कोरोना को मात देने के बाद हुई परेशानी तो मिलेगा बेहतर इलाज, बीएचयू में पोस्ट कोविड ओपीडी की शुरूआत
वाराणसी में कोरोना की जंग जीतने वालों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर अब इलाज के लिए भटकने की जरूरत नही है। इसके लिए बीएचयू अस्पताल में पोस्ट कोविड ओपीडी की शुरूआत होने जा रही है। कमरा नंबर 215 में चलने वाली ओपीडी में हर दिन सुबह 9 बजे से दोपहर दो बजे तक मरीज डॉक्टर को दिखा सकेंगे।
खास बात यह है कि इसके लिए आनलाइन बुकिंग नहीं बल्कि काउंटर से पर्चा बनवाना होगा। अमर उजाला ने अस्पताल में इस ओपीडी के शुरू होने की खबर 15 अक्तूबर को प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
आम तौर पर कोरोना को मात देने के बाद भी कुछ लोगों को कमजोरी, सांस संबंधी परेशानी, जोड़ों में दर्द आदि की समस्या हो रही है। इसमें सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हो रही है, जो पहले से भी शुगर, बीपी, डायबिटीज, हृदय रोग से पीड़ित हैं।
ऐसे लोगो को अस्पतालों में इलाज को लेकर भटकना पड़ता था। अब ऐसा नही होगा। बीएचयू अस्पताल में शुरू होने वाली पोस्ट कोविड ओपीडी में मरीज अपना जांच करा सकते हैं। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो.एसके माथुर की ओर से सोमवार को इसका आदेश जारी कर दिया गया है।
ये चिकित्सक देंगे परामर्श
- सोमवार: डॉ. अरुण कुमार सिह
- मंगलवार: डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह
- बुधवार: डॉ. मनस्वी चौबे
- बृहस्पतिवार: डॉ. संतोष कुमार सिह
- शुक्रवार: प्रो. जया चक्रवर्ती
- शनिवार: डॉ. रंजन भटनागर