकी संकाय के कक्ष संख्या 9 में होगी। परीक्षा का डिटेल टाइम टेबल काशी विद्यापीठ की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।

दीक्षांत : पॉलिटेक्निक में 100 छात्राओं को मिला डिप्लोमा
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक सुंदरपुर में शुक्रवार को दीक्षांत समारोह हुआ। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर वंदेमातरम गान हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। मुख्य अतिथि पार्षद शेषमणी देवी रहीं। विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्तीर्ण 100 छात्राओं को डिप्लोमा दिया गया। 

प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि ऐसा कर्म करो कि आपकी पहचान बन जाए। हर कदम ऐसा रखो कि निशान बन जाए। शेषमणी ने छात्राओं को सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। इस मौके पर मोहम्मद आसिफ ज़ैदी, डॉ. उमेश चंद्र सोनकर, डॉ. विमलेश, अमृत प्रकाश, योगेंद्र कुमार उपस्थित थे।

छात्रों के मॉडल से होगी ऊर्जा की बचत
द अप्रेंटिस प्रोजेक्ट के तहत शुक्रवार को पीएम श्री प्रभु नारायण इंटर कॉलेज रामनगर में एक विशेष इलेक्ट्रॉनिक्स कार्यशाला लगाई गई। इसमें कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने 45 मिनट में सौर ऊर्जा को प्रकाश ऊर्जा में बदलने की तकनीक सीखी। 

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रभाष कुमार झा ने बताया कि छात्रों ने एक ऐसा मॉडल बनाया, जिसमें घरों की लाइटें सूर्यास्त के बाद जलेंगी और सूर्योदय होने पर बंद हो जाएंगी। यह मॉडल पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के दृष्टिकोण से अद्भुत पहल है। कार्यशाला के दौरान अरुण, आलोक त्रिपाठी, नोडल शिक्षक रविशंकर पांडेय, आनंद दुबे, रविंद्र कुमार और प्रहलाद गुप्ता भी उपस्थित रहे। 

विदेशी मेहमानों ने देखा सारनाथ
महाराजा एक्सप्रेस से आए विदेशी मेहमानों ने शुक्रवार को सारनाथ पुरातात्विक खंडहर परिसर में पुरावशेषों को देख बुद्ध के जीवन को समझा। ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, सहित अन्य देशों के 52 विदेशी मेहमानों ने खंडहर परिसर में अशोक की लाट, धर्मराजिका स्तूप, एंव धमेख स्तूप की परिक्रमा की। पुरावशेषों के इतिहास व बुद्ध के जीवन को जाना। दल को सारनाथ काफी सुंदर लगा। 

स्वयंसेवको और वॉर्डेन ने किया 34 यूनिट रक्तदान
नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड और महावीर कुंड निगरानी समिति की ओर से पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय जिला चिकित्सालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगा। इसमें 58 स्वयंसेवकों और वॉर्डेन ने 34 यूनिट रक्तदान किया। संजय राय ने 51वीं और रवि बरनवाल ने 56वीं बार अपना रक्तदान किया। 

मुख्य अतिथि उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा जितेंद्र देव सिंह और विशिष्ट अतिथि एडीसी इरफानुल होदा, विवेक कुमार ने रक्तदाताओं को बधाई दी। स्वागत और संयोजक डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय ने किया। डिप्टी डिवीजनल वार्डेन अरविंद विश्वकर्मा, गोपाल मुखर्जी, अंजनी सिंह, पुर्णेंदू हलधर, चंद्रकला,मृत्युंजय चक्रवर्ती, महंत शैलेंद्र द्विवेदी, पार्षद अशोक मौर्या आदि मौजूद रहे।

चंद्रदेव पहलवान को दी श्रद्धांजलि
प्रसिद्ध पहलवान चंद्र देव यादव उर्फ चनरू पहलवान की पुण्यतिथि शुक्रवार को पांडेयपरु में मनाई गई। संतोष पहलवान, बिरहा गायक शारदा यादव, दुर्गा यादव, संदीप मिश्रा, राजेश यादव, संजय पहलवान, डॉ. वीएन पाल, पारस विश्वकर्मा, हेंद्र जैन ने श्रद्धांजलि दी। कहा कि बेनिया अखाड़ा राम सिंह के विरासत को आगे बढ़ाया। वह चंद्रदेव बिरहा गायक भी थे।

सेकुलर जेल पर छायाचित्र प्रदर्शनी आज से
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर दो दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी शुरू होगी। आईएजे के अध्यक्ष डॉ. कैलाश सिंह विकास ने बताया कि 25 को सुबह 11:30 बजे सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पुरातत्व संग्रहालय में प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. बिहारीलाल शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि मिसेज बनारस साक्षी पांडेय करेंगी। प्रदर्शनी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अंडमान निकोबार के सेकुलर जेल पर आयोजित है। 

पुलिस लाइंस में गणतंत्र दिवस की परेड का हुआ ग्रैंड रिहर्सल
वाराणसी। पुलिस लाइंस में शुक्रवार को गणतंत्र दिवस की परेड का ग्रैंड रिहर्सल किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने परेड का निरीक्षण किया। गणतंत्र दिवस की परेड का नेतृत्व एसीपी लाइन/भेलूपुर डॉ. ईशान सोनी करेंगे।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि गणतंत्र दिवस की परेड में 12 टोलियां शामिल होंगी। इनमें पीएसी की दो, सीआरपीएफ की एक, होमगार्ड की दो, एनसीसी की दो, महिला पुलिस की एक, ट्रैफिक पुलिस की एक, सिविल पुलिस की तीन टोली शामिल है। इसके अलावा मोटरसाइकिल, फायर, रेडियो, डॉग स्क्वॉड, घुड़सवार पुलिस और पीआरवी के दस्ते शामिल होंगे। 

पुलिस आयुक्त ने पुलिस अफसरों से कहा कि गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम सुव्यवस्थित और सुसज्जित रहे। परेड के रिहर्सल के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. के एजिलरसन, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. एस चनप्पा, एडीसीपी लाइंस श्रुति श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

केंद्रीय रेल राज्यमंत्री ने तथागत का किया दर्शन-पूजन
केंद्रीय रेल एवं जलशक्ति राज्यमंत्री वी सोमन्ना ने शुक्रवार को मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर में तथागत की प्रतिमा के दर्शन किए। उन्होंने ऐतिहासिक महत्व के पुरावशेषों को देखा। दोपहर बाद पुरातात्विक उत्खनित स्थल परिसर पहुंचे। वहां धर्मराजिका स्तूप, अशोक की लाट, मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर के अवशेष को देखा और उनकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के बारे में जाना। धमेख स्तूप का ऐतिहासिक महत्व जाना। इसके बाद वह मूलगंध कुटी मंदिर पहुंचे। भिक्षु धम्मलोक ने पूजा करवाई। इसके पूर्व उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में बाबा के दर्शन किए।

दवा व्यापारियों ने किया 152 यूनिट रक्तदान
दवा व्यापारियों ने शुक्रवार को 152 यूनिट रक्तदान किया। इससे अस्पतालों में भर्ती जरूरतमंद मरीजों को सहायता मिलेगी। रक्तदान शिविर में मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा ब्लड बैंक की टीम ने लोगों को रक्तदान के फायदे भी बताएं। सप्तसागर मंडी में समिति के महामंत्री संजय सिंह ने बताया कि ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (एआईओसीडी) के 50 साल पूरे होने पर रक्तदान किया। इस दौरान दिनेश कुमार, अंजनी गुप्ता, अतुल जैन, विनोद यादव, धर्मेंद्र अग्रवाल आदि मौजूद रहे। 

विद्यापीठ में विषय बदलने के लिए 25 जनवरी तक करें आवेदन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बीए और बीएससी पहले सेमेस्टर के छात्र विषय परिवर्तन के लिए 25 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। डीन की अनुमति से लेटर फॉरवर्ड कराकर ही संकाय कार्यालय में आवेदन करना होगा। प्रवेश सेल के उप समन्वयक प्रो. रमाकांत सिंह ने बताया कि विषय बदलने का अंतिम मौका है। इसके बाद किसी तरह का बदलाव नहीं हो सकता। प्रायोगिक विषयों के चयन पर संबंधित विषय का प्रायोगिक शुल्क देना होगा। 

विद्यापीठ में नोडल अधिकारी बने प्रो. अनिल कुमार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में फैमिली आईडी मैपिंग और लिंकेज की योजनाओं के लिए वेब मास्टर प्रो. अनिल कुमार को नोडल अधिकारी नामित किया गया। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेश से रजिस्ट्रार ने सूचना जारी की। बताया कि योजनाओं का ज्यादा और तेजी से लोगों तक पहुंचाने के लिए नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।

