वाराणसी में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म: पड़ोसी युवक अरेस्ट, मजदूर पिता ने दर्ज कराया FIR; भाग रहा था आरोपी
Varanasi Crime: माता-पिता की तहरीर पर पुलिस ने पाॅक्साे एक्ट के तहत कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को देखकर वह भाग रहा था। इससे पहले पीड़िता ने अपनी मां को आपबीती बताई थी।
विस्तार
Varanasi News: भेलूपुर थानाक्षेत्र में बृहस्पतिवार की देर रात एक छह साल की बच्ची से दुष्कर्म हो गया। बच्ची घर में लगातार रो रही थी। मां ने कारण पूछा तो उसने निजी अंग में तेज दर्द बताया।
मां के पूछने पर उसने पड़ोस के युवक मनीष यादव का नाम लिया। बच्ची के माता-पिता पड़ोसी युवक के घर पूछताछ करने गए तो आरोपी युवक के परिजनों ने बच्ची के माता-पिता से मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने की कार्रवाई
बच्ची के पिता भेलूपुर क्षेत्र में किराये पर रहते हैं। वह मजदूरी करते हैं। उसके पड़ोस में ही मनीष यादव भी परिवार के साथ रहता है और वह भी मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार की रात वह बच्ची को बहलाता फुसलाता रहा और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने पर वह भाग गया। बच्ची ने मां को मनीष का नाम बताया और दर्द की बात कही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मनीष को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी 22 वर्षीय मनीष यादव है। उसे गिरफ्तार किया है। पाॅक्सो एक्ट के साथ ही धमकी देने, बच्ची के माता-पिता को पीटने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। - गौरव कुमार, एसीपी भेलूपुर