गुरु के दर पर पहुंचे संत निरंजन दास तो गूंजे जयकारे , सीर गोवर्धन में निखरी संगत और पंगत की रंगत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डेरा सच्चा बल्लखंड के संत निरंजन दास संतों के साथ गुरुवार को काशी पहुंचे। गुरु के दर पर पहुंचकर संतों ने मत्था टेका और सीर में श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ संतों का स्वागत किया। गुरुवार को संत निरंजन दास हवाई मार्ग से बाबतपुर पहुंचे। एयरपोर्ट परिसर में मंदिर के पदाधिकारी उनके स्वागत के लिए पहुंचे थे।
श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से उनकी अगवानी की। उसके बाद 5:30 बजे सुरक्षा घेरे में वाहनों का काफिला सीरगोवर्धन के लिए निकल पड़ा। बाबतपुर से सीर पहुंचने के बाद जत्थे ने गुरु चरणों में नमन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। संत निरंजन दास के सीर पहुंचते ही पूरा मेला क्षेत्र गुरु के जयकारे से गुंजायमान हो उठा। संत रविदास की प्रतिमा को नमन करने के साथ ही संगत और पंगत भी शुरू हो गई।
मेला परिसर गुरबानी, सबद कीर्तन से गूंज रहा था। सीर का पूरा क्षेत्र मिनी पंजाब की तरह नजर आ रहा था। मंदिर और मेला क्षेत्र की सजावट देखते ही बन रही थी। कोरोना संक्रमण के कारण मेले की भव्यता हर साल के मुकाबले काफी कम है, लेकिन रैदासियों का उत्साह चरम पर है। इस दौरान जन्मस्थान मंदिर ट्रस्ट के सदस्य निरंजन दास चीमा, तरसेमलाल सोरवा, गुरु मखबीरदी, केएल सरोवा, विजय कुमार, रेशम लाल, संत धनपत दास आदि मौजूद रहे।
सीर बना मिनी पंजाब, पहुंच रहा श्रद्धालुओं का जत्था
सीरगोवर्धन का पूरा मेला क्षेत्र पंजाब के रंग में रंगा हुअ नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं के जत्थे का पहुंचने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। पूरा मेला क्षेत्र गुरु के जयकारे से गूंज रहा है। कहीं संगत चल रही है तो कहीं पंगत। मेले में आस्थावानों की भीड़ के साथ ही रैदासियों के आगमन और जालंधर के डेरा सच्चा बल्लखंड के आस्थावानों से गुलजार सीरगोवर्धनपुर इन दिनों मिनी पंजाब नजर आने लगा है।
आस्थावानों का लगता है जमावड़ा
पूर्व के वर्षों में पीएम नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने गुरु चरणों में अपना सिर नवाया है। कोरोना संक्रमण के खतरों को देखते हुए इस बार विदेश से आने वाले रैदासी और डेरा सच्चा बल्लखंड से जुड़े विदेशी अनुयायी बेहद गिने-चुने ही पहुंचे हैं।
रविदास पार्क में होगा प्रकाशोत्सव, होंगे सांस्कृतिक आयोजन
संत रविदास सोसायटी की ओर से संत शिरोमणि संत रविदास की जयंती की पूर्व संध्या पर 26 फरवरी को नगवां स्थित संत रविदास पार्क में प्रकाशोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को कार्यक्रम का शुभारंभ रविदास ट्रस्ट के ट्रस्टी संत निरंजन दास महाराज दीप जलाकर करेंगे।
इसके बाद कार्यक्रम के विशिष्टï अतिथि व श्रद्धालु संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीपदान करेंगे। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा भक्तिमय संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें संत रविदास की गुरुबाणी का लयबद्ध वाचन, वाद्य यंत्रों की जुगलबंदी, एकल व समूह गायन और शास्त्री नृत्य की प्रस्तुति होगी।