योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा, राम मंदिर मामले में समझौते का समय निकल चुका, अब कानून लाओ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए समझौते का समय निकल गया है। मंदिर निर्माण के लिए कानून लाने और मंदिर बनवाने की नीति अपनानी होगी। राम मंदिर को लेकर जनता का धैर्य जवाब दे रहा है। इसलिए इस कार्य को जल्द से जल्द करना चाहिए। बोले-राम मंदिर अभी नहीं बना तो कभी नहीं बनेगा। इसके लिए संत समाज को आगे आना होगा।
बाबा रामदेव ने यह बातें शुक्रवार सुबह मर्णिकर्णिका घाट स्थित सतुआ बाबा आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में कही। कहा, पीएम नरेंद्र मोदी रामभक्त और राष्ट्रभक्त हैं। अयोध्या भगवान राम की भूमि है। 25 वर्ष हो गए मंदिर की आस में। अगर आज की अनुकूल परिस्थितियों में भी मंदिर नहीं बना तो देश का सांप्रदयिक माहौल बदल सकता है। इससे देश की राजनीति को नुकसान भी हो सकता है।
बाबा रामदेव ने राजनीति में अभद्र भाषा के प्रयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि संस्कार और संस्कृति का ह्रास हो रहा है। लोग एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए कुछ भी बोल रहे हैं। इससे हमारे संवैधानिक और मौलिक के साथ ही नैतिक कर्तव्यों का पतन हो रहा है।
खुद को सर्वदलीय और निर्दलीय दोनों बताते हुए पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव पर कहा, यह 20-20 का मैच है। परिणाम काफी बेहतर होगा। 2019 में भी भाजपा बहुमत में आएगी। इसके बाद कैलाश क्रूज से गंगा में विहार किया।
न पक्ष, न विपक्ष अभी निष्पक्ष
बता दें कि इससे पहले गुरुवार को बाबा रामदेव ने केंद्र सरकार से अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए संसद में अध्यादेश लाकर विशेष कानून बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि संसद अध्यादेश लाने में समर्थ है। संसद न्याय का सबसे बड़ा मंदिर है। राम मंदिर पर रार बहुत हो रही है। अब इसके पटाक्षेप की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि मोदी से बड़ा रामभक्त-राष्ट्रभक्त कौन है, इसलिए मंदिर निर्माण का काम संसद से होना चाहिए। रामदेव ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद समेत जो भी संगठन मंदिर निर्माण के लिए 25 नवंबर को आंदोलन कर रहे हैं, वह ठीक है। इस मुद्दे पर सभी को एकजुट होकर दबाव बनाने की जरूरत है। मामले में सुप्रीम कोर्ट में देरी हो चुकी है।
लोगों के सब्र का बांध टूटता जा रहा है और व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा हो रहा है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम पर रामदेव ने कहा कि अभी सरकार और विपक्ष के बारे में कुछ नहीं बोल रहा हूं। न पक्ष, न विपक्ष अभी निष्पक्ष हूं।
बाबा रामदेव ने गंगा पार कराई विज्ञापन की शूटिंग
अपने परिधान के विज्ञापनों की शूटिंग के लिए काशी आए बाबा राम देव ने शुक्रवार को सतुआ बाबा आश्रम में दर्शन पूजन करने के साथ एक पुस्तक का भी बिमोचन किया। बटुकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पूर्वजों की थाती है। इसे विरासत के रूप में संभालकर रखना है। उन्होंने परिधानों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पतंजलि का परिधान का शोरूम भी खुलेगा। इसमें तीन ब्रांड और तीन सौ वैरायटी के उत्पाद होंगे, जो बाजार में अपनी एक अलग पहचान बनाएंगे।
दूसरे दिन बाबा आश्रम के क्रूज कैलाश पर संतोष दास सतुआ बाबा के साथ नौका विहार किया। नौका विहार के साथ ही उन्होंने गंगा पार जाकर अपने आने वाले पर परिधानों के विज्ञापन की शूटिंग कराई। वहां से लौटने के बाद बाबा दुर्गाकुंड में दर्शन पूजन के लिए रवाना हो गए। इसके अलावा योग गुरु बाबा रामदेव ने कई जगहों पर दर्शन पूजन करते हुए, एक शो रूम पर भी गए।