लोक कल्याण न्यास की ओर से संचालित निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज में नए भवन का उद्घाटन शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने किया। हवन पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलापट्ट का अनावरण कर डॉ. कृष्णगोपाल ने कहा कि बालिका के शिक्षित और संस्कारित होने पर पूरा समाज गौरवान्वित होता है। काशी प्राचीन काल से ही साधना एवं अध्यात्म का केंद्र रही है। दुनिया में कई एकेडमिक कॉलेज है, लेकिन आध्यात्म का प्रकाश केवल काशी में मिलता है। विद्यालय के संस्थापक पंडित काशीनाथ पांडेय को महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के पद चिन्हों पर चलने वाला महापुरुष बताया। विशिष्ट अतिथि आरके चौधरी ने 10 लाख की लागत से कंप्यूटर लैब बनवाने की घोषणा की। अध्यक्षता कर लोक कल्याण न्यास के अध्यक्ष प्रो. देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाऊराव देवरस न्यास से प्रतिवर्ष छात्राओं के निशुल्क कोचिंग के लिए 20 लाख के सहयोग की घोषणा की गई है। अतिथियों का स्वागत रामसुचित पांडेय और धन्यवाद ज्ञापन अतुल कुमार ने किया। प्रधानाचार्य आनंद प्रभा सिंह ने बताया कि डॉ. कृष्णगोपाल ने छात्राओं के लिए एक डिग्री कॉलेज बनवाने की बात कही है। अलग परिसर में डिग्री कॉलेज बनाने का प्रयास किया जाएगा। छात्राओं ने गणेश वंदना और राम दरबार की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने पुस्तकालय की घोषणा की। आरएसएस पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र कार्यवाह डॉ. वीरेंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद राय, डॉ. हरेंद्र राय, डॉ. श्रीप्रकाश सिंह, डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।