Varanasi: खेलो बनारस के सफल आयोजन से गदगद पीएम मोदी, बोले- जिला प्रशासन को पत्र में लिखीं ये बातें
खेलो बनारस के सफल आयोजन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिला प्रशासन को पत्र लिखा है। उन्होंने खेलो बनारस के सफल आयोजन खुशी जताई और काशीवासियों को बधाई दी। लगन और मेहनत की बदौलत विशिष्ट प्रतिभाएं अलग-अलग मंचों पर देश का नाम रोशन करेंगी।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में सांसद आदर्श खेल प्रतियोगिता के तहत खेलो बनारस के सफल आयोजन खुशी जताई और काशीवासियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि अपने संसदीय क्षेत्र में खिलाड़ियों को नए रिकॉर्ड बनाते देखना उत्साहजनक है। लगन और मेहनत की बदौलत विशिष्ट प्रतिभाएं अलग-अलग मंचों पर देश का नाम रोशन करेंगी।
खेलो बनारस के सफल आयोजन को लेकर प्रधानमंत्री ने जिला प्रशासन को पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचाना गया, फिर कौशल प्रदर्शन के लिए उन्हें उपयुक्त मंच मिला। इसमें काशी की जनता की सहभागिता रही। संसदीय क्षेत्र के खिलाड़ियों को खो-खो, कुश्ती, एथलेटिक्स समेत विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में बढ़- चढ़कर हिस्सा लेते और नए रिकॉर्ड अपने नाम करते देखना अत्यंत उत्साहजनक रहा।
ऐसी विशिष्ट प्रतिभाएं अपनी लगन और मेहनत से आने वाले समय में विभिन्न मंचों पर देश का नाम ऊंचा करेंगी। प्रधानमंत्री ने बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति और खिलाड़ियों के उत्साह बढ़ाने को सकारात्मक बताया। साथ ही कहा कि ऊंचे मनोबल के साथ खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
सरकार और समाज के प्रयासों से खेलों के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो रहा है। खेलो बनारस प्रतियोगिता से जुड़े वे सभी लोग विशेष रूप से बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने अपने अथक प्रयासों से इस आयोजन को सफल बनाया। उन्होंने प्रतियोगिता के सभी विजेताओं, प्रतिभागियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, जिला प्रशासन को भी बधाई दी।
चयन में पारदर्शिता, बेहतर प्रशिक्षण ही मंत्र
प्रधानमंत्री ने लिखा कि युवा प्रतिभाओं के चयन में पारदर्शिता, बेहतर प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता समेत विभिन्न कदमों के जरिये खिलाड़ियों को सशक्त किया जा रहा है। खेलों को मिल रहे अभूतपूर्व प्रोत्साहन के बीच ओलंपिक, पैरालंपिक सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ी दमदार प्रदर्शन से देश का मान बढ़ा रहे हैं।