Vande Bharat Train: शिवयोग में शिवनगरी से शिव के धाम पहुंचाएगी वंदे भारत, बनारस से पीएम मोदी ने किया रवाना
PM Modi in Varanasi Today News in Hindi: पीएम मोदी ने शनिवार को काशी से वंदे भारत ट्रेन की सौगात दी। ये वंदे भारत शिवयोग में शिवनगरी से शिव के धाम पहुंचाएगी। ऐसे में यात्रियों में काफी उत्साह दिख रहा है।
विस्तार
बनारस से खजुराहो जाने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस कई मायनों में खास बन गई है। एक ओर जहां इस ट्रेन के साथ 8 का मूलांक जुड़ा है वहीं आध्यात्मिक रूप से भी इस ट्रेन का संचालन महत्वपूर्ण है। शनिवार को शिवयोग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान शिव की नगरी (काशी) से शिव के धाम (मतंगेश्वर महादेव मंदिर) यानी खजुराहो जाने वाली ट्रेन को रवाना किया।
मतंगेश्वर महादेव मंदिर खजुराहो में सबसे प्राचीन शिवमंदिर है। यह मंदिर खजुराहो रेलवे स्टेशन से महज एक किलोमीटर की दूरी पर है। यहां 4 फीट ऊंचे चबूतरे पर 10 फीट ऊंचाई वाला शिवलिंग है। बनारस से खजुराहो तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को अभी 8 कोच के साथ चलाया जाएगा, जिसको आगे चलकर यात्रियों की संख्या को देखते हुए बढ़ाया जाएगा। सफर के दौरान यह ट्रेन तीन प्रमुख धार्मिक स्थलों (विंध्याचल, प्रयागराज, चित्रकूटधाम) से होकर गुजरेगी।
काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व सदस्य प्रो. चंद्रमौलि उपाध्याय का कहना है कि ज्योतिषशास्त्र के अनुसार 8 नवंबर शनिवार को शिवयोग है। सुबह 8.05 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई वंदे भारत को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, उस समय शिवयोग है। इसका प्रभाव पूरे दिन भर रहेगा। वंदे भारत का संचालन शिव की नगरी से हो रहा है और यह शिव के धाम तक जाएगी।
हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर तिल भर बढ़ता है खजुराहो मंदिर का शिवलिंग
खजुराहो में मतंगेश्वर महादेव मंदिर भगवान शिव को समर्पित एक प्रसिद्ध मंदिर है। इसको चंदेल शासक चंद्रदेव वर्मन ने 9वीं से 10वीं शताब्दी के बीच बनवाया था। मंदिर अपने विशाल शिवलिंग के लिए जाना जाता है, जिसकी ऊंचाई लगभग 9 फीट है और यह हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर तिल के बराबर बढ़ता है। मान्यता है कि शिवलिंग के नीचे एक मरकत मणि (पन्ना) स्थित है, जिसकी वजह से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।