Varanasi News: जिला अस्पताल में गहराया बिजली संकट, एक घंटे तक अंधेरे में रहा पर्ची व दवा काउंटर; परेशानी
Varanasi District Hospital: वाराणसी के दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित होने से पर्ची और दवा काउंटर करीब एक घंटे तक अंधेरे में रहे। इससे मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। निरीक्षण के दौरान पहुंचे राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी से फोन पर बात कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में गुरुवार सुबह बिजली आपूर्ति बाधित होने से मरीजों और तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह करीब नौ बजे तक अस्पताल के कई हिस्सों में अंधेरा छाया रहा, जिससे पर्चा बनाने, दवा वितरण और ओपीडी सेवाओं पर असर पड़ा। बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद ही अस्पताल की व्यवस्था सामान्य हो सकी।
अस्पताल परिसर में इन दिनों मेडिकल कॉलेज की नई ओपीडी के निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान जगह-जगह खुदाई की जा रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मंगलवार देर रात निर्माण कार्य में लगे मजदूरों से विद्युत केबल कट गई थी। इसके कारण अस्पताल परिसर के भूतल पर स्थित पर्चा काउंटर, दवा काउंटर और ओपीडी हॉल की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।
हालांकि रात में कुछ हिस्सों में बिजली बहाल कर दी गई थी, लेकिन पूरी व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी। गुरुवार सुबह जब ओपीडी काउंटर खुला तो बिजली न होने के कारण पर्चा बनाने का काम प्रभावित रहा। दवा काउंटर पर भी अंधेरे के कारण कर्मचारियों और मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
इसी दौरान अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने बिजली संकट को गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों से इस प्रकार की समस्या दोबारा न होने देने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर लोक निर्माण विभाग और अस्पताल प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्या का स्थायी समाधान कराने को कहा।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कौशल सिंह ने बताया कि केबल कटने के बाद इलेक्ट्रिक पैनल में खराबी आ गई थी, जिसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई। तकनीकी टीम ने मरम्मत कार्य कर सुबह लगभग नौ बजे आपूर्ति बहाल कर दी। उन्होंने कहा कि अब अस्पताल की सभी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं और भविष्य में ऐसी स्थिति न आए, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।