पीएम मोदी ने किया शिलान्यास: वाराणसी के अमूल प्लांट से पूर्वांचल में होगी दुग्ध क्रांति, जुड़ेंगे 50 किमी तक के गांव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 500 करोड़ रुपये की लागत से वाराणसी के करखियांव में बनने वाले अमूल प्लांट का शिलान्यास किया। दो साल में यह प्लांट बनकर तैयार हो जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करखियांव में बनास काशी संकुल (अमूल प्लांट ) की आधारशिला रखी। यह प्लांट कई मायनों में उपयोगी साबित होगा। एक ओर जहां इस प्लांट से 50 किलोमीटर तक के गांव जुड़ जाएंगे। वहीं प्लांट के शुरू होने के बाद कंपनी की ओर से गांवों में दुग्ध कलेक्शन सेंटर भी खोले जाएंगे। हर गांव में दूध समिति बनाए जाने के साथ ही इस परियोजना में दूध के अलावा आइसक्रीम, पनीर, खोवा, मक्खन का भी उत्पादन होगा। दुग्ध उत्पादकों को कंपनी अपने लाभांश का कुछ प्रतिशत भी वर्ष के अंत में भुगतान करेगी।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश साढ़े आठ लाख करोड़ रुपए का दूध-उत्पादन करता है। यह राशि गेहूं और चावल के उत्पादन से भी ज्यादा है। किसान न केवल दूध से बल्कि गोबर से भी कमा पाएंगे। दूध से भी ज्यादा पैसा गोबर से किसान कमा सकेंगे। यह प्लांट जब तैयार हो जाएगा तो पूरा बनारस और आसपास के लाखों किसानों को फायदा होगा। उन्होंने इसे यूपी में श्वेत क्रांति से जोड़ा।
यूपी सीडा के चेयरमैन मयूर माहेश्वरी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र करखियांव की स्थापना 2005-06 में 261.23 एकड़ भूमि में खाद्य पदार्थों की इकाइयों के स्थापना के लिए किया गया था। इसमें से 166.23 एकड़ को पार्ट-1 के रूप में विकसित करते हुए 251 भूखंड सृजित किए गए हैं। इसमें से 246 भूखंड जो कि 141 इकाइयों को खाद्य पदार्थों की इकाइयों के स्थापना के लिए आवंटित किया गया है। इसमें से 94 इकाइयां उत्पादनरत है और 28 इकाइयां निमार्णाधीन हैं। औद्योगिक क्षेत्र करखियांव पार्ट-2 में 95 एकड़ भूमि में इस समय आठ भूखंड सृजित हैं।
पढ़ेंः आज वाराणसी में पीएम मोदी: इन परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण, बदल जाएगी शहर की सूरत, तस्वीरों में देखें
पूर्वांचल के हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा ने बताया कि यह अमूल प्लांट दो साल में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बन जाने से पूर्वांचल में दूग्ध क्रांति होगी। साथ ही पूर्वांचल के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी मिलेगा। शिलान्यास के बाद प्लांट के निर्माण का कार्य शुरु होने के साथ ही बनास डेयरी के अधिकारी आसपास के गांवो को जोड़ने में जुट जाएंगे।
क्षेत्र के किसान बेहद उत्साहित
करखियांव के किसान राहुल पांडेय ने कहा कि अमूल प्लांट लगने से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिल सकेगा। इसके साथ ही पशुपालकों को दूध कर उचित दाम मिल सकेगा। वहीं किशन सिंह ने कहा कि अमूल प्लांट लगने से पूर्वांचल के कई जिलों के लोगों को फायदा होगा। क्षेत्र के किसान भी पशुपालन कर सकेंगे। किसान रामाश्रे वर्मा ने कहा कि अमूल प्लांट लगने से क्षेत्र के हजारों लोगों को फायदा होगा। पशुपालकों को उचित दाम मिलेगा, वहीं युवा भी रोजगार से जुड़ सकेंगे।