PM-KISAN 13th Installment: वाराणसी में 2.22 लाख किसानों को मिलेगी 13वीं किस्त, 40 हजार किसान योजना से वंचित
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों के लिए बहुत ही अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जिले 2.22 लाख से ज्यादा किसानों को बैंक खातों में सम्मान निधि की 13वीं किस्त भेजेंगे।
विस्तार
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों के लिए बहुत ही अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जिले 2.22 लाख से ज्यादा किसानों को बैंक खातों में सम्मान निधि की 13वीं किस्त भेजेंगे। इससे किसान उत्साहित हैं। हालांकि, 40 हजार और किसानों का बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक नहीं हो सका है। अगर बैंक खाता लिंक होता तो 2.62 लाख से ज्यादा किसानों को सम्मान निधि मिल सकती थी। उप निदेशक कृषि अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि किसानों की समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है।
बलिया में 1.5 लाख किसान हो सकते हैं किस्त से वंचित
बलिया जिले के 3.07 लाख किसानों ने केवाईसी सत्यापन कराया है। इसके अलवा 1.5 लाख किसानों ने भूलेखों का सत्यापन नहीं कराया है। ऐसे में इनकी किस्त अटक सकती है। किसानों की आर्थिक परेशानी दूर करने के लिए प्रधानमंत्री ने फरवरी 2019 में किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआथ की थी।
योजना से किसानों को लाभान्वित करते हुए सरकार एक वर्ष में तीन बार दो-दो हजार रुपये उनके खातों में भेजती है। योजना के तहत जिले में 4.53 लाख किसानों को यह लाभ दिया जा चुका है और अब तक कुल 12 किस्तें जारी हो चुकी हैं। करीब पांच माह पहले सम्मान निधि पाने वाले किसानों के ई-केवाईसी व भूलेख संबंधी अभिलेखों का सत्यापन कर पूरा ब्योरा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया था।
इसके बाद राजस्व व कृषि विभाग के अधिकारियों की ओर से किसानों के खतौनी आदि सत्यापन करते हुए लैंड सीडिंग की गई। इसमें 18 हजार किसान भूमिहीन मिले जो भूमि नहीं होने के बावजूद किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे थे। इसके अलावा पांच हजार किसान मृतक भी मिले थे। कुल 3.07 लाख किसानों का डाटा अपडेट हो चुका है लेकिन 1.5 लाख किसानों ने अबतक भूलेखों का सत्यापन नहीं कराया है। विभागीय अधिकारी ने बताया कि ऐसे में इन किसानों की किस्त पर ब्रेक लग सकता है।