यूपी: नकली नोट बनाने वाले दो शख्स गिरफ्तार, पूछताछ में हुए इस खुलासे से पुलिस भी हो गई हैरान
जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाने की पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 100-100 रुपये के 81 नकली नोट और 37,900 रुपये के असली नोट बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार युवक बक्शा के महिमापुर खुर्द गांव के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी दी है। दोनों युवक नौपेड़वा बाजार में स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र पर कलर प्रिंटर से नकली नोट बनाते थे। असली नोट के दोनों तरफ की छवि स्कैनर से स्कैन करने के बाद उसका अलग-अलग कलर प्रिंट कर एक में चिपका कर दुकानों पर चलाते थे।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी डॉ. अनिल पांडेय ने बताया कि गौराबादशाहपुर थाने की पुलिस ने दो दिन पहले धर्मापुर बाजार के पास से इरफान अहमद पुत्र इलियास निवासी चकइंग्लिस, उटरूखुर्द थाना बक्शा को नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया था। उसके पास से 100 रुपये के 23 नकली नोट बरामद हुए थे।
पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो पता चला कि बक्शा थाना क्षेत्र के नौपेड़वा बाजार लकड़ी मंडी में नकली नोट छापने का काला कारोबार होता है। पुलिस ने इरफान की निशानदेही पर लकड़ी मंडी में छापेमारी की तो शमशाद ग्राहक सेवा केंद्र से नकली नोट छापने वाले शमशाद पुत्र उष्मान निवासी महिमापुर खुर्द थाना बक्शा भी गिरफ्त में आया।
उसकी दुकान से पुलिस ने 100 रुपये के 58 नकली नोट, 6 पेपर जिस पर नकली नोट छपे थे लेकिन उसकी कटिंग नहीं हुई थी, कलर प्रिंटर, स्कैनर, कंप्यूटर, लेमिनेशन मशीन, स्केल, चाकू और 37900 रुपये असली बरामद हुए। एसपी सिटी ने बताया कि इरफान और शमशाद मिल कर नोट छापते थे। इरफान उसे बाजार में चलाता था। अक्सर वे छोटे दुकानदारों को अपना निशाना बनाते थे।
एसपी सिटी ने बताया कि इनके पास से बरामद स्कैनर और प्रिंटर उच्च क्वालिटी का है, जिसे इन्होंने मलेशिया से मंगाया था। गिरफ्तार करने वाली टीम में गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह, उप निरीक्षक रामायण यादव, हेड कांस्टेबल, कमलेश यादव, आरिफ खां, मिथिलेश, कुमार, दुर्गेश, अश्विन सिंह, राकेश चौहान शामिल थे।