वाराणसी: मोबाइल कारोबारी का साढ़े 38 लाख हड़पे, पीड़ित ने जगह-जगह चस्पा कराया भगौड़ा का पोस्टर
वाराणसी के एक मोबाइल कारोबारी ने रुपये हड़पने वाले युवक को भगौड़ा बताकर उसका कॉलोनी में जगह-जगह चस्पा कराया है। आरोपी के खिलाफ दिसंबर माह में मुकदमा दर्ज हुआ था।
विस्तार
वाराणसी के बघवानाला निवासी मोबाइल के थोक कारोबारी ने अशोक विहार कालोनी फेज-2 के एक युवक पर साढ़े 38 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। यही नहीं, पीड़ित मोबाइल कारोबारी ने रुपये हड़पने वाले युवक को भगौड़ा बताकर उसका पोस्टर भी कॉलोनी में जगह-जगह चस्पा कराया है।
आरोपी के खिलाफ सारनाथ थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। हालांकि अब तक पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जैतपुरा थाना अंतर्गत बघवानाला निवासी आशीष मिश्रा की सारनाथ थाना क्षेत्र के बेनीपुर में मोबाइल का शोरूम है, जहां वह थोक और फुटकर में मोबाइल बिक्री करता है।
पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी
पीड़ित आशीष के अनुसार अशोक विहार फेज-2 में रहने वाला अरविंद कुमार श्रीवास्तव उसके यहां से फुटकर में मोबाइल खरीदकर बेचता था। वह बाद में मोबाइल के पैसे देता रहता था। उसने अपने फर्म का रजिस्ट्रेशन भी अपने मकान के पते पर ही करा रखा था। आशीष मिश्रा के अनुसार चार अक्तूबर से चार दिसंबर 2021 के बीच उसने एक करोड़ 50 लाख छह हजार 143 रुपये के मोबाइल लिया।
इसमें से 38 लाख 50 हजार रुपये चुकता नहीं किया। इस बीच पता चला कि अरविंद मोबाइल पर एमआरपी में छेड़छाड़ करता है। जीएसटी बिल में छेड़छाड़ कर कूटरचित कागजात तैयार करता था। इसमें डीलरों से भी वह चोरी करता था। इन सब गलत कार्यों के लिए आपत्ति जताने पर अरविंद ने कहा कि तुम अपना रुपया भूल जाओ, साथ ही कूटरचित दस्तावेज के बारे में अन्य किसी से बात करने पर जान से मारने की धमकी दी।
प्रकरण में आशीष ने चार दिसंबर 2021 को ही सारनाथ थाने में अरविंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने मामले में पूछताछ शुरू की तो अरविंद मकान छोड़कर परिवार समेत सामान लेकर कहीं भाग निकला। पीड़ित आशीष के अनुसार जिंदगी भर की कमाई फंस गई है। कर्ज बढ़ गया और घर तक गिरवी हो गया है। खुदकुशी करने तक की नौबत आ गई है। पोस्टर चस्पा इसलिए कराया है कि ताकि लोग उसे देखें और आरोपी अरविंद के बारे में सूचना दें। सूचना देने वाले को उचित इनाम भी दिया जाएगा।