रॉबर्ट्सगंज: नवीन सब्जी मंडी में भीषण आग, तीन आढ़तियों की दुकानें और वाहन जलकर राख; लपटें देख सहमे लोग
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज स्थित नवीन सब्जी मंडी में सोमवार देर रात आग लगने से तीन आढ़तियों की दुकानें और उनमें रखा केले, आलू व लहसुन समेत सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की चपेट में आकर दो मोटरसाइकिल और एक कार भी राख हो गईं। शॉर्ट सर्किट की आशंका है। पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
सोनभद्र में रॉबर्ट्सगंज स्थित नवीन सब्जी मंडी में सोमवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर तीन आढ़तियों की दुकानें और उनमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। केले, आलू और लहसुन की दुकानों में लगी आग ने आसपास खड़े वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे दो मोटरसाइकिल और एक कार जलकर राख हो गईं। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात नवीन सब्जी मंडी में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैलने के कारण दुकानों में रखा सामान बचाने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों और दमकल कर्मियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक दुकानों में रखा सामान और वहां खड़े वाहन जल चुके थे।
तीन आढ़तियों की दुकानें पूरी तरह जलीं
आग से रामफल पुत्र बसंत लाल निवासी चांदी होटल, बभनौली, रॉबर्ट्सगंज; रामबचन पुत्र फौजदार सिंह निवासी अछोर और विजय पुत्र श्रीराम सिंह निवासी बिजौली की आढ़त की दुकानें प्रभावित हुईं। तीनों दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जल गया। मंडी में फल और सब्जियों का कारोबार करने वाले इन आढ़तियों को घटना के कारण नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी सामने नहीं आया है।
आग के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की है, लेकिन जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मंडी क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था सामान्य है। पुलिस आग से हुए नुकसान और घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।