Varanasi News: 45 दिन में पांचवीं बार खोद दी सिगरा चौराहे के पास सड़क, धूल से हो रही परेशानी; लग रहा जाम
Varanasi News: यहां बस कनेक्शन देने का काम चल रहा है। इस महीने काम पूरा हो जाएगा। यहां भूमिगत पाइपलाइन डाली जा रही है। कार्यदायी संस्थाओं को हिदायत दी गई है कि काम के दौरान धूल न उड़े इसका ध्यान रखें और पानी का नियमित छिड़काव करें।
विस्तार
वाराणसी के सिगरा चौराहे के पास 45 दिन में पांचवीं बार फिर से जेसीबी से सड़क की खोदाई कर दी गई। चौराहे के आसपास आए दिन कुछ न कुछ समस्या आ रही है। पिछले दिनों लीकेज के चलते सड़क को तीन दिन के लिए बंद किया गया था। लीकेज ठीक करने के बाद सड़क को यातायात के लिए खोला गया था। अब फिर से खोदाई करने के बाद सुबह गिट्टी डाल दी गई है।
सिगरा चौराहे से सिद्धगिरीबाग जाने वाली सीवरपाइप लाइन को डायवर्ट किया जा रहा है। यह काम दिसंबर में पूरा करना था लेकिन अब अप्रैल आ गया है। अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। इसी मार्ग पर जहां खोदाई की गई है वहां से कुछ दूरी आगे रोपवे का निर्माण कार्य चल रहा है।
पिछले दिनों सिगरा चौराहा धंस गया था। हर घंटे जाम जैसी स्थिति हो रही है। कारोबारियों के साथ अन्य लोगों को भी दिक्कत आ रही है। खोदाई के चलते दुकानें धूल से भर जा रही हैं। ग्राहक भी नहीं आ रहे हैं। जलकल के अधिकारियों ने बताया कि चेंबर बनाने का काम पूरा हो गया है।
बोले अधिकारी
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने कहा कि सड़क खोदाई करने वालों का पता कर कार्रवाई की जाएगी। पिछले दिनों लीकेज के दौरान सड़क खोदाई की अनुमति जलकल ने ली थी। इसके बाद किसी को खोदाई की अनुमति नहीं दी गई है।
कब-कब खोदी सड़क
- पहली बार -8 मार्च को रोपवे के लिए खोदाई
- दूसरी बार - 10 मार्च को सीवर चेंबर बनाने के लिए खोदाई की
- तीसरी बार - 11 मार्च को सड़क धंसने के बाद खोदाई
- चौथी बार - 2 अप्रैल को सीवर चेंबर बनाने के लिए खोदाई
- पांचवीं बार - 23 अप्रैल को सड़क की खोदाई की