राजकुमार पाल: बांस की छड़ी से शुरू किया हॉकी का सफर, ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ शूटआउट में दागा था निर्णायक गोल
गाजीपुर के करमपुर निवासी हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। करमपुर के मैदान से शुरू हुआ उनका सफर राष्ट्रपति भवन तक पहुंचा। पेरिस ओलंपिक में ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ शूटआउट में निर्णायक गोल दागकर उन्होंने भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर है।
विस्तार
नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आयोजित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय हॉकी टीम के मिड फील्डर राजकुमार पाल को अर्जुन पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया। कभी संसाधनों की कमी के चलते बांस की छड़ी से हॉकी खेलने वाले करमपुर के राजकुमार पाल ने शुक्रवार को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। यह सम्मान उनके वर्षों के संघर्ष, अनुशासन, खेल भावना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन का प्रतिफल है।
राजकुमार पाल की सफलता के पीछे संघर्ष की लंबी कहानी है। गाजीपुर के करमपुर गांव में एक मई 1998 को जन्मे राजकुमार ने करीब 10 वर्ष की उम्र में हॉकी खेलना शुरू किया था। उनके दो बड़े भाई भी हॉकी खेलते थे। उन्हीं को देखकर राजकुमार के मन में भी हॉकी के प्रति लगाव पैदा हुआ।
करमपुर के मैदान से राष्ट्रपति भवन तक पहुंची गाजीपुर के लाल की प्रतिभा
गांव के मेघबरन सिंह स्टेडियम में उन्होंने हॉकी की शुरुआती बारीकियां सीखीं। उस समय परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। संसाधनों की कमी के कारण शुरुआत में उन्हें हॉकी स्टिक की जगह बांस की छड़ी से अभ्यास करना पड़ता था।
हॉकी के प्रति लगन का ही परिणाम रहा कि राजकुमार को आगे की ट्रेनिंग के लिए लखनऊ के साई स्पोर्ट्स हॉस्टल में जगह मिली। वर्ष 2018 में राष्ट्रीय शिविर में बुलाए जाने के बाद उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की राह खुली। हालांकि टोक्यो ओलंपिक की भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने से उन्हें निराशा हुई, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार अपने खेल में सुधार करते रहे।
राजकुमार को मिला अर्जुन पुरस्कार
उनकी मेहनत का परिणाम पेरिस ओलंपिक 2024 में देखने को मिला। भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा। क्वार्टर फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ शूटआउट में राजकुमार ने निर्णायक गोल दागकर भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा वर्ष 2024 में चीन में आयोजित एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में मलेशिया के खिलाफ हैट्रिक लगाकर भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
वह वर्ष 2025 में राजगीर में आयोजित एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे। राजकुमार पाल को अर्जुन पुरस्कार मिलने पर पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह, मेघबरन सिंह स्टेडियम के संचालक अनिकेत सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद और समस्त प्रशिक्षकों ने बधाई दी।
