वाराणसी। अगले महीने 15 मई से 5.92 लाख कार्डधारकों को एक किग्रा चना प्रति राशनकार्ड पर नि:शुल्क दिया जाएगा। डीएम कौशलराज शर्मा के अनुसार 5.94 लाख के सापेक्ष 5.51 लाख राशनकार्ड धारकों को नि:शुल्क चावल दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 1.63 लाख लाभार्थियों को गैस रिफलिंग हेतु अग्रिम धनराशि 803 रुपए प्रति सिलिंडर की दर से कुल 13.09 करोड़ रुपए खाते में भेजा गया है। 1.02 लाख कनेक्शनधारियों को रिफिल गैस सिलिंडर डिलीवर भी किया है। जिले के साथ हॉटस्पॉट क्षेत्रों गंगापुर, मदनपुरा, बजरडीहा, नक्खीघाट, पितरकुंडा, लोहता व मड़ौली में उचित दर की दुकानों से राशन कार्डधारकों में होम डिलीवरी के माध्यम से अनाज बांटा गया। जनता से अपील की है कि घटतौली, अनियमितता करने वाले दुकानदारों, कोटेदारों के खिलाफ टोल फ्री नंबर 1800-1800-150 एवं जिला कंट्रोल रूम के फोन नंबर -0542-2221939 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर तत्काल सूचना दे, ताकि कार्रवाई की जा सके। इनसेट अब तक 18 दुकानें निलंबित 29 पर कार्रवाई डीएम के अनुसार विभिन्न अनियमितताओं के दृष्टिगत अब तक आपूर्ति विभाग द्वारा चार राशन की दुकानों पर एफआईआर दर्ज कराई गई। इसके अलावा 18 दुकानों को निलंबित किया गया है। घटतौली पर 29 दुकानों पर बाट माप विभाग द्वारा कार्रवाई की गई है।