नगर आयुक्त ने शिवपुर कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन का किया निरीक्षण
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शुक्रवार को शिवपुर स्थित कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन कैंपस और दुर्गाकुंड तालाब का निरीक्षण किया। यहां मलबा हटाने और सूखे पौधे के स्थान पर ट्री गार्ड लगाते हुए दूसरा पौधा लगाने को कहा। वाहनों की धुलाई के लिए प्लेटफॉर्म का निर्माण एवं बोरिंग कराने के निर्देश दिए। इसके बाद आधुनिक तरीके से कराए जा रहे दुर्गाकुंड तालाब की सफाई व्यवस्था देखी। यहां मानक के अनुरूप सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए। 

संकर बीज उत्पादन के महत्व पर प्रकाश डाला
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर में शुक्रवार को पांच दिवसीय सब्जियों में संकर बीज उत्पादन कार्यक्रम का समापन हो गया। 20 से 24 जनवरी तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें देश के आठ राज्यों राज्य कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक शामिल हुए। 

संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र राय ने संकर बीज उत्पादन के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही संकर बीज उत्पादन के क्षेत्र में किए जा रहे अनुसंधान पर भी चर्चा की। इस अवसर पर प्रशिक्षण से संबंधित प्रशिक्षण पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर परियोजना समन्वयक डॉ. राजेश कुमार, डॉ. गोविंद पाल, डॉ. नकुल गुप्ता, डॉ. प्रदीप कर्माकर, डॉ. राजीव कुमार और डॉ. नीरज सिंह मौजूद रहे।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आज नमो घाट पर बांटेंगे वोटर कार्ड
15वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस शनिवार को जिले भर में मनाया जाएगा। एडीएम प्रशासन बिपिन कुमार ने बताया कि नमोघाट पर मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा की मौजूदगी में वोटर कार्ड बांटे जाएंगे। जिले, तहसील, विधानसभा स्तर के मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर कई कार्यक्रम होंगे। नमो घाट पर मतदाता जागरूकता गीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, रंगोली आदि कार्यक्रम होंगे। इसके तहत प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी कार्यालयों में अधिकारी और कर्मचारी शपथ लेंगे। 

विद्यापीठ में राजनीतिक पार्टियों का झंडा लगाने पर होगा निष्कासन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राजनीतिक कार्यक्रम और पार्टियों का झंडा लगाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। कहा गया है कि यदि नियम का उल्लंघन हुआ तो छात्रों को विवि द्वारा निलंबन या फिर निष्कासित कर दिया जाएगा। अभी तक विद्यापीठ में बिना सूचना के जुलूस निकालने, धरना प्रदर्शन और नारेबाजी पर रोक लगाई गई थी।

न मानने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही गई थी, लेकिन अब पूर्व सूचना के आधार पर भी राजनीतिक दलों का प्रचार प्रसार नहीं किया जा सकता है। विद्यापीठ के चीफ प्रॉक्टर प्रो. केके सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि राजनीतिक कार्यक्रम और प्रदर्शन में उपद्रव करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आएगा। इस आदेश को विद्यापीठ के सभी विभागों में भेजा गया है। 

बालिका दिवस पर एक दिन की प्रधानाचार्य बनी खुशी
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय भिटारी में शुक्रवार को खुशी मौर्या को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापक बनाया गया। खुशी ने सभी कक्षाओं का शिक्षण कार्य देखा गया। साथ ही मध्याह्न भोजन का भी निरीक्षण किया। विद्यालय की अन्य बालिकाओं ने सहयोग किया। साथ ही बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बच्चों ने एकांकी भी प्रस्तुतकी। प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय का प्रभार बालिका को सौंपने का उद्देश्य बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है। 

पूर्व विधायक को दी श्रद्धांजलि
भारतीय पशुपालक संघ की ओर से सारनाथ क्षेत्र के तरैया गांव में शुक्रवार को पूर्व विधायक राजित प्रसाद यादव की 76वीं जयंती मनाई। मुख्य अतिथि डॉ. उमाशंकर सिंह यादव ने उन्हें सादगी का प्रतीक और जुझारू नेता बताया। भारतीय पशुपालक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बहादुर यादव, रामदुलार यादव रामचंद्र मौर्य, दिनेश यादव, दयाराम यादव, ओमप्रकाश, सुरेश मौर्य उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रतिबंधित चीनी मांझे को लेकर क्या कार्रवाई की, दें रिपोर्ट
प्रतिबंधित चीनी और नायलॉन मांझे को लेकर की गई कार्रवाई के संबंध में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) से रिपोर्ट तलब की है। यह जानकारी वाराणसी निवासी इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने शुक्रवार को दी।

अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने कहा कि वाराणसी में 31 दिसंबर 2024 को चीनी मांझा से गला कटने से 25 वर्षीय विवेक शर्मा की मौत हो गई थी। इसे लेकर उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव, सीपीसीबी और वाराणसी के पुलिस आयुक्त व जिलाधिकारी से चीनी-नायलॉन मांझे की बिक्री पर रोक लगाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी।

देश के युवाओं को नेताजी से लेनी चाहिए प्रेरणा : बालक दास
अंतरराष्ट्रीय सुभाष महोत्सव के चौथे दिन पातालपुरी मठ में भारतीय परंपरा महाकुंभ कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि इंडियन बैंक के उप महाप्रबंधक संचित कुमार ने कहा कि नेताजी ने सामाजिक दूरियां कम करके देश को आजादी दिलाई। देश के युवाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। महंत बालकदास ने कहा कि संस्कार विहीन शिक्षा समाज को गलत दिशा में ले जाती है। महापुरुषों के पदचिह्नों पर चलना आवश्यक है। 

डॉ. राजीव श्रीवास्तव, गोविंददास, प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय परिषद सदस्य रामाशीष सिंह ने विचार रखे। संचालन मयंक श्रीवास्तव और धन्यवाद ज्ञान प्रकाश ने दिया। वहीं, भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने शहीद उद्यान सिगरा में नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। ब्रह्मानंद पेशवानी, मृदु मेहरोत्रा, अनिल जायसवाल, माया जायसवाल आदि रहे। 

राजातालाब में लगेगा किसान महाकुंभ
किसानों के उत्थान के लिए मराठा सेवा संघ और स्वामी सहजानंद किसान महासभा की ओर से 19 से 22 फरवरी तक राजातालाब में किसान महाकुंभ लगेगा। कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को मानिकनगर फुलवरिया के प्रबोधिनी भवन में संघ और महासभा के पदाधिकारियों की बैठक हुई। 

किसान नेता अविनाश काकड़े ने बताया कि किसान महाकुंभ में देश के सौ प्रगतिशील किसानों के स्टाॅल लगेंगे। प्राकृतिक एवं व्यवसायिक किसानी पर मंथन के लिए राष्ट्रीय किसान सम्मेलन होगा। मराठा सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कामाजी पवार ने कहा कि किसान महाकुंभ में किसानी और प्रकृति की रक्षा के लिए कार्य छत्रपति शिवाजी महाराज और स्वामी सहजानंद सरस्वती को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 

एक दिन की प्रधानाध्यापक बनी खुशी
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय भिटारी में शुक्रवार को खुशी मौर्या को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापक बनाया गया। खुशी ने सभी कक्षाओं का शिक्षण कार्य देखा गया। साथ ही मध्याह्न भोजन का भी निरीक्षण किया।

विद्यालय की अन्य बालिकाओं ने सहयोग किया। साथ ही बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बच्चों ने एकांकी भी प्रस्तुत की। प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय का प्रभार बालिका को सौंपने का उद्देश्य बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है। 

स्टैंडअप कॉमेडी और स्किट पर लोटपोट हुई ऑडियंस

Special news of Varanasi Accused of misdeed teenager arrested youth attacked knife scissors and rod
रैंप वाॅक करतीं माॅडल। - फोटो : अमर उजाला

बीएचयू में कृषि विज्ञान संस्थान का वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव सृष्टि के दूसरे दिन स्टैंडअप कॉमेडी, व्यंग्य और हास्यापद स्किट पर ऑडियंय लोटपोट नजर आई। कृषि शताब्दी सभागार में फिल्म 3 इडियट्स के चतुर की हास्यास्पद नकल करने वाले पात्रों का अभिनय देख छात्र-छात्राएं घंटों हंसते रहे। 

कार्यक्रम के दूसरे दिन की शुरुआत छात्रों के डुएट सिंगिंग से हुई। इसके बाद 2047 तक विकसित भारत में कृषि की भूमिका मेडिटेशन ऑरेट्री कंप्टीशन हुआ। बीएससी के दूसरे वर्ष के एक छात्र ने हॉस्टल जीवन में सनकी लोगों के बारे में कई हास्य टिप्पणियां कीं। इस दौरान फैशन शो में पारंपरिक परिधानों में छात्राओं ने रैंप वॉक किया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed