Sports News: तीन साल बाद वाराणसी कुश्ती संघ में निर्विरोध चुनाव, पहली बार अध्यक्ष बने राजीव सिंह रानू
Varanasi News: तीन साल बाद वाराणसी कुश्ती संघ में निर्विरोध चुनाव हुआ। इस दौरान पहली बार राजीव सिंह रानू अध्यक्ष बने। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू ने गदा सौंपकर जिले में खेल आयोजनों की जिम्मेदारी दी।
विस्तार
तीन वर्ष बाद वाराणसी कुश्ती संघ को अध्यक्ष मिल गया है। बृहस्पतिवार को कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव सिंह रानू अगले चार वर्ष के लिए कुश्ती की गतिविधियों की जिम्मेदारी दे दी गई है। वाराणसी कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष संजय सिंह बबलू के 2023 में भारतीय कुश्ती संघ का अध्यक्ष चुने जाने के बाद यह पद कार्यवाहक अध्यक्ष के भरोसे था।
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू ने प्रतीक के तौर पर राजीव सिंह को गदा भेंट कर जिम्मेदारी सौंपी। अब संजय सिंह कार्यसमिति समिति के तौर पर स्थानीय टीम में रहेंगे। उन्होंने कहा कि कुश्ती का जुड़ाव भारतीय संस्कृति से है। यहां महाभारत काल से लेकर रामायण तक कुश्ती में गदा का जिक्र मिलता है।
वाराणसी कुश्ती संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने बताया कि उनकी कोशिश भारतीय कुश्ती संघ के कैलेंडर के हिसाब से अधिक से अधिक कुश्ती कराना पहली जिम्मेदारी है। यहां बालक बालिका कुश्ती के आयोजन वर्ष भर कराए जाएंगे। वाराणसी कुश्ती संघ का चुनाव जिला कार्यालय शिवपुर में हुआ।
40 सदस्य करते हैं अध्यक्ष का चुनाव
अध्यक्ष पद का चुनाव कुश्ती संघ से संबंधित 40 सदस्य करते हैं। चुनाव अधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि वाराणसी कुश्ती संघ के समक्ष नामांकन समय सुबह 9 से 10 बजे के मध्य एक मात्र नामांकन राजीव कुमार सिंह रानू का अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किया गया। इसके बाद सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच नामांकन की जांच हुई। चुनाव अधिकारी ने जांच के बाद राजीव कुमार सिंह रानू को अध्यक्ष घोषित किया। सिगरा स्टेडियम में उन्होंने पद ग्रहण किया।
इसे भी पढ़ें; UP Crime: नौकरी से निकाले जाने से नाराज था मिस्त्री, पत्थर से सिर कूंचकर की थी क्रशर प्लांट संचालक की हत्या
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने घोषित की 17 सदस्यीय समिति
वाराणसी कुश्ती संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने देर शाम कुश्ती संघ के सदस्यों के सुझाव पर 17 सदस्यीय समिति का एलान किया। गोरखनाथ यादव वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डॉ. पीयूष यादव उपाध्यक्ष, डॉ. शिप्रा धर उपाध्यक्ष, डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह डीडी उपाध्यक्ष, डॉ. पंकज सिंह उपाध्यक्ष, प्रशांत सिंह कोषाध्यक्ष, राजकुमार मिश्रा राजू सचिव, मनीष श्रीवास्तव संयुक्त सचिव, रणवीर सिंह यादव संयुक्त सचिव, डॉ. जेपी सिंह सदस्य, इति प्रजापति सदस्य, राम सेवक यादव सदस्य, सुभाष यादव सदस्य और अरविंद यादव को सदस्य मनोनीत किया है।