फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Read special news of Varanasi broke glass of car and took away laptop robbed 11 lakh rupees

Varanasi News: कार का शीशा तोड़ लैपटॉप उठा ले गए, 11 लाख रुपये हड़पे; यहां पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Fri, 11 Apr 2025 06:38 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 11 Apr 2025 06:38 PM IST
सार

वाराणसी में एक पेट्रोप पंप पर कार का शीशा तोड़कर उचक्के लैपटॉप लेकर भाग गए। वहीं, जमीन की धोखाधड़ी के मामले में एक पीड़िता ने कैंट थाने में केस दर्ज कराया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Read special news of Varanasi broke glass of car and took away laptop robbed 11 lakh rupees
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Top News: आदमपुर थाना क्षेत्र के पंचायती कुआं इलाके में एक पेट्रोल पंप पर खड़ी कार का शीशा तोड़ कर उचक्के लैपटॉप और जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए। बक्सर निवासी नितिन कुमार पाठक पंचायती कुआं इलाके में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर आए थे। 

विज्ञापन


उन्होंने अपनी कार पेट्रोल पंप पर खड़ी की थी। तुरंत पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी अंकित राय ने सीसी कैमरों की जांच की। फुटेज में आरोपी नजर आ रहे हैं। नितिन कुमार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 
विज्ञापन


जमीन हड़पने और मारपीट में केस दर्ज
जमीन की धोखाधड़ी के मामले में एक पीड़िता ने कैंट थाने में केस दर्ज कराया है। चोलापुर के कोहासी निवासी रेनू पटेल ने बताया कि कमलेश ने उसकी कीमती जमीन हड़पने की नियत से खाते में धोखे से रुपये भेजे और 25 मार्च को बहाने से पति धीरेंद्र व देवर से कचहरी में सादे कागज पर अंगूठा लगवाने का प्रयास किया। विरोध करने पर कमलेश ने राजेश सिंह, विवेक सिंह, अभिनव प्रताप व अनिल वर्मा के साथ मिलकर पति और देवर की पिटाई की।
विज्ञापन
विज्ञापन


नाई की दुकान पर नशेड़ी ने अधेड़ व्यक्ति को मारी कैंची
लालपुर-पाण्डेयपुर थानांतर्गत हुकुलगंज रोड पर स्थित सैलून में दाढ़ी बनवा रहे अधेड़ को एक नशेड़ी ने कैची मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराकर आवश्यक कार्रवाई की। हुकुलगंज पुराने बिजली ऑफिस के सामने स्थित शर्मा सैलून में दाढ़ी बनवा रहे घायल भाईराम यादव (62) साल को हिमांशु कनौजिया ने कैंची उठाकर गले के कंधे पर वार कर दिया था।

धोखाधड़ी से हड़पे 11 लाख रुपये, मुकदमा
11 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ फूलपुर थाने में केस दर्ज किया गया। फूलपुर के थरी गांव निवासी राम बच्चन ने पुलिस को बताया कि जमीन का बैनामा 20 लाख में समोगरा निवासी विशाल सोनकर को किया।

विक्रय के दौरान परिचित जगदीशपुर निवासी अक्षय कुमार राजभर ने डीडी की धनराशि 15 लाख रुपये खाते में जमा कराने का आश्वासन दिया और 18 जून को 2024 को मंगारी बाजार के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में खाता खुलवाया। 11 लाख रुपये अक्षय ने अपने खाते में धोखे से ट्रांसफर कर लिया। इसकी जानकारी बाद में हुई। 

जमीन के विवाद में हुई मारपीट, केस
फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियांव गांव में जमीन के विवाद में एक शख्स की पड़ोसियों ने पिटाई कर दी। दो माह बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। करखियाव निवासी गोपाल पांडेय की तहरीर पर धीरज मिश्रा उर्फ टीटू, विक्रांत पांडेय, रामजी मिश्रा, राहुल मिश्रा के खिलाफ केस दर्ज किया गया। 

युवक को कार सवारों ने पीटा, एफआईआर
डिजिटल लाइब्रेरी से लौटते समय एक युवक की कार सवारों ने पिटाई की। पीड़ित ने कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। भीम नगर में किराये पर रहने वाले अनु कुमार ने बताया कि 8 अप्रैल को सतीश कुमार निवासी भीमनगर, ईश्वर, राजन राव, सोनू कुमार, प्रदीप कुमार, राज गौतम कार से उतरे और पिटाई की। जेब में रखे कोचिंग के पैसे व मोबाइल छीनकर भाग निकले। 

