Mau News: भूसा हटा रही थीं सास-बहू, अचानक भरभराकर गिरी जर्जर दीवार; एक की मौत, एक घायल
Mau News: हलधरपुर थाना क्षेत्र के छिछोर करौंदी गांव में दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि उसकी बहू घायल है। बारिश में भीगा भूसा हटाने के दौरान हादसा हुआ।
विस्तार
मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के छिछोर करौंदी गांव में सोमवार की सुबह जर्जर दीवार गिरने से सदीना (58) की मौत हो गई, जबकि उनकी बहू हसीना (28) गंभीर रूप से घायल हो गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी भागकर पहुंचे और दोनों को मलबे से खींचकर बाहर निकाला।
ये है मामला
तेज बारिश के चलते छिछोर करौंदी गांव निवासी सदीना के घर के दूसरे हिस्से में पशुओं को खिलाने के लिए रखा भूसा भीग रहा था। सोमवार की सुबह सदीना पत्नी लाल मोहम्मद अपनी बहू हसीना पत्नी तबारक को लेकर भीगे भूसे को हटा रही थीं। तभी अचानक जर्जर दीवार उनके ऊपर गिर गई। दोनों सास बहू मलबे दब गईं।
इसे भी पढ़ें; हादसा: घर से दुकान पर जाने के लिए निकला युवक, रास्ते में पैर फिसलने से बाढ़ के पानी से भरे गड्ढे में गिरा; मौत
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। दोनों को मलबे से खींचकर बाहर निकाला। ग्रामीण दोनों को बलिया जिले के भीमपुरा स्थित प्राइवेट अस्पताल में ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने सदीना को मऊ ले जाने की सलाह दी। उन्हें मऊ स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सदीना के दो बेटे मुबारक और तबारक उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नौकरी करते हैं।
भाजपा के छिछोर करौदी ग्राम पंचायत के बूथ अध्यक्ष कुंदन मौर्य ने भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य को हादसे की सूचना देकर के शासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
जर्जर छत और दीवार गिरने से 3.5 माह में चार की मौत, पांच घायल
बीते अप्रैल माह से अब तक जर्जर छत और दीवार गिरने से चार लोगों की जान जा चुकी है। इनमें दो बालक और एक आठ माह का मासूम था। इस साल की इस तरह की पहली घटना बीते 25 अप्रैल को दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के डोमनपुरा कसारी मुहल्ले में हुई। कसारी निवासी वकील अहमद के घर की जर्जर छत गिरने से दबकर आठ माह के बेटे अफ्फान की मौत हो गई। जबकि ईशान (18), अन्नान (19), तबस्सुम परवीन (14) और पत्नी फरहाना खातून (40) घायल हो गई थीं। वहीं बीते 11 मई की दोपहर हलधरपुर थाना क्षेत्र के बिलौझा गांव में 40 साल से बंद कताई मिल की छत गिरने से दबकर गांव के ही शिवम (10) और निहाल की मौत हो गई थी।