यूपी-बिहार बॉर्डर के बक्सर में गंगा किनारे मिले 71 शवों का नहीं हो सका पोस्टमार्टम, गड्ढा खोद कर दफनाया गया
बक्सर के चौसा के समीप गंगा में मिले 71 शवों को गंगा किनारे गड्ढा खोद कर दफना दिया गया। शव सड़ गए थे, इसलिए उनका पोस्टमार्टम नहीं हो सका। लेकिन, उनके स्वैब का नमूना लिया गया। जिससे कोविड टेस्ट व आवश्यकता पड़ने पर डीएनए की जांच हो सके।
विस्तार
वहां से लौटे अधिकारियों ने बताया हमारी टीम ने चौसा के पास गंगा में निगरानी बढ़ा दी है। वहीं जिला प्रशासन ने कुछ तस्वीरें और एक वीडियो जारी कर दावा किया है शव यूपी की तरफ से हमारी सीमा में आ रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए चौसा रानी घाट के पास मंगलवार को महाजाल लगाया गया।
चौसा के अंचल अधिकारी नवलकांत एवं मुफस्सिल पुलिस की देखरेख में यह कार्य संपन्न हुआ। हालांकि इतना सब कुछ होने के बावजूद भी चौसा बाजार घाट व हादिपुर गांव के समीप तीन-चार शव देखे गए हैं। वहीं डीएम अमन समीर ने कहा चौसा में अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। वहां फिलहाल किसी को शव प्रवाहित करने की अनुमति नहीं होगी।
गाजीपुर में पोकलेन और जेसीबी से दफनाए जा रहे शव
गंगा में पानी का प्रवाह कम होने से गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र के धरम्मरपुर घाट के किनारे मंगलवार को कई शव दिखाई पड़े। सूचना पर एसपी सिटी और सदर एसडीएम अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर शवों को दफनाने का निर्देश दिया। शवों की संख्या अधिक होने पर पोकलेन एवं जेसीबी का सहारा लिया जा रहा था। एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात की गई थी। करीब दो दर्जन से अधिक लेखपाल इस कार्य में जुटे थे।
इधर, बलिया जिले के थाना नरही क्षेत्र अंतर्गत बलिया-बक्सर पुल के नीचे गंगा नदी के तट पर सोमवार की शाम को कुछ दिन पुराने क्षत-विक्षत अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली. इसकी जांच उपजिलाधिकारी तथा क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा की गई। जिलाधिकारी अदिति सिंह ने कहा कि सभी शवों का उचित तरीके से गंगा नदी के तट पर ही पुलिस एवं प्रशासन की उपस्थिति में अंतिम संस्कार करा दिया गया। उक्त शवों के आने के स्रोत की जांच की जा रही है।