वाराणसी: अब रात दो बजे तक ट्रैफिक संभालेंगे पुलिसकर्मी, वैवाहिक लग्न तक तीन शिफ्ट में करनी होगी ड्यूटी
वाराणसी में हर रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम पर पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने ट्रैफिक पुलिस को फटकार लगाई है। उन्होंने कहा कि वैवाहिक लग्न तक तीसरी शिफ्ट में रात दो बजे तक पुलिसकर्मी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर बने रहेंगे।
विस्तार
वाराणसी शहर में आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम पर पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने मातहतों पर काफी नाराजगी जताई। पुलिस लाइन में रविवार को बैठक के दौरान जाम हटाने में असफल साबित होने वाले ट्रैफिक पुलिस को जमकर फटकार लगाई। यातायात संबंधी समीक्षा करते हुए विभिन्न बिंदुओं पर रिपोर्ट बनाने के लिए निर्देशित किया। अब तक दो शिफ्ट में काम करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तीसरी शिफ्ट रात दो बजे तक करने को डीसीपी ट्रैफिक को निर्देश दिया।
एक दर्जन से अधिक जाम वाले इलाकों को चिह्नित करते हुए यातायात व्यवस्था बेहतर करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि वैवाहिक लग्न तक तीसरी शिफ्ट में रात दो बजे तक पुलिसकर्मी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर बने रहेंगे।
पीक टाइम में रखा जाए विशेष ध्यान
शाम सात बजे तक दूसरी शिफ्ट की ड्यूटी खत्म होने के बाद चौराहे खाली हो जा रहे हैं, ऐसे में यातायात व्यवस्था बेपटरी हो जा रही है। बाहरी गाड़ियां शहर में आ रही हैं तो उसके अनुसार योजना बनाने की जरूरत है। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया, पीक टाइम में जिन स्थलों पर जाम लगता है, वहां यातायात निरीक्षक और उप निरीक्षक खुद उपस्थित रहकर यातायात का सुगम संचालन करेंगे।
पढ़ेंः किराया मांगने पर मकान मालिक को धमकी देने वाले दरोगा पर गिरी गाज, एसपी ने किया निलंबित
बिना परमिट और बगैर लाइसेंस के वाहन, आटो रिक्शा के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करें। डीसीपी ट्रैफिक को निर्देशित किया कि अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाएं और बड़े वाहनों को किसी भी सूरत में छोड़ा न जाए। जेबरा लाइन को भी ठीक कराया जाए और लोगों को इसके लिए जागरूक करें।
दुपहिया वाहन चालकों को चेकिंग के नाम पर न किया जाए परेशान
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने कहा कि दुपहिया वाहन चालकों को इंश्योरेंस, प्रदूषण व अन्य कागजों की चेकिंग के लिए न रोका जाए। जाम रहित यातायात देना प्राथमिकता है। डीसीपी या किसी उच्चाधिकारियों के आदेश पर ही चेकिंग की जाएगी।
वहीं, थाना प्रभारियों द्वारा पिछले छह माह में कितनी अवैध बस या अन्य वाहन सीज किए गए हैं, उसका आंकड़ा मांगा गया है। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था अनिल कुमार सिंह, डीसीपी ट्रैफिक व डीसीपी काशी राम सेवक गौतम, एसीपी ट्रैफिक संतोष कुमार मीणा आदि मौजूद रहे।
पढ़ेंः नम आंखों से सिपाही को दी अंतिम विदाई: वाराणसी में बेकाबू ट्रक की टक्कर से हुई मौत, पुलिस लाइन में गमगीन साथियों ने दिया कंधा