UP Election Result: वाराणसी में आज रूट डायवर्जन लागू , पांडेयपुर-पहाड़िया मार्ग पर नहीं जाएंगे आमजन के वाहन
वाराणसी में बुधवार को पांडेयपुर-पहाड़िया मार्ग पर आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी और सिर्फ मतगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के ही वाहन आवाजाही कर सकेंगे।
विस्तार
वाराणसी के पहड़िया मंडी में आज होने वाले मतगणना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने पांडेयपुर-पहाड़िया मार्ग पर डायवर्जन लागू किया है। इस रूट पर आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी और सिर्फ मतगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के ही वाहन आवाजाही कर सकेंगे।
मतगणना एजेंटों के वाहन भी नहीं जा सकेंगे। एडीसीपी ट्रैफिक डीके पुरी के अनुसार मतगणना एजेंट के वाहनों को काली माता मंदिर से पहड़िया मंडी की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा, बल्कि सभी मतगणना एजेंट के बाइक व कार को काली माता मंदिर से आवास विकास भक्ति नगर रोड की तरफ मोड़ दिया जाएगा, जो आगे अपने निर्धारित पार्किंग स्थल में वाहनों को खड़ा करेंगे।
वहां से पैदल पहडिया मंडी के गेट नंबर तीन से अंदर प्रवेश करेंगे। काली माता मंदिर से किसी भी वाहन को पहाड़िया मंडी नहीं आने दिया जाएगा। यह वाहन पंचकोशी से होकर अपने गंतव्य को जाएंगे। आजमगढ़ से पांडेयपुर चौराहा होते हुए काली मंदिर आने वाले वाहनों को हुकुलगंज से चौकाघाट निकाला जाएगा।
पुलिस लाइन ओवरब्रिज के ऊपर से कालीमाता मंदिर की तरफ रोक रहेगी। यह वाहन ओवरब्रिज के नीचे पांडेयपुर चौराहे से होकर गंतव्य को जाएंगे। चौबेपुर, सारनाथ से आने वाले वाहनों को आशापुर चौराहे से पुराना पुल कज्जाकपुरा निकाला जाएगा। गाजीपुर की तरफ से आने वाले समस्त वाहन आशापुर तक ही रहेंगी। काली माता मंदिर से पहड़िया चौराहे तक पड़ने वाले समस्त कट्स से भी किसी प्रकार के वाहनों को जनपद वाराणसी-गाजीपुर रोड पर नहीं आने दिया जाएगा।