दुस्साहस: खुद को बताया था क्राइम ब्रांच से, खोए हुए मोबाइल ढूंढने के लिए मांगता था रुपये; ऐसे दबोचा गया आरोपी
Varanasi Crime News: वाराणसी जिले की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया। वह खुद को क्राइम ब्रांच से बताकर खोए हुए मोबाइल ढूंढने के लिए रुपये मांगता था। साथ ही वह भेलूपुर थाने में तैनात सिपाही को भाई जैसा बताता था।
विस्तार
मुर्गिया टोला, बजरडीहा निवासी एक युवक लोगों को खुद को क्राइम ब्रांच से बताता था। इसके साथ ही खोए हुए मोबाइल ढूंढने के लिए रुपये मांगता था। इसके अलावा वह भेलूपुर थाने में तैनात एक सिपाही को अपने भाई जैसा बताता था। सिपाही की तहरीर पर भेलूपुर थाने की पुलिस ने आरोपी दिलशाद के खिलाफ सोमवार की रात मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
ये है मामला
सिपाही मोहम्मद आसिफ भेलूपुर थाने में तैनात हैं। उन्होंने भेलूपुर थानाध्यक्ष को बताया कि उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को लोहता का प्रधान बताया। उन्होंने कहा कि उनके यहां एक व्यक्ति आया है, उसका नाम दिलशाद है। दिलशाद अपने आप को क्राइम ब्रांच से जुड़ा हुआ बता रहा है। दिलशाद कह रहा है कि वह 3000 रुपये लेकर उनका खोया हुआ मोबाइल खोज देगा।
ऐसी पकड़ी गई चोरी
प्रधान ने कहा कि जब उन्होंने पूछा कि तुम्हें मोबाइल की लोकेशन कैसे मिलेगी? इस पर दिलशाद ने कहा कि उसकी क्राइम ब्रांच में तगड़ी पकड़ है। इसके अलावा सिपाही आसिफ उसके भाई जैसे हैं। प्रधान ने दिलशाद से बातचीत का वीडियो भी सिपाही आसिफ को भेजा।
आसिफ ने कहा कि दिलशाद से उनका कोई संबंध नहीं है। वह गलत तरीके से उनका और क्राइम ब्रांच का नाम इस्तेमाल कर रहा है। उधर, इस संबंध में एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को भेलूपुर थाने की पुलिस उसे अदालत में पेश करेगी।