यूपी: जिउतिया का प्रसाद लेकर पहुंचे बेटे को मिली मां की लाश, कई जगह चोट के निशान; शरीर पर आधे-अधूरे कपड़े
घर के अंदर अर्धनग्न अवस्था में महिला का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। जिउतिया का प्रसाद देने सुबह पहुंचे बड़े पुत्र को घटना की जानकारी हुई। उसने पुरानी रंजिश और मुकदमेबाजी के चलते हत्या की आशंका जताई। सूचना पर सीओ सिटी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
चोपन थानांतर्गत सलखन ग्राम पंचायत के बैरिया टोला में रविवार सुबह मलोगरी देवी (50) का शव घर के अंदर लहूलुहान अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के अंदर अर्धनग्न अवस्था में मिला और शरीर पर कई चोट के निशान पाए गए हैं। घटना की जानकारी तब हुई जब मृतका का बड़ा पुत्र सुनील रविवार की सुबह जिउतिया का प्रसाद लेकर अपने मां को देने पहुंचा था।
सूचना पर पहुंची थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम और सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने घटनास्थल पहुंचकर मौके का जायजा लिया। मृतका के बेटे ने कुछ नामजद और अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर पुरानी रंजिश में उसकी माता मलोगरी का हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की जांच कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि श्यामसुंदर का घर व पाही तीन जगह है। सलखन के बैरिया टोला स्थित घर में उनकी पत्नी मलोगरी देवी अकेले रहती थी, परिवार के अन्य सदस्यों का भी यहां आते-जाते थे। परिवार के अन्य सदस्य बेलछ ग्राम पंचायत स्थित अपने पाही पर रहते थे।
मृतका का लड़का सुनील कुमार ने तहरीर देते हुए बताया कि शनिवार को जिउतिया का पूजा था। जिउतिया का प्रसाद लेकर वह रात में सलखन के बैरिया टोला स्थित अपनी मां मलोगरी देवी के यहां पहुंचा था। उस समय घर के बाउंड्री का दरवाजा अंदर से बंद था।
अगले दिन रविवार की सुबह करीब 7.30 बजे वह अपनी मां के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद वह घर के बाउंड्री को फांदकर घर के अंदर पहुंचा तो दोनों दरवाजे खुले मिले। अंदर मां मलोगरी का शव जमीन पर पड़ा था। उसके शरीर और सिर पर चोट के निशान तथा खून लगा हुआ था।
रंजिश में हत्या का आरोप
बेटे सुनील ने घटना की जानकारी घरवालों के साथ ही पुलिस को दी। तहरीर में बताया कि परिवार का पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उसने कई नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर पुरानी रंजिश और मुकदमेबाजी के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
चोपन थाना के प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। साथ ही तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।