काशी को मिली एक और सौगात, सीएनजी नाव का हुआ ट्रायल रन, पीएम करेंगे अत्याधुनिक स्टेशन का शुभारंभ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गंगा में सीएनजी नाव के ट्रायल रन का शुभारंभ शनिवार को केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सीएनजी गैस भर कर किया। इस दौरान खिड़किया घाट पर उन्होंने घोषणा किया कि इस अत्याधुनिक स्टेशन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद करेंगे। गंगा में सीएनजी नाव चलने से प्रदूषण कम होगा, वहीं नाविकों की आय में भी बढ़ोतरी होगी।
प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा योजना की शुरुआत काशी से हुई थी और अब सीएनजी से नाव चलने के कारण यह योजना टेक्निकली मां गंगा के अंदर भी पहुंच गई है। सीएनजी से चलने वाली नाव का टेक्निकल टेस्ट हुआ है। जल्द ही प्रधानमंत्री इस योजना का बड़े पैमाने पर लोकार्पण करेंगे। विश्व के आकर्षण का केंद्र काशी में प्रधानमंत्री की योजना के अनुरूप इसे और सुंदर बनाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि खिड़किया घाट का काशी की विरासत के अनुरूप विकास किया जा रहा है। यहां चिल्ड्रेन पार्क, मेडिटेशन पार्क, फूड प्लाजा, नौका विहार की सुविधा सहित अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
काशी स्मार्ट सिटी बनाने में स्मार्ट सिटी कारपोरेशन, एनबीसीसी, इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड, ईआईएल भी योगदान दे रहे हैं। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने सीरगोवर्धन स्थित संत रविदास मंदिर पर मत्था टेका और अधिकारियों संग खिड़किया घाट का निरीक्षण करने के बाद नौका से ही विश्वनाथ कॉरिडोर को भी निहारा। वहीं, सर्किट हाउस में संबंधित विभागों के अधिकारियों संग केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने बैठक व कार्यों की प्रगति समीक्षा की।
पत्रकारों से रूबरू केंद्रीय मंत्री ने एलपीजी की कीमतों पर कहा कि ईंधन उत्पादक देशों में अमेरिका के संयुक्त सचिव, रशिया, यूएई, कतर, कुवैत से ईंधन उत्पादकता बढ़ाने को लेकर सार्थक वार्ता चल रही है। यह संकट का दौर है, हम भी चाहते हैं कि लोगों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। कोरोना के चलते पूरा विश्व परेशान रहा है। यूरोपीय देशों ने बिजनेस को ध्यान दिया लेकिन हमने देशवासियों की जान को ध्यान में रखा।
गोरखपुर-सोनभद्र में सबसे अधिक उज्ज्वला गैस कनेक्शन
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत एक करोड़ नये कनेक्शन देने की तैयारी शुरू की गई है। लगभग 98 प्रतिशत घरों में गैस पहुंच चुकी है लेकिन दो प्रतिशत अब भी ऐसे घर हैं जहां गैस कनेक्शन नहीं है। इन्हें शत प्रतिशत करने की व्यवस्था चल रही है। यूपी में सबसे अधिक उज्ज्वला कनेक्शन गोरखपुर और सोनभद्र इलाके में दिए गए है।
उन्होंने कहा कि सरकार में कदम रखने के बाद एलपीजी गैस कनेक्शन की बढ़ोतरी पर ध्यान दिया गया और 6 साल के अंदर 14 करोड़ से बढ़कर गैस कनेक्शन 28 करोड़ हो गए। हर घर में गैस पहुंचे इसके लिए पीएनजी पर काम हो रहा है।
हमारी कोशिश है कि हर घर में स्वच्छ ईंधन पहुंचे। गंगा में नौका भी सीएनजी से चले इसकी शुरुआत हो चुकी है और 2021 तक हम लंगी छलांग लगाने जा रहे हैं। करीब 2000 नौकाओं को सीएनजी में तब्दील किया जा रहा है। प्रदेश में सीएनजी को बढ़ावा देने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है। आने वाले समय में यूपी में सीएनजी वाहन ही दौड़ेंगे।
जूते-चप्पल की दुकान पर ठिठक गए पेट्रोलियम मंत्री के कदम
संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में शहर में मौजूद पेट्रोलियम मंत्री जब शहर के अंधरापुल से गुजरे तो जूता-चप्पल मार्केट देख रुक गए। कार से उतरकर रैदासी समाज के लोगों से मुलाकात की और संत रविदास के जीवन चरित्र का वर्णन किया। इस दौरान जूता विक्रेता लालबहादुर से मंत्री ने एक चप्पल भी खरीदी।