UP: पूर्वांचल विवि के रक्षित को मिलेगा अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक, 29वें दीक्षांत समारोह पर मिलेगा सम्मान
Varanasi News: रक्षित प्रताप सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनका कहना है कि अमर उजाला का नियमित पाठक होने के कारण ही उनमें पत्रकारिता के प्रति दिलचस्पी पैदा हुई।
विस्तार
रक्षित प्रताप सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनका कहना है कि अमर उजाला का नियमित पाठक होने के कारण ही उनमें पत्रकारिता के प्रति दिलचस्पी पैदा हुई। उनका लक्ष्य सिविल सेवा के क्षेत्र में जाने का है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, शाहगंज तहसील के गांव अखंड नगर के शिक्षक रुद्र प्रताप सिंह के बेटे रक्षित प्रताप सिंह ने स्नातक की पढ़ाई तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय से पूरी की। सत्र 2023-25 में पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन से एमए की पढ़ाई की। परीक्षा में उन्होंने 7.85 सीजीपीए हासिल किया, जो कि सर्वाधिक है। इसी आधार पर उनका चयन अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक के लिए हुआ है।
इसे भी पढ़ें; Mau News: गिला भूसा हटा रही थीं सास- बहू, अचानक भरभराकर गिरी जर्जर दीवार; एक की मौत, एक घायल
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, रक्षित प्रताप सिंह को दो पदक प्रदान किए जाएंगे। एक पदक विश्वविद्यालय की ओर से और दूसरा अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्वर्गीय अतुल माहेश्वरी की स्मृति में दिया जाएगा। जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. मनोज मिश्र, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. चंदन सिंह ने रक्षित प्रताप को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि रक्षित प्रताप ने अनुशासन और परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। यह सम्मान निश्चित ही अन्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। कुलपति प्रो. वंदना सिंह का कहना है कि रक्षित प्रताप की यह सफलता विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। यदि छात्र निरंतर प्रयास करते रहें तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता।