बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने वाराणसी आएंगी सोनिया गांधी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में सत्ता हासिल करने के लिए सपा से गठबंधन के लिए हाथ बढ़ाने के साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने काशी में बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने की इच्छा जताई है।
वह फरवरी के पहले हफ्ते में बाबा का रुद्राभिषेक करने आ सकती हैं। पांच महीने पहले रोड शो के दौरान रास्ते में तबीयत नासाज होने के चलते निर्धारित कार्यक्रम के बावजूद वह बाबा के दर्शन के लिए नहीं जा सकी थीं।
अब चुनावी पारा चढ़ने के साथ ही वे अपनी यह ख्वाहिश पूरी करने का मन बना रही हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष के दौरे को लेकर पार्टी में हलचल शुरू हो गई है। कहा जा रहा है कि स्वास्थ्य ठीक होने के बाद सोनिया ने अपने काशी दौरे को लेकर सिपहसालारों से चर्चा की है। वह भी ऐसे समय जब यूपी में चुनावी तापमान चढ़ चुका है।
दो अगस्त, 2016 को जब वह बाबतपुर एयरपोर्ट से सर्किट हाउस, नदेसर, चौकाघाट, गोलगड्डा, पीलीकोठी होते हुए विशेश्वर गंज से इंग्लिशिया लाइन चौराहे पर पं. कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा के समक्ष सभा के लिए लंबे काफिले के साथ बढ़ रही थीं, तभी लहुराबीर के पास उनकी तबीयत खराब हो गई थी। ऐसे में वह न तो सभा के लिए जा सकी थीं न तो बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए।
तब उन्होंने काशीवासियों, कार्यकर्ताओं से वादा किया था कि स्वास्थ्य ठीक होने के बाद वह बाबा के दर्शन के लिए अवश्य काशी आएंगी।