यूपी : निजी अस्पताल संचालकों की नहीं रुक रही मनमानी, कोरोना मरीज को भर्ती करने का ले रहे एक लाख, रोजाना चाहिए 50 हजार
प्रवर्तन टीम ने वाराणसी के औढ़े में मारा छापा तो गड़बड़ी हुई उजागर, साक्ष्य इकट्ठा कर डीएम को भेजी गई रिपोर्ट
विस्तार
कोरोना काल में वाराणसी प्रशासन की सख्ती के बावजूद निजी अस्पतालों के संचालकों की मननानी जारी है। मंगलवार को पुलिस कमिश्नर द्वारा गठित प्रवर्तन टीम ने शिकायत के आधार पर औढ़े स्थित न्यू जागृति नर्सिंगहोम में छापा मारा तो भारी गड़बडिय़ां सामने आईं। प्रवर्तन टीम ने हॉस्पिटल से सारा साक्ष्य इकट्ठा कर लिया है, जो आगे की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा।
प्रवर्तन टीम से आमजन ने शिकायत की थी कि न्यू जागृति नर्सिंगहोम में मरीज को भर्ती करने के लिए एक लाख रुपये जमा कराए जा रहे हैं। इसके बाद मनमाने तरीके से रोजाना 50 हजार रुपये लिए जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर आयकर, पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम हकीकत जानने नर्सिंगहोम पहुंची। टीम ने निरीक्षण के दौरान नर्सिंगहोम में भारी अनियमितताएं पकड़ी। टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि मरीजों के तीमारदारों से पूछताछ की गई और कागज देखे गए तो शिकायतें सही प्रतीत हुई हैं। शिकायतों से संबंधित साक्ष्य इकट्ठा कर लिया गया है। जल्द ही रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी जाएगी।
पहले दिया जाएगा नोटिस, फिर की जाएगी कार्रवाई
प्रवर्तन टीम के अधिकारियों ने बताया कि जहां भी गड़बडिय़ां मिल रही हैं, उन हॉस्पिटल के प्रबंधक को पहले नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। हॉस्पिटल में किसी दो मरीज से सरकार द्वारा निर्धारित पैसे से ज्यादा वसूला गया तो उस महीने हॉस्पिटल में जितने मरीज आए होंगे, उन सभी से मनमाना वसूली मान कर आयकर विभाग कार्रवाई करेगा।