Varanasi News: क्वींस कॉलेज में कक्षा 6 से 11वीं तक शुरू हुए प्रवेश, लड़कियों के लिए निशुल्क
क्वींस कॉलेज में कक्षा 6 से 11वीं तक प्रवेश शुरू हो गए हैं। वहीं कक्षा 9 और 11 की प्रवेश परीक्षा पास करने वाले टॉप 30 छात्रों को निशुल्क मेडिकल और आईआईटी की तैयारी का मौका मिलेगा।
विस्तार
पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश शुक्रवार को प्रारंभ हो गया है। विद्यालय में कक्षा 6 से कक्षा 11 तक प्रवेश के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। यह आवेदन 10 मार्च तक लिए जाएंगे। 15 मार्च को प्रवेश परीक्षा होगी। इस बार इस विद्यालय में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को निशुल्क शिक्षा दी जाएगी।
प्रधानाचार्य सुमीत श्रीवास्तव ने बताया कि पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज पूरे प्रदेश का सबसे पहला राजकीय विद्यालय है। यहां मौजूदा समय में 2400 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। पिछले वर्ष से ही इस विद्यालय को सह शैक्षिक किया गया है। छात्राओं को भी पिछले सत्र से पढ़ाया जा रहा है। इस बार कक्षा 6 से 11 तक प्रवेश के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। इस बार प्रवेश लेने वाली छात्राओं को निशुल्क पढ़ाया जाएगा। कक्षा 9 और 11 में प्रवेश लेने वाले टॉप 30 बच्चों को निशुल्क मेडिकल और आईआईटी की तैयारी कराई जाएगी।
बीते तीन वर्षों में सुधरा शैक्षणिक स्तर, प्रदेश में टॉप कर रहे छात्र और शिक्षक
पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज में बीते तीन वर्षों में शैक्षणिक सुधार हुआ है। इस विद्यालय के विज्ञान, नवाचार और तकनीक सभी क्षेत्रों में अच्छा कर रहे हैं। हाल ही में हुई राज्यस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में भी विद्यालय का प्रदेश भर में पहला स्थान रहा।
इस सत्र से तमिल भी पढ़ाई जाएगी
प्रधानाचार्य सुमीत श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यालय में तमिल भी पढ़ाई जाएगी। इसकी कक्षाएं ऑनलाइन चलेंगी। इसके लिए बीएचयू के तमिल विभाग और क्वींस कॉलेज के बीच एमओयू जल्द हस्ताक्षर किया जाएगा जो प्रक्रिया में है।
पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज से पढ़े छात्र बड़े पदों पर रहे तैनात
- ज्ञानेश कुमार, आईएएस, वर्तमान में मुख्य चुनाव आयुक्त
- अखिलेश मिश्र, आईएफएस, वर्तमान में आयरलैंड में भारतीय राजदूत
- रोहित कुमार सिंह, आईएएस, पूर्व सचिव, उपभोक्ता मंत्रालय भारत सरकार
- दिनेश कुमार सिंह, निदेशक, मानव अंतरिक्ष अनुसंधान, इसरो
- धर्मेंद्र सिंह, निदेशक, आईआईआईटी, वडोदरा - अनुभव सिन्हा, अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्देशक
- प्रो. मुमताज अंसारी, विभागाध्यक्ष, सर्जरी विभाग, आईएमएस बीएचयू
- सौरभ श्रीवास्तव, भाजपा विधायक, कैंट विधानसभा
- डॉ. नीलकंठ तिवारी, भाजपा विधायक, शहर दक्षिणी क्षेत्र
- मधुप तिवारी, आईपीएस, पूर्व डीजीपी रहे
- विजय वर्धन, आईएएस, हरियाणा के मुख्य सचिव रहे
- प्रो. पीके मिश्र, पूर्व कुलपति, उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी
- डॉ. अजय पांडेय, कार्डियोलॉजिस्ट, वाराणसी