वाराणसी पहुंचे कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया, नागरिकता काननू-एनआरसी पर कही ये बात
राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस के नेता डॉ. पीएल पुनिया रविवार को वाराणसी पहुंचे। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दोपहर को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि एनआरसी लागू होने से झोपड़पट्टी में रहने वाले अपना सबूत कैसे दे पाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि उसका असर किसी एक धर्म पर नहीं देश की गरीब जनता पर पड़ेगा। एनआरसी को लेकर जिस तरह से विरोध चल रहा है उसका विरोध जारी रहेगा और जब तक सरकार इसे वापस नहीं ले लेती, हमारे देश के नागरिक विरोध करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस तरह नोटबंदी के दौरान लाइन में लगकर देश की जनता को अपना पैसा जमा करना पड़ा। उसी तरह एनआरसी लागू होने पर लोगों को भारत का नागरिक होने का दस्तावेज बनवाने के बाद दिखाना पड़ेगा।
इसका उपाय केवल एक ही है कि प्रधानमंत्री घोषणा करें कि इस कानून को हम वापस लेते हैं और मिल बैठकर आपस में जो आम सहमति बनेगी उस पर हम काम करेंगे। उन्होंने कहा कि लोग आज भी कांग्रेस पार्टी पर विश्वास करते हैं कि कांग्रेस पार्टी द्वारा लोगों के साथ धोखा नहीं किया जाएगा जबकि लोगों को यह पता है कि भाजपा उनके साथ विश्वासघात करेगी।
तीन तलाक धारा 370 व अन्य की अपेक्षा में एनआरसी को लेकर विरोध तेज है एनआरसी पर सवाल पूछे जाने पर कहा कि तीन तलाक या धारा 370 हटाए जाने का मामला किसी एक धर्म या राज्य से जुड़ा था लेकिन एनआरसी लागू करने से देश के सभी लोगों को भारतीय होने का प्रमाण पत्र दिखाना पड़ेगा।
यही कारण है कि इसका विरोध मुसलमान ही नहीं सभी धर्मों के लोगों द्वारा भी किया जा रहा है। एनआरसी का विरोध कांग्रेस पार्टी ही नहीं सभी पार्टियां कर रही हैं और भारत के हर नागरिक द्वारा इसका विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।