Varanasi: गुलाब की पंखुड़ियों और शंखनाद के बीच गूंजा मोदी-मोदी, महिलाएं बोलीं- जो राम को लाए, हम उनको लाएंगे
PM Modi Kashi Visit: महिला समर्थकों ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद करते हुए कहा कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। महिलाओं ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम येागी आदित्यनाथ ने जो काम किया है, वो कोई और नहीं कर सकता।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर काशी के लोगों में खास उत्साह दिखा। रविवार को शाम तीन बजे एयरपोर्ट पहुंचे पीएम की झलक पाने के लिए लोग दो घंटे पहले से नजरें जमाए खड़े थे। एयरपोर्ट से लेकर छावनी स्थित छोटा कटिंग मेमोरियल ग्राउंड और नमो घाट तक समर्थकों की भीड़ जमा रही। उत्साह इतना था कि मोदी-मोदी और हर हर महादेव के उद्घोष से पूरा छावनी क्षेत्र गूंज उठा।
पीएम शाम 3.43 बजे छोटा कटिंग ग्राउंड पहुंचे। इसके पहले महिला समर्थकों ने बैंड बाजे पर खूब नाचा और मोदी-मोदी के नारे लगाए। वहीं, बाल समर्थकों में भी खासा उत्साह दिखा। बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी के हाथों में भाजपा का झंडा दिखा। मेंट हाउस क्षेत्र में सुबह 11 बजे से ही लोग जमा होना शुरू हो गए और शाम 5.40 बजे तक सड़क की दोनों ओर उतनी ही भीड़ रही। लोग कभी नारा लगाते तो कभी बैंड पर थिरकते। पीएम का आगमन होते ही लोगों ने उन पर गुलाब के फूलों की वर्षा कर दी। मिंट हाउस चौराहे से लेकर छोटा कटिंग मेमोरियल के गेट तक फूल वर्षा होती रही और लोग शोर मचाते रहे। प्रधानमंत्री भी अपनी जनता द्वारा भव्य स्वागत देखकर अह्लादित हुए। हल्की मुस्कान के साथ वे कभी हाथ जोड़ कर तो कभी हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन कर रहे थे।
मेयर व अन्य पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
पीएम के आगमन के पहले ही समर्थक भारी संख्या में छावनी स्थित मेंट हाउस चौराहे पर जमा हो गया। सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों के अलावा मेयर अशोक तिवारी समेत क्षेत्रीय पार्षद व अन्य पदाधिकारी लोगों को व्यवस्थित करने में जुट गए। सड़क की दोनों ओर प्लेटफार्म पर लोगों को व्यवस्थित कराया।
पीएम के पोस्टर संग सेल्फी भी ली
बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर मेंट हाउस व नमो घाट तक पीएम के प्रस्तावित रूट पर जगह-जगह उनके पोस्टर लगाए गए हैं। पीएम के इंतजार में जुटे समर्थकों ने उनके पोस्टर संग खूब सेल्फी ली। उन्हें देख ऐसा लग रहा था कि मानों पोस्टर नहीं वे पीएम के साथ ही सेल्फी ले रहे हैं।
राम को लाने वाले ही पहली पसंद
महिला समर्थकों ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद करते हुए कहा कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। महिलाओं ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम येागी आदित्यनाथ ने जो काम किया है, वो कोई और नहीं कर सकता। हमारे भगवान को लाने वालों को ही हम स्वीकार करेंगे। आज बदलती काशी की जो पूरी दुनिया कायल है उसका प्रमुख कारण हमारे प्रधानमंत्री ही हैं।
एक्स पर ट्रेंड करता रहा वाराणसी और काशी तमिल संगमम्
पीएम का काशी दौरे के दौरान वाराणसी और काशी तमिल संगमम्-2 एक्स पर शनिवार की रात से ही ट्रेंड करता रहा। पीएम के एयरपोर्ट पहुंचने से लेकर काशी तमिल संगमम् में शामिल होने तक की छोटी छोटी झलकियां लोग ट्वीट करते रहे। इसके अलावा सोशल मीडिया की अन्य साइट्स पर भी लोग प्रधानमंत्री से जुड़ा पोस्ट करते रहे। कोई फेसबुक पर प्रधानमंत्री की फोटो लगाकर लिख रहा था स्वागत है तो कोई कोई भारत विकास यात्रा तो कोई काशी तमिल संगमम् से जुड़ा पोस्ट साझा करता रहा।