काशी में 30 मिमी बारिश: दिन का सबसे ज्यादा तापमान 27 डिग्री, बिजली गिरने से एक मकान की छत ध्वस्त; काफी नुकसान
ओडिशा में बने अर्नब चक्रवात के असर से अगले एक-दो दिन में काशी समेत पूर्वांचल में मौसम बदल सकता है। बृहस्पतिवार को काशी में करीब 30 मिमी बारिश हुई। अखरी में बारिश के दौरान बिजली गिरने से मकान की छत, बीम, एसी, सोलर पैनल, इन्वर्टर और सबमर्सिबल पंप का स्टार्टर समेत उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए।
विस्तार
ओडिशा में बने अर्नब चक्रवात के असर से अगले एक से दो दिन में काशी समेत पूर्वांचल के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बृहस्पतिवार को काशी में अलसुबह से ही जोरदार बारिश शुरू हो गई। दिनभर रुक-रुककर हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। वहीं अखरी में बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक मकान की छत और बिजली के कई उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए।
अखरी निवासी और पार्वती इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य गोपाल पांडेय के घर की छत पर बृहस्पतिवार को बारिश के दौरान बिजली गिर गई। तेज आवाज के साथ गिरी बिजली से छत का बीम क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा घर में लगा एसी, सोलर पैनल, इन्वर्टर और सबमर्सिबल पंप का स्टार्टर समेत कई बिजली उपकरण जलकर खराब हो गए। बिजली गिरने की घटना से परिवार में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बारिश के कारण बृहस्पतिवार को काशी का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच सका। यह सामान्य तापमान से 6.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। सुबह से रात तक करीब 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दिनभर हवा की गति भी 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रही। बारिश और ठंडी हवा के चलते सितंबर में ही नवंबर-दिसंबर जैसा मौसम महसूस होने लगा।
न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री कम रहा। मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। लौटते मानसून से पहले हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने चार दिन पहले ही काशी समेत पूर्वांचल में जोरदार बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया था। अगले दो दिनों तक भी मौसम को लेकर चेतावनी जारी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
अगले 24 घंटे में इसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में दिखाई देने की संभावना है। पूर्वांचल में बारिश का सिलसिला 27 सितंबर तक जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों को बारिश और तेज हवा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।