यूपी: घर में चल रही थी पूजन की तैयारी, कमरे में फंदे से लटका मिला युवती का शव; इकलौती बेटी मौत से मातम
जिले के कुलमनपुर गांव में दीपावली के दिन 19 वर्षीय प्रियंका मोदनवाल का शव घर की दूसरी मंजिल स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला। भाभी ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रियंका दो भाइयों की इकलौती बहन थी।
विस्तार
दीपावली के दिन घर में जहां पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहीं एक परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के कुलमनपुर गांव में 19 वर्षीय युवती का शव घर की दूसरी मंजिल स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती दो भाइयों की इकलौती बहन थी।
कुलमनपुर गांव निवासी भारत मोदनवाल की पुत्री प्रियंका मोदनवाल (19) रविवार को घर की दूसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में थी। बताया गया कि दीपावली के दिन परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर पर्व की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान प्रियंका की भाभी किसी काम से मकान की दूसरी मंजिल पर पहुंचीं। कमरे के अंदर प्रियंका का शव फंदे से लटका देखकर वह घबरा गईं। उनकी चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही जंगीगंज चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दो भाइयों की इकलौती बहन थी प्रियंका
प्रियंका की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दीपावली के दिन जिस घर में त्योहार की तैयारियां हो रही थीं, वहां कुछ ही देर में मातम पसर गया। बताया जाता है कि प्रियंका अपने दो भाइयों की इकलौती बहन थी। उसकी अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार युवती की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल घटनास्थल से मिले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले युवती की परिस्थितियां क्या थीं।