Varanasi: BJP नेता पशुपति नाथ की हत्या पर पीएम मोदी ने जताया दुख, पत्र में लिखा- रिक्तता पूरी नहीं की जा सकती
पिछले हफ्ते सिगरा के जयप्रकाश नगर कॉलोनी में भाजपा नेता पशुपति नाथ सिंह की बाइक सवार युवकों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पीएम मोदी ने पत्र भेजकर शोक संतप्त परिजनों का ढाढस बंधाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के सिगरा क्षेत्र स्थित जयप्रकाश नगर कॉलोनी में भाजपा नेता पशुपतिनाथ सिंह की हत्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पत्र भेजकर शोक संतप्त परिजनों का ढाढस बंधाया है। पशुपति नाथ सिंह के बेटे रुद्रेश को संबोधित पत्र में पीएम मोदी ने लिखा है कि घटना की जानकारी होने पर अत्यंत दुख हुआ। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं परिवार व शुभचिंतकों के साथ है।
पशुपति नाथ सिंह द्वारा समाज के लिए निस्वार्थ सेवा भाव से किए गए कार्य हमेशा याद किए जाएंगे। परिवार के लिए वह एक मजबूत आधार और प्रेरणा थे। उनके निधन से आपके जीवन में आई रिक्तता की पीड़ा को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उनका देहावसान समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
अबतक 11 आरोपी गिरफ्तार
12 अक्तूबर की देर शाम सिगरा के जयप्रकाश नगर कॉलोनी में भाजपा नेता पशुपति नाथ सिंह की बाइक सवार युवकों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पिता को बचाने आए बेटे राजकुमार को भी पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। शराब पीने से टोकने के विवाद में मनबढ़ युवकों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने 307 नंबर गैंग के सरगना राहुल सरोज समेत चंदुआ छित्तूपुर के रहने वाले 11 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
फरार आरोपियों पर पुलिस घोषित करेगी इनाम
भाजपा नेता पशुपति नाथ सिंह की हत्या में वांछित छह आरोपियों पर पुलिस अब इनाम घोषित करेगी। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने डीसीपी वरुणा को पत्र के जरिए इनाम घोषित करने को निर्देशित किया। हत्या में नामजद 17 आरोपियों में अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
वहीं, फरार नामजद आरोपियों में संदीप गुप्ता, आर्यन उर्फ टमाटर, विशाल राजभर, श्याम बाबू समेत अन्य है। तीन दिन पूर्व सिगरा पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ में राहुल सरोज समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। सिगरा इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि टीमें गिरफ्तारी को लेकर दबिश दे रही हैं।