UP: वैज्ञानिक सीखेंगे मिलिट्री अनुशासन और सेना लेगी तकनीकी शिक्षा, IIT BHU और 39 GTC के बीच करार; जानें खास
IIT BHU: इस समझाैते से तकनीकी शिक्षा और सशस्त्र बलों के बीच समन्वय को बढ़ावा देने के साथ सेना और टेक्नोसेवियों के बीच शिक्षा का आदान-प्रदान होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: वैज्ञानिक मिलिट्री अनुशासन सीखेंगे और सेना तकनीकी शिक्षा लेगी। टेक्नोलॉजी अपग्रेडेशन, राष्ट्रीय सुरक्षा और मिलिट्री अनुशासन की चुनौतियों के बीच तालमेल के लिए आईआईटी बीएचयू और 39 जीटीसी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया। अकादमिक-रक्षा सहयोग को मजबूत किया जा सकेगा।
इस एमओयू के तहत 39 जीटीसी के अधिकारी और सैन्यकर्मी आईआईटी बीएचयू की लाइब्रेरी और लैब की सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं, आईआईटी के सदस्य 39 जीटीसी के खेल सुविधाओं, सेना के बाधा कोर्स और ट्रेनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का लाभ उठा सकेंगे।
सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों में स्थल भ्रमण, प्रदर्शन और परीक्षण, प्रोजेक्ट डिजाइन और विकास, विद्यार्थियों के मोटिवेशनल विजिट्स, तकनीकी महोत्सव और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान, संकाय विकास कार्यक्रम (क्यूआईपी), मिड टर्म कोर्स और वर्कशॉप, हायर एजुकेशन, अनुसंधान नामांकन के अवसर, स्टार्टअप इंक्यूबेशन और पर्यावरण व सामाजिक पहल को शामिल किया गया है। इस एमओयू पर डीन (अनुसंधान एवं विकास) प्रो. राजेश कुमार और 39 जीटीसी के एसएम कमांडेंट ब्रिगेडियर अनिर्बन दत्ता ने हस्ताक्षर किए।
सहयोग का एक नया अध्याय
एकेडमी और सशस्त्र बलों के बीच सहयोग का नया अध्याय शुरू: निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि एकेडमिक इनोवेशन को सैन्य अनुशासन और अनुभवों के साथ जोड़कर ऐसे समाधान विकसित किए जाएंगे जो देश की सेवा के साथ ही आत्मनिर्भरता की भावना को भी सशक्त बनाएं। यह एमओयू अकादमिक संस्थानों और सशस्त्र बलों के बीच सहयोग का एक नया अध्याय है।
नवाचार, दृढ़ता और राष्ट्रीय विकास की दिशा में आत्मनिर्भर भारत की भावना के अनुरूप एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मेजर जनरल अमित सिंह सोहल, वीएसएम ने कहा कि आईआईटी बीएचयू और 39 जीटीसी के बीच सहयोग होना एकेडमिक उत्कृष्टता और आर्मी प्रोफेशनल के बीच संगम का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। इस तरह की साझेदारियां न केवल तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि रक्षा बलों की चुनौतियों की गहन समझ को भी बढ़ाती हैं।