बड़ी सौगात: पूर्वांचल में पहली बार बीएचयू में होगी रोबोटिक सर्जरी, 30 करोड़ का रोबोट 10 दिसंबर तक होगा स्थापित
पूर्वांचल में पहली बार बीएचयू में रोबोटिक सर्जरी होगी। इसके लिए 10 दिसंबर तक सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में रोबोट स्थापित किया जाएगा। 30 करोड़ रुपये की लागत से सॉफ्ट टिश्यू सर्जिकल रोबोट खरीदा जा रहा है।
विस्तार
आईएमएस बीएचयू में नए साल से मरीजों की सर्जरी में रोबोटिक तकनीक का इस्तेमाल शुरू हो जाएगा। इसके लिए करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से सॉफ्ट टिश्यू सर्जिकल रोबोट खरीदा जा रहा है। 10 दिसंबर तक इसे सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में स्थापित करने की तैयारी है। इसके साथ ही आईएमएस बीएचयू पूर्वांचल का पहला केंद्रीय चिकित्सा संस्थान बन जाएगा, जहां रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होगी। इस तकनीक से जटिल ऑपरेशन में डॉक्टरों को अधिक सटीकता और बेहतर नियंत्रण के साथ सर्जरी करने में मदद मिलेगी।
अंतिम चरण में है तैयारी
आईएमएस बीएचयू में एम्स जैसी चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के तहत रोबोटिक सर्जरी शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। एम्स नई दिल्ली और स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ हुए एमओयू के बाद संस्थान में जांच, इलाज और सर्जरी की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से पहला सॉफ्ट टिश्यू सर्जिकल रोबोट खरीदा जा रहा है। इसके लिए गठित समिति ने सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में जगह का चयन करने के साथ स्थापना संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। मशीन को 10 दिसंबर तक स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
रोबोटिक सर्जरी टीम की जिम्मेदारी यूरोलॉजी विभाग के डॉ. समीर त्रिवेदी को सौंपी गई है। मशीन स्थापित होने के बाद विभिन्न विभागों के चिकित्सकों को इसके संचालन और रोबोटिक सर्जरी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद गायनी, यूरोलॉजी, ईएनटी, पीडियाट्रिक सर्जरी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और सीटीवीएस विभाग में इस तकनीक से ऑपरेशन किए जा सकेंगे। कैंसर, गुर्दे और अन्य जटिल बीमारियों की सर्जरी में इसका इस्तेमाल होगा।
संस्थान में एम्स जैसी सुविधाएं विकसित करने की दिशा में रोबोटिक सर्जरी शुरू कराई जा रही है। मशीन स्थापित करने के लिए गठित समिति ने जगह का निरीक्षण करने के साथ अन्य औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक मशीन लग जाएगी। इससे सर्जरी के दौरान डॉक्टरों को तकनीकी सहायता मिलेगी और ऑपरेशन अधिक सटीकता से किए जा सकेंगे। - प्रो. एसएन संखवार, निदेशक, आईएमएस बीएचयू
आइएमएस में एम्स लाइक कमेटी के नोडल अधिकारी डॉ. विश्वंभर सिंह ने बताया कि सॉफ्ट टिश्यू सर्जिकल रोबोट एक आधुनिक रोबोटिक प्रणाली है। इसका इस्तेमाल पेट, छाती, मूत्र व स्त्री रोग से जुड़े अंगों की न्यूनतम चीर-फाड़ वाली सर्जरी में किया जाता है। इसमें सर्जन एक कंसोल पर बैठकर रोबोट की भुजाओं और सूक्ष्म उपकरणों को नियंत्रित करते हैं। इस प्रणाली में थ्रीडी हाई डेफिनिशन दृश्य मिलता है और हाथों के स्वाभाविक कंपन का प्रभाव कम हो जाता है। इससे जटिल सर्जरी के दौरान डॉक्टरों को अधिक बारीकी और नियंत्रण के साथ ऑपरेशन करने में मदद मिलती है।
