प्रधानमंत्री ने काशी सेवा शोध समिति को पत्र लिखा, सरकार की प्राथमिकताओं को किया साझा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनारस की सामाजिक संस्था काशी सेवा शोध समिति को पत्र लिखकर सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की है। साथ ही उन्होंने समिति के सचिव को धन्यवाद भी दिया है।
समिति के सचिव भिखारीपुर डीएलडब्ल्यू निवासी डॉ टीपी सिंह को प्रधानमंत्री ने पत्र के माध्यम से कहा कि 2019 में भाजपा और एनडीए को लोकसभा चुनावों में मिली एतिहासिक जीत के लिए शुभकामनाएं भेजने के लिए धन्यवाद।
पीएम मोदी द्वारा भेजा गया पत्र
पीएम ने पत्र में लिखा है कि ये नतीजे इस बात का प्रमाण हैं कि देश की 130 करोड़ जनता ने एक बार फिर से विकास की राजनीति और सुशासन को चुना है। देश की जनता ने एक मजबूत और स्थिर सरकार के पक्ष में मतदान किया है। जिसमें युवाओं की महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने का सामर्थ्य है।
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा है कि नई जिम्मेदारियों के लिए हम संकल्पबद्ध हैं। हम जानते हैं कि हमें विकास का एक लंबा सफर तय करना है। हमने हर देशवासी को पक्का मकान उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। हमने किसानों की आय दोगुनी कराने की भी लक्ष्य रखा है।
भारत को 5 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए सरकार ने विस्तृत योजना बनाई है। युवाओं की प्रतिभा का बेहतर उपयोग हो सके, इसके लिए हम स्टार्ट अप के क्षेत्र में विश्व के मंच पर भारत को पहचान दिलाना चाहते हैं।