Sawan 2023: सावन में कांवड़िया मार्ग पर बंद रहेंगी मीट की दुकानें, दर्शन के लिए आ रहे हैं तो पढ़ें ये खबर
Sawan 2023: कैंट स्टेशन निदेशक गौरव दीक्षित ने बताया कि कंट्रोल रूम से स्टेशन परिसर की 24 घंटे निगरानी शुरू हो गई है। सावन को देख स्टेशन के फूड प्लाजा और खाद्य स्टॉल संचालकों से बिना लहसुन और प्याज के खाना परोसने की बात कही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन में कांवड़िया मार्ग पर मीट मांस की दुकानें बंद रहेंगी। नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अजय प्रताप सिंह ने बताया कि शहर में कई दुकानों को चिह्नित किया गया है। दुकानदारों को बताया गया है कि सावन में वह दुकान न खोलें। ऐसा करने पर उनके के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा।
सावन तक कैंट स्टेशन की सुरक्षा संभालेगी पीएसी
सावन माह में कैंट स्टेशन की सुरक्षा पीएसी के हाथों में होगी। सोमवार को दो प्लाटून पीएसी और जीआरपी प्रयागराज लाइन से कैंट स्टेशन पहुंची। वहीं, रेल संपत्ति की सुरक्षा और यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ जवानों की ड्यूटी चार घंटे और बढ़ा दी गई। अब वह आठ घंटे की शिफ्ट की जगह 12 घंटे की ड्यूटी करेंगे। स्टेशन के कंट्रोल रूम में भी अतिरिक्त आरपीएफ जवान और रेल कर्मियों को तैनात किया जा रहा है। ताकि निगरानी व्यवस्था और बेहतर की जा सके। कांवरियों के कैंट स्टेशन पर पहुंचने का क्रम शुरू हो चुका है। सोमवार शाम को जीआरपी, आरपीएफ और पीएसी जवानों ने पेट्रोलिंग की। यात्रियों व कांवड़ियों को जीआरपी-आरपीएफ ने आगाह किया किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
बिना प्याज और लहसुन के मिलेगा भोजन
कैंट स्टेशन निदेशक गौरव दीक्षित ने बताया कि कंट्रोल रूम से स्टेशन परिसर की 24 घंटे निगरानी शुरू हो गई है। सावन को देख स्टेशन के फूड प्लाजा और खाद्य स्टॉल संचालकों से बिना लहसुन और प्याज के खाना परोसने की बात कही।
जीआरपी के 83 जवान रहेंगे तैनात
कैंट स्टेशन के जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि प्रयागराज लाइन से दो सब इंस्पेक्टर समेत 83 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल की फोर्स स्टेशन पर बुला ली गई है। पीएसी की एक प्लाटून पहले से थी। एक प्लाटून पीएसी और बुलाई गई है। जीआरपी थाने की फोर्स को भी अलर्ट पर रखा गया है।
विश्वनाथ मंदिर जाने वाले चारों मार्ग होंगे नो व्हीकल जोन
सावन माह को देख शहर में यातायात पुलिस ने डायवर्जन लागू कर दिया है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को जाने वाले चारों मार्गों को नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है। ऑटो व ई-रिक्शा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय कर दिए गए हैं। मैदागिन-गोदौलिया से सोनारपुरा मार्ग, गुरुबाग-रामापुरा से बेनियाबाग तिराहा, रविंद्रपुरी ब्रॉडवे होटल तिराहे से रामापुरा चौराहे को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। हर शनिवार रात आठ बजे से मंगलवार की सुबह आठ बजे तक इन मार्गों पर व्यवस्था लागू रहेगी। अपर पुलिस उपायुक्त राजेश पांडेय ने बताया कि नौ मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा व पैडल रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।
ऑटो रूट एक : गोलगड्डा तिराहा से चौकाघाट लकड़ी मंडी संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से होकर अमर उजाला जगतगंज से लहुराबीर, कबीरचौरा से मैदागिन, विशेश्वरगंज से गोलगड्डा तिराहा से पुन: चौकाघाट।
ऑटो रूट दो : लहुराबीर से जयसिंह चौराहा से मलदहिया चौराहा से साजन सिगरा, रथयात्रा, महमूरगंज से मंडुवाडीह चौराहा, भिखारीपुर, सुंदरपुर, नरिया, मालवीय चौराहा लंका तक।
ऑटो रूट तीन : लंका से नरिया, सुंदरपुर से भिखारीपुर तिराहा से बरेका, मंडुवाडीह, लहरतारा से कैंट स्टेशन तक फिर वापसी।
ऑटो रूट चार : लंका से नरिया, सुंदरपुर से भिखारीपुर तिराहा से बरेका, मंडुवाडीह, लहरतारा से चांदपुर तक और फिर वापसी।
ऑटो रूट पांच : अंधरापुल से नदेसर, मिंट हाउस तिराहा, अंबेडकर चौराहा से जेपी मेहता, दैत्रावीर से भोजूबीर, गिलट बाजार तक फिर वापस।
ऑटो रूट छह : चौकाघाट से ताड़ी खाना से मकबूल आलम रोड़ से खजुरी तिराहे से दाहिने पांडेयपुर तक से फिर वापस।
नौ मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा, पैडल रिक्शा प्रतिबंधित
1-बेनिया से मुर्गा गली मोड़, लंगड़ा हाफिज नई सड़क से रामापुरा, गोदौलिया
2- गुरुबाग तिराहा से लक्सा, रामापुरा से गोदौलिया
3- मैदागिन से गोदौलिया
4- गोदौलिया से मैदागिन
5- पियरी चौकी से बेनियाबाग तिराहा
6- ब्रॉडवे होटल रविंद्रपुरी से सोनारपुरा, मदनपुरा से गोदौलिया
7- सूजाबाद से भदऊचुंगी से विशेश्वरगंज से मैदागिन तक
8- लंका से सामनेघाट
9- सामनेघाट से लंका तक