सेवा संकल्प टी-20 ट्रॉफी: छह राज्यों की छह टीमों के 96 दिव्यांग क्रिकेटर सिगरा स्टेडियम में लगाएंगे चौके-छक्के
वाराणसी में सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में सेवा संकल्प टी-20 क्रिकेट ट्रॉफी खेली जाएगी। इसमें छह राज्यों की छह टीमों के 96 दिव्यांग क्रिकेटर चौके-छक्के लगाएंगे।
विस्तार
अखिल भारतीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता सिगरा के डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जाएगी। पीएम मोदी जन्म दिवस सेवा संकल्प क्रिकेट ट्रॉफी में छह राज्यों के 96 क्रिकेटर स्टेडियम में चौके-छक्के लगाएंगे। प्रतियोगिता नौ से 11 अक्तूबर तक खेली जाएगी।
ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और विदर्भ (महाराष्ट्र) की टीमें खेलेंगी। प्रतियोगिता के लिए छह टीमों ने पंजीकरण करा लिया है।
प्रतियोगिता को 25 मैच ऑफिशियल संपन्न कराएंगे। ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने बताया कि खेल से टीम भावना के अलावा संघर्ष करने का जज्बा पैदा होता है। दिव्यांग खिलाड़ी बहुत मुश्किल से जीवन में आगे बढ़ते हैं। उनके भीतर आत्मविश्वास पैदा कराने के लिए प्रतियोगिता कराई जा रही है। काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी दिव्यांग सेल की ओर से राष्ट्रीय प्रतियोगिता कराई जाएगी।
एक दिन पहले ही वाराणसी पहुंच जाएंगे खिलाड़ी
अखिल भारतीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलने के लिए पांच राज्यों के खिलाड़ी एक दिन पहले ही वाराणसी पहुंच जाएंगे। खिलाड़ियों को शहर के अलग-अलग होटलों में ठहराया जाएगा। खिलाड़ियों को स्टेडियम तक पहुंचाने के लिए दिव्यांग फ्रेंडली वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रतियोगिता को संपन्न कराने से पूर्व भाजपा दिव्यांग सेल के खिलाड़ी स्टेडियम निरीक्षण कर दिव्यांगों के लिए जरूरी सुविधाओं का निरीक्षण कर सूची बनाएंगे।