सब्जी विक्रेता पिता-पुत्र को आरोपियों ने पीटा, केस
भोजूबीर क्षेत्र में सब्जी विक्रेता और उसके बेटे की गुरुवार सुबह पिटाई की गई। पीड़ित पिता ने आरोपियों के खिलाफ कैंट में मुकदमा दर्ज कराया। सरसौली के राज कुमार सोनकर ने पुलिस को बताया कि वह सुबह अपने बेटे बॉबी के साथ ठेले पर सब्जी ले जा रहा था। रास्ते में अमित सोनकर, नत्थू ,टोनी, शिवा व ज्योति सोनकर ने मारपीट की। बेटे बॉबी के गले से सोने की चेन व जेब से 600 रुपये भी छीन ले गए। 

पति समेत सात के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस
पति समेत सात लोगों के खिलाफ विवाहिता ने आदमपुर थाने में दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया। थाना क्षेत्र के जैरगुलर निवासी सोनम सेठ ने बताया कि  30 जनवरी 2022 को चंदौली के मुगलसराय निवासी आशीष सेठ के साथ उसकी शादी हुई थी। कुछ दिन बाद से आशीष नशे की हालत में उससे मारपीट करने लगा। ससुर, सास, जेठ-जेठानी ने 5 लाख रुपये की मांग की। गर्भावस्था के दौरान उसे दवा और इलाज से भी वंचित किया गया। 

तांबे के तार चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
व्यासनगर क्रॉसिंग के पास खड़ी रेलवे इंजन से तांबे के तार चोरी होने के मामले में दो और आरोपियों को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया। आरोपी पप्पू कसेरा और नक्खीघाट निवासी दीपक शर्मा के कब्जे से चोरी के सात किलो से अधिक तांबे के तार बरामद हुए। एसीजेएम उतर रेलवे अभिनय जैन की कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। 21 मार्च की रात व्यासनगर रेलवे स्टेशन पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। 

चोरी में दो आरोपी गिरफ्तार, 11 मोबाइल बरामद
चोरी के मामले में दो आरोपियों को चेतगंज पुलिस ने को लकड़मंडी चौराहा स्थित हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन बरामद किए। चेतगंज थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजातालाब के बढ़ैनी खुर्द निवासी संजय कुमार विश्वकर्मा और अजय कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है। 

पति पर पिटाई और घर से भगाने का आरोप, केस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुड़ी गांव में विवाहिता ने पति पति गुड्डू राजभर पर पिटाई और घर से निकालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। अन्नू कुमारी ने बताया कि पति गुड्डू प्रताड़ित करता है। सात मार्च को पिटाई की और घर से निकाल दिया। 

11वीं का छात्र एक माह से लापता, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर गांव से पिछले 9 मार्च से कक्षा 11 का छात्र लापता है। पुलिस ने एक माह बाद पिता की तहरीर पर आरोपों में केस दर्ज किया है।

अपहृता मिली, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
शादी के बहाने युवती को अगवा करने के मामले में सिगरा पुलिस ने गुरुवार को मालगोदाम रोड से आरोपी को गिरफ्तार किया। युवती को भी पुलिस ने बरामद किया। आरोपी तीन बच्चे का पिता है। सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान माताकुंड निवासी अकबर उर्फ बब्लू के रूप में हुई है। 

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार बब्लू ने बताया कि एक साल पहले युवती से मुलाकात हुई थी। डेढ़ माह पहले युवती के साथ शादी के इरादे से अपने साथ मुंबई पुणे ले गया था। शादी की तैयारी कर रहे थे। अपनी पहली पत्नी से मिलने और युवती से शादी के बाबत अधिवक्ता से बातचीत करने वाराणसी आया था। 

