वाराणसी: पाकिस्तानी झंडे फहराने की अफवाह पर गांव में तल्खी, पुलिस ने लोगों से की पूछताछ
वाराणसी के कतवारूपुर गांव में बिजली के पोल पाकिस्तानी झंडा फहराने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पोल से झंडे को उतारा। हिंदूवादी नेताओं ने घटना के बाबत आक्रोश जताया है।
विस्तार
वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के कतवारूपुर में मंगलवार की देर शाम पाकिस्तानी झंडा बिजली के पोल पर फहराने की सूचना पर पुलिस हलाकान रही। सूचना पाकर रात में मौके पर पहुंची पुलिस ने झंडा को उतरवाते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को स्पष्ट किया कि यह झंडा पाकिस्तानी नहीं है। वहीं माहौल को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
हिंदूवादी नेताओं ने घटना के बाबत आक्रोश जताया है। कतवारूपुर के एक बस्ती में देर शाम भीखमपुर निवासी अजय सिंह, मोहन सेठ और प्रभाकर सिंह गोराई गांव की ओर जा रहे थे। उसी समय दस से 12 की संख्या में युवक झंडा लेकर पहुंचे और 20 फीट ऊंचे विद्युत पोल पर फहरा दिए। पाकिस्तान के पक्ष में नारेबाजी करने भी आरोप है।
यह देखते ही मोहन और अजय ने तत्काल इसकी सूचना जंसा पुलिस को दी। तब तक गांव के अन्य लोग भी पहुंच गए और इस घटना का विरोध करने लगे। माहौल बिगड़ने की सूचना पर दरोगा अलगू यादव दो सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और झंडा को उतार कर कब्जे में लिया।
जांच में जुटी पुलिस
बस्ती में मौजूद एक व्यक्ति से पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस को उसने बताया कि यह झंडा पीर बाबा का है, जिसे बस्ती का दस साल के एक बच्चे ने टांगा था। जबकि स्थानीय लोगों के अनुसार दस साल का लड़का पोल पर नहीं पहुंच सकता है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमित वर्मा ने बताया कि झंडा किसी मजार पर लगने वाला झंडा बताया जा रहा है। पुलिस इसकी तस्दीक करा रही है।