रिहायशी इलाके में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने किया भंडाफोड़, एक महिला सहित दो युवतियां गिरफ्तार
वाराणसी के रिहायशी इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। मौके से मकान मालकिन और दो युवतियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं आरोपी सहित दो युवक भाग निकले।
विस्तार
वाराणसी के रिहायशी इलाकों में से एक नाटी इमली इलाके में स्थित नई बस्ती में रविवार को पुलिस ने एक मकान में छापा मारकर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। इस दौरान मकान मालकिन सहित दो युवतियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर विभिन्न कमरों में से आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद किया।
वहीं पुलिस की कार्रवाई को पहले से भांप नामज़द आरोपी सहित दो युवक भाग निकलें। पुलिस को कुछ दिनों से गोपनीय सूचना मिल रही थी कि नई बस्ती इलाके में एक मकान के अंदर सेक्स रैकेट चलाया जा रहा है। कार और दुपहिया गाड़ियों से युवक व युवतियों का हर समय आना जाना लगा रहता है।
बीच में स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो कुछ युवकों की ओर से इलाके के लोगों को धमकी भी दी गई थी। कई बार नाटी इमली चौकी पर भी स्थानीय लोगों ने गोपनीय सूचना दी थी। शाम के समय सूचना के आधार पर एसीपी चेतगंज ने जैतपुरा इंस्पेक्टर शशि भूषण राय को साथ में लेकर उक्त मकान में छापा मारा।
इस दौरान पुलिस को देखते ही घर में मौजूद कुछ युवक छत के रास्ते होते हुए भाग निकले। जबकि मौके से दो युवतियों समेत मकान मालकिन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसीपी चेतगंज नीतीश प्रताप सिंह ने बताया कि घर के अंदर से पुलिस को आपत्तिजनक चीजें भी मिली। मकान मालकिन व दो युवतियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। वहीं खोजवा निवासी नामजद आरोपी राकेश गुप्ता समेत मौके से फरार अन्य युवकों की तलाश की जा रही है।