2 बैंकों के क्रेडिट कार्ड से 3.72 लाख की धोखाधड़ी
कमच्छा के युवक के दो बैंकों के क्रेडिट कार्ड से पांच बार में 3,72,432 रुपये की जालसाजी हो गई। बिना ओटीपी कार्ड हैक कर साइबर जालसाजों ने वारदात की। पीड़ित ने भेलूपुर थाने में केस दर्ज कराया। वीरेंद्र कुमार मालू ने बताया कि एचडीएफसी और एसबीआई के क्रेडिट कार्ड से रकम निकासी हुई है, जबकि ओटीपी कहीं शेयर भी नहीं किया गया। 

गुटखे की बोरी चोरी कर भाग रहे थे, लोगों ने पीटा
लेढ़ुपुर के प्रकाश नगर में गुरुवार को जनरल स्टोर की दुकान पर चोरी करने आए बाइक सवार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। बाइक से आए तीन आरोपियों ने शुभम उर्फ सोनू गुप्ता के बीमार पिता का ध्यान भटका कर गुटखे से भरी बोरिया उठाकर ले जाने लगे। इसी दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया। बाकी दो भाग निकले। आरोपी की लोगों ने पिटाई कर दी और आशापुर पुलिस चौकी को सौंप दिया। 

मंदिर से दान पेटी उखाड़ ले गए चोर
मिर्जामुराद क्षेत्र के रखौना गांव में नेशनल हाईवे के सर्विस रोड से सटे बह्म बाबा के मंदिर की दानपेटी चोर उखाड़ ले गए। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

मारपीट व दलित उत्पीड़न के मामले में जमानत
महिला की घर में घुसकर के पिटाई मामले में आरोपी की जमानत विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) देवकांत शुक्ला की अदालत ने मंजूर कर ली। आरोपी को 25-25 हजार रुपये की दो जमानतें व बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। 

अभियोजन पक्ष के अनुसार, दनियालपुर, सारनाथ निवासी रीता देवी ने बताया कि उसकी जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना से मकान बनवाने का पैसा आया था, वह अपने जमीन पर निर्माण करवा रही थी। पड़ोस में रहने वाले ने दिनेश मौर्या ने अपने छह साथियों के  साथ 19 जुलाई 2022 को घर में घुस गए और मारपीट, तोड़फोड़ की। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालीगलौज का भी आरोप लगाया। 

फंदे से लटक विवाहिता ने दी जान, तीन पर केस
लंका थाना क्षेत्र के नुआव में विवाहिता ने बुधवार रात फंदे से लटक कर जान दे दी। गुरुवार सुबह पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। पति समेत ससुराल के खिलाफ परिजनों ने 3 पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया। नुआव के अमित यादव की पत्नी पूजा यादव (28) तीन साल के बेटे अनुभव के साथ रात में खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गई। 

सुबह बेटा उठा तो रोने लगा। कमरे के अंदर परिजन पहुंचे तो देखा कि पूजा पंखे की कुंडी में साड़ी के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। पति अमित यादव, देवर सुनील यादव, सास गिरजा देवी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। लंका थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। 

विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान, हत्या का आरोप
रामनगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर में विवाहिता ने गुरुवार को पति से विवाद के बाद फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। बेटी के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या समेत अन्य आरोप लगाए। मिर्जापुर के जमालपुर थाना क्षेत्र के भदावर निवासी आरती ने रामनगर के सुल्तानपुर निवासी चंद्रिका से डेढ़ साल पूर्व प्रेम विवाह किया था। चंद्रिका शहर के निजी अस्पताल में पैरामेडिकल स्टाफ है। 

दुष्कर्म के मामले के विरोध में बीएचयू में बांटे गए पर्चे
वाराणसी जिले में छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले को लेकर बीएचयू में छात्रों ने विरोध सभा की। न्यू विश्वनाथ मंदिर के बाहर संगठन ने छात्र-छात्राओं को पर्चा भी बांटा। महिलाओं के साथ हो रही घटनाओं के बारे में बताया गया। 

छात्र संगठन दिशा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि सिर्फ सुरक्षा के दावे, लेकिन घटनाएं नहीं रुक रहीं। उधर, बीएचयू में एनएसयूआई और शी सेल की ओर से सामूहिक दुष्कर्म केस का विरोध किया गया। न्यू विश्वनाथ मंदिर के सामने 500 स्टूडेंट्स के साथ सिग्नेचर कैंपेन किया गया। इस दौरान सृष्टि पांडेय, सिमरन, रिया, संध्या, अराधना, स्वीटी, प्रियदर्शन मौजूद रहे।

तिरपाल की रस्सी से बाइक सवार की कटी गर्दन
पांडेयपुर चौराहा-हुकुलगंज मार्ग पर बृहस्पतिवार को तिरपाल बांधते समय रस्सी की जद में आने से बाइक सवार युवक की गर्दन कट गई। लहूलुहान युवक को पांडेयपुर के ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सारनाथ थाना क्षेत्र के शक्तिपीठ कॉलोनी निवासी अनूप श्रीवास्तव (38) मेडिकल कंपनी में काम करते हैं। दोपहर में बाइक से पांडेयपुर चौराहे से हुकुलगंज मार्ग पर 20 कदम दूरी पर एक दुकानदार दुकान पर धूप से बचने के लिए तिरपाल बांध रहा था। तिरपाल में लगी नायलॉन की रस्सी सड़क के एक छोर से दूसरे छोर तक लटकी थी। 

विभागाध्यक्ष विवाद को लेकर राष्ट्रपति को भेजी चिट्ठी
बीएचयू में प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति और पुरातत्व विभाग के अध्यक्ष पद को लेकर राष्ट्रपति से शिकायत की गई है। राजेश सिंह ने कहा कि प्रो. महेश प्रसाद अहिरवार ने 14 साल तक प्रोफेसर के पद पर काम किया, लेकिन उन्हें विभागाध्यक्ष नहीं बनाया गया।

कार्यवाहक कुलपति ने अगले आदेश तक कला संकाय की डीन प्रो. सुषमा घिल्डियाल को चार्ज दे दिया। कहा कि जिस तरह से हाल ही में शारीरिक शिक्षा, दर्शनशास्त्र और पाली विभाग में अध्यक्षों की नियुक्तियां हुई हैं, वैसे ही इसमें भी हो। 

3 फीसदी गेहूं का क्रय, 100 क्विंटल तक सत्यापन मुफ्त
पिछले साल से इस बार चार गुना गेहूं की खरीद हो चुकी है। खरीद में आई तेजी से अभी तक करीब तीन फीसदी की खरीद हुई है। मोबाइल क्रय केंद्र से किसानों को राहत मिल रही है। किसानों के सौ क्विंटल गेहूं तक बिक्री पर सत्यापन मुफ्त है। बटाइदारों को भी बिक्री करने की छूट दी गई है।

17 मार्च से 38 क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू हुई है। अभी तक 249 मीट्रिक टन की खरीद हुई है। खरीद 15 जून तक चलेेगी। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सुनील भारती ने बताया कि पिछले साल अभी तक 50 क्विंटल की खरीद हुई थी। नौ हजार मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 2.76 फीसदी खरीद हुई है। 

ट्रेन से कटकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के नाथुपुर रेलवे क्राॅसिंग पर गुरुवार की सुबह शिवगंगा ट्रेन से कटकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई। नाथुपुर की रहने वाली कलावती देवी (58) सुबह टहलने के लिए निकली थी। रेलवे क्राॅसिंग के पास वह बनारस स्टेशन की ओर जा रही शिवगंगा एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। घटनास्थल पर ही कलावती की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। 

मुंबई हमले को याद कर सिहर उठता है मन
26/11 के मुंबई हमले में जीवित बची काशी की सुनीता उस मंजर को याद कर आज भी सिहर उठती हैं। हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित किए जाने पर मुंबई हमले की भयावहता को सुनीता ने बयां किया। 

सुनीता ने कहा कि आंखों के सामने पति ने दम तोड़ा। हमले के समय रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर थे। गोलियों की आवाज सुनकर शुरू में लगा पटाखों की आवाज है। भागने की कोशिश की तो मेरे पति के सिर में गोली लग गई। खुद को बचाने के लिए बच्चों के साथ भागी। 

हमले में मुझे भी गोली लगी। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राणा के भारत प्रत्यर्पण पर रोक लगाने की याचिका को खारिज कर दिया है। राणा पर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों में शामिल होने का आरोप है, जिसमें 160 से अधिक लोग मारे गए थे। 

सोवा रिग्पा अस्पताल में मरीजों का होगा जड़ी-बूटियों से इलाज
केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान परिसर स्थित सोवा रिग्पा अस्पताल का आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने निरीक्षण कर सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कुलपति प्रो. दोर्जे नेगी के साथ मुलाकात की। बैठक में 45 बेड वाले सोवा रिग्पा अस्पताल से जुड़ी योजनाओं की आयुष मंत्री ने जानकारी हासिल की। 

इस अस्पताल के शुरू होने से आसपास के जिलों के मरीजों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति का लाभ मिलेगा। बैठक में आयुष मंत्री ने कहा कि तिब्बती चिकित्सा पद्धति सोवा रिग्पा को संस्थान में समाहित किया जाना एक सराहनीय पहल है। इससे भारत की पारंपरिक चिकित्सा विधाओं को और अधिक सशक्त आधार मिलेगा। बैठक में कुलसचिव डॉ. सुनीता चंद्रा, डॉ. हिमांशु पांडेय, डॉ. सुशील सिंह, डॉ. दावा ताशी आदि मौजूद रहे। 

न्यूरो थेरेपी से 136 मरीजों का इलाज
विश्व ऑटिज्म जागरूकता माह में पड़ाव स्थित अघोरेश्वर भगवान राम योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र पर गुरुवार को निशुल्क न्यूरो थेरेपी चिकित्सा शिविर लगा। सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष बाबा संभव राम के सानिध्य में डॉ. विजय प्रताप सिंह, मणिलाल विश्वकर्मा की टीम ने 136 लोगों की जांच की। इस मौके पर डॉ. एसपी सिंह, उषा विश्वकर्मा, उमेशचंद्र मिस्त्री, अभिषेक मिश्रा, नागेंद्र मौर्या, अनुज, राहुल पटेल रहे। 

मेयर ने लोको छित्तूपुर वार्ड में चलाया अभियान
पीएम आगमन के पूर्व गुरुवार को नगर निगम की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने लोको छित्तूपुर वार्ड में साफ-सफाई की। प्राचीन शिव मंदिर में झाड़ू लगाकर पेड़ की पत्तियों को कूड़ेदान में डाला। मंदिर और वार्ड में घूमकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जनता से समस्याओं के बारे में पूछताछ की। भरोसा दिलाया कि समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाएगा। अधिकारियों को सफाई, फॉगिंग, सड़क और गलियों के मरम्मत के निर्देश दिए। 

श्रीविद्या मठ में संन्यास समज्या कार्यक्रम
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि प्रवृत्ति और निवृत्ति दोनों प्रकार के धर्म हमारे शास्त्रों ने बताए हैं। संसार को आगे बढ़ाने के लिए दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। प्रवृत्ति धर्म को बिंदु और निवृत्ति धर्म को नाद परंपरा कहा गया है। जन्म-मृत्यु के चक्र का अंत करना हो तो निवृत्ति मार्ग को अपनाना चाहिए। वह गुरुवार को केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में 23वें संन्यास समज्या पर अपने विचार रख रहे थे। 

संन्यास समज्या में छत्तीसगढ, कानपुर, बाराबंकी आदि शहरों से संन्यासी आए थे। शाम को सत्संग सभा, भजन संध्या और काव्यपाठ हुआ। इस दौरान शंकराचार्य ने गोधूलि पुस्तक का लोकार्पण किया। मठ के प्रभारी ब्रह्मचारी परमात्मानंद ने स्वागत किया। इस मौके पर अधिवक्ता पं. रमेश उपाध्याय, पं. कमलाकांत त्रिपाठी, पं. परमेश्वरदत्त शुक्ल, संजय पांडेय, योगेश ब्रह्मचारी, रवि त्रिवेदी, सत्येंद्र मिश्र, अनिल पांडेय, हजारी कीर्ति शुक्ला, हजारी सौरभ शुक्ला आदि रहे। 

आयुर्वेद काॅलेज का पुरातन छात्र समागम कल
काशी में 12 अप्रैल को राजकीय आयुर्वेद कॉलेज के पुरातन छात्रों की जुटान होगी। इसके लिए पुरातन छात्र समिति की ओर से सरोजा पैलेस रामकटोरा में समागम का आयोजन किया गया है। समारोह में 1968 से 2024 तक यानी 55 साल तक के पुरातन छात्र शामिल होकर अपने छात्र जीवन की यादों को ताजा करेंगे। 

बृहस्पतिवार को प्रेस कांफ्रेंस में संरक्षक डॉ. एके पांडेय, अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार राय, सचिव डॉ. शैलेश कुमार राय ने बताया कि करीब 350 पुरातन छात्र इस कार्यक्रम में अपने परिवार के साथ हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि राजकीय आयुर्वेद काॅलेज व चिकित्सालय की स्थापना 1965 में पं. सत्य नारायण शास्त्री ने संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में की थी। 

1981 में इसे राजकीय महाविद्यालय का दर्जा प्राप्त हुआ। 2014 में विश्वविद्यालय परिसर से नए भवन में स्थानांतरित हुआ। 12 अप्रैल को पुरातन छात्र अपने परिवार के साथ कॉलेज परिसर का भ्रमण करेंगे। इसके बाद सरोजा पैलेस पहुंचेंगे। इस दौरान 11 पुरातन छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। 

नारायण स्वामी की स्मृति में हुई शास्त्रार्थ सभा
दत्तात्रेय मठ नारदघाट में गुरुवार को स्वामी नारायण स्वामी के श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन हुआ। साधु-संतों ने स्वामी जी के दिखाए मार्ग का अनुसरण करने का संकल्प लिया। इस दौरान शास्त्रार्थ सभा में विद्वानों और वेदपाठियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। संचालन मुख्य आचार्य संपूर्णानंद दिव्य चेतन ब्रह्मचारी ने किया।श्रद्धांजलि सभा में स्वामी वाभनानंद सरस्वती, विश्व चेतन ब्रह्मचारी, केशव, नीरज सिंह, मृत्युंजय, सुब्रमण्यम, किशन रस्तोगी आदि रहे। 

वैष्णव जन तो तेने कहिए...
काशी विरासत संरक्षण समिति की ओर से नमो घाट पर गुरुवार को सांस्कृतिक संध्या वरिष्ठ बांसुरी वादक और वाराणसी आकाशवाणी के केंद्र निदेशक राजेश कुमार गौतम ने प्रभावी प्रस्तुतियों से सभी को आनंदित किया। गौतम ने राग मारवा में आलाप, जोड़, झाला और गत की प्रस्तुति की। साथ ही ठुमरी- याद पिया की आए... और भजन- वैष्णव जन तो तेने कहिए...की धुन से सभी को मगन कर दिया। तबले पर डॉ. रजनीश तिवारी और तानपूरे पर पूर्वांश प्रकाश गौतम ने संगत की।

श्रीराम जानकी विवाह के प्रसंग सुन हुए विभोर
शिवपुर के होलापुर स्थित मंदिर में चल रही श्रीरामकथा में बृहस्पतिवार को कथावाचक आचार्य दिनेश सिंह ने श्रीराम जानकी विवाह प्रसंग सुनाया। कहा कि प्रभु श्रीराम के वन गमन करते समय ऋषि विश्वामित्र को राजा जनक की भेजी हुई कुमकुम पत्रिका मिलती है।

प्रभु श्रीराम और माता सीता के स्वयंवर की झांकी को देख लोग विभोर हो गए। उन्होंने परशुराम लक्ष्मण संवाद, चारों भाइयों के फेरे आदि प्रसंग भी सुनाए। शुक्रवार को अखंड रामायण का पाठ होगा। 12 अप्रैल को भंडारा होगा। इस मौके पर अरविंद सिंह, विजय मिश्रा, अक्षत शर्मा, सत्यम सिंह, प्रेम कुमार आदि रहे। 

टूरिस्ट गाइड ने पेशवा हवेली में देखी प्रदर्शनी
इंटैक वाराणसी की ओर से द्वादश माधव आधारित चित्र प्रदर्शनी राजघाट स्थित पेशवा हवेली में लगाई गई है। गुरुवार को टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शनी में लगी कलाकारी को देखा। संचालन अशोक कपूर और धन्यवाद ज्ञापन जैनेंद्र ने किया। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश कुमार, प्रदीप वर्मा, विजय जायसवाल, अनिश झा, नीलेश सिन्हा आदि शामिल रहे। 

प्लास्टिक मुक्त काशी के लिए बांटे कपड़े के झोले
रोटरी क्लब काशी ने गुरुवार को सिगरा स्थित फल व सब्जी मंडी में प्लास्टिक मुक्त काशी व प्लास्टिक मुक्त भारत के लिए जागरूकता अभियान चलायाठेले वालों को 200 कपड़े के झोले बांटने के साथ ही ग्राहकों को घर से कपड़े का झोला लेकर बाजार जाने के लिए प्रेरित किया। अभियान में रोटरी के अध्यक्ष अरुण तिवारी, सचिव अश्विनी श्रीवास्तव, कार्यक्रम संयोजक श्याम रस्तोगी, प्रो. बृजेश जायसवाल, डॉ. राजीव दुबे, सुभाष कपूर आदि शामिल रहे। 

धर्म, भक्ति व जीवन मूल्यों का कराया बोध
श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन गुरुवार को वेदाचार्य पं. विष्णुकांत शास्त्री ने धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों से जुड़ी शिक्षाओं से अभिभूत किया। कहा कि धर्म का मूल आधार परिवार से शुरू होता है और माता-पिता का सम्मान किसी भी धर्म का प्रथम कर्तव्य है। जिस परिवार में माता-पिता को मान-सम्मान होता है, वहां स्वतः ही सुख, शांति और समृद्धि निवास करती है। उन्होंने भगवान शंकर और माता पार्वती से जुड़ी अमरकथा का वर्णन किया। 

प्रदोष व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना की 
चैत्र मास शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर गुरुवार को गुरु प्रदोष व्रत रखकर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना की। शिव मंदिरों में दर्शन-पूजन कर सौभाग्य और मनोकामना की पूर्ति की कामना की। हिंदू नववर्ष के पहले प्रदोष पर नमामि गंगे ने ब्रह्मा घाट पर शिव कचहरी में सफाई की। प्रदोष व्रत के लिए श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान-ध्यान व पूजा-अर्चना के बाद संकल्प लिया।

दिनभर निराहार रहकर शाम को प्रदोषकाल में भगवान शिवजी की षोडशोपचार पूजा की। शिवजी का अभिषेक किया। शृंगार कर विभिन्न नैवेद्य अर्पित किए। नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर इकाई के सदस्यों ने अभियान चलाकर ब्रह्मा घाट स्थित प्राचीन शिव विग्रहों की सफाई और पूजा की। 

ब्राह्मण समाज के विद्वानों को मिला काशी रत्न सम्मान
सर्व ब्राह्मण महासभा की ओर से गुरुवार को प्रो. वीरभद्र मिश्र वाटिका तुलसीघाट पर होली मिलन समारोह हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री डॉ. रविंद्र शुक्ला ने समाज के लोगों के साथ होली खेली। इस दौरान ब्राह्मण समाज के विद्वानों को काशी रत्न सम्मान दिया गया। कलाकारों ने होरी, चैती, गीतों व नृत्य से सभी को आनंदित किया। 

इस दौरान राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्रा दयालु, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, मेयर अशोक कुमार तिवारी, पं. शिवनाथ मिश्र, पं. रामजन्म चौबे, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. राममोहन पाठक, प्रो. कमलाकर त्रिपाठी, प्रो. आद्या प्रसाद पांडेय, प्रो. एसएन उपाध्याय, डॉ. कामेश्वर उपाध्याय, पं. कृपा निधान तिवारी आदि माैजूद रहे। वक्ताओं ने ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की स्थापना, समान नागरिक संहिता लागू करने, मंदिरों के पुजारियों को वेतन देने समेत कई मांगें उठाईं। अध्यक्षता पं. कमलाकांत उपाध्यक्ष ने की। स्वागत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र ने किया। ्र

रामभद्राचार्य से मिले सदस्य 
संत छोटे जी फाउंडेशन के प्रतिनिधि मंडल ने चित्रकूट में जगद्गुरु रामभद्राचार्य से आशीर्वाद लिया। फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष आचार्य रामकुमार कपूरिया, ज्योतिषाचार्य डॉ. किरण जेटली, सचिव विशंभर उपाध्याय आदि ने संस्था के उद्देश्यों और भविष्य की योजनाओं पर उनसे चर्चा की। जगद्गुरु ने उनकी संस्था के धार्मिक सहित अन्य कार्यों की प्रशंसा की